5 मिनट में पढ़ें 31 अगस्त की बड़ी खबरें...
आधार-पैन लिंक करने की आखिरी तारीख 31 दिसंबर हुई
आयकर विभाग ने लाखों करदाताओं को राहत देते हुए आधार से पैन को लिंक करने
की आखिरी तारीख बढ़ाकर 31 दिसंबर कर दी
है। इससे पहले यह तारीख 31 अगस्त थी।
इसलिए अगर आपने अभी तक PAN
और
आधार को लिंक नहीं किया है,
तो
परेशान होने की जरूरत नहीं है। पिछले महीने ही IT विभाग ने आधार और पैन को लिंक करने की
डेडलाइन बढ़ाई थी, क्योंकि
शिकायतें आई थीं कि बड़ी संख्या में लोगों के नाम इन दोनों में से किसी एक में
गलत छपे हुए हैं, जिससे दोनों
को लिंक करने में दिक्कत आ रही थी। देश में कालेधन पर लगाम लगाने और केन्द्र
सरकार के विकास कार्यक्रमों से चोरी रोकने के लिए पैन-आधार की लिंकिंग को बेहद
जरूरी माना जा रहा है।
निजी क्षेत्र द्वारा तैयार पहले सैटेलाइट की लॉन्चिंग फेल
इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (इसरो) द्वारा गुरुवार शाम 7 बजे अपना
आठवां रीजनल नेविगेशन सैटेलाइट लॉन्च किया गया लेकिन यह सफल नहीं रही। 1,425 किलोग्राम
वजन के सैटेलाइट IRNSS-1H
को
श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन स्पेस सेंटर के दूसरे लॉन्च पैड से PSLV-XL के जरिए छोड़ा गया
था। इसरो चेयरमैन एएस किरन कुमार ने मिशन के फेल होने की घोषणा की। उन्होंने कहा
कि सैटेलाइट हीट शील्ड से अलग नहीं हो पाया। पहली बार सैटेलाइट के असेंबलिंग और
टेस्टिंग में प्राइवेट सेक्टर भी सक्रिय रूप से शामिल किया गया था। इससे पहले
प्राइवेट सेक्टर की भूमिका सिर्फ कल-पुर्जों की सप्लाई तक सीमित थी। इसको बनाने
में 1,420 करोड़ रुपये
की लागत आई है।
मुंबई: भिंडी बाजार में 5 मंजिला इमारत गिरी, 22 की मौत
मुंबई में बारिश के बाद गुरुवार को एक पांच मंजिला इमारत गिर गई। हादसे में
22 लोगों की मौत
हो गई और कई अन्य घायल हो गए। इमारत के मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका
है। हादसा भिंडी बाजार में जेजे जंक्शन पर पाकमोडिया स्ट्रीट पर हुआ। यह इमारत 100 साल पुरानी
है। चश्मदीदों ने बताया कि इमारत सुबह 8 बजे गिरी। सुबह होने के चलते इमारत में काफी लोग मौजूद थे। इसके चलते काफी
नुकसान की आशंका है। हादसे के चलते आसपास की तीन इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निचले माले पर रिनोवेशन के कारण इमारत गिरी। बताया
जा रहा है कि 29 अगस्त को
भारी बारिश के कारण यह इमारत ढह गई। मुंबई में 791 बिल्डिंग ऐसी हैं जो रहने के लिए खतरनाक
हैं। जगह की कमी के चलते लोग इनमें रहने को मजबूर हैं।
अर्थव्यवस्था को झटका, पहली तिमाही में GDP 5.7 पर
जीडीपी ग्रोथ रेट को ऊपर ले जाने के लिए जी-जान से जुटी सरकार के साथ ही
इकोनॉमी के लिए भी बुरी खबर है। वर्तमान वित्त वर्ष 2017-18 की पहली
तिमाही (अप्रैल-जून) में जीडीपी ग्रोथ कम होकर 5.7 फीसदी रह गई है। ये आंकड़े सेंट्रल स्टेटिसटिकस
ऑफिस (सीएसओ) ने जारी किए हैं। इससे पिछली तिमाही में भी ग्रोथ रेट कम हुई थी।
पिछले वित्त वर्ष की इस तिमाही में ग्रोथ रेट 7.9% थी। जीडीपी ग्रोथ कम होने से भारत अब
दुनिया की सबसे तेज ग्रोथ कर रही इकोनॉमी नहीं रह गया है। पिछले साल चीन की ग्रोथ
रेट 6.9 फीसदी रही।
चीन ने अप्रैल-जून तिमाही में भी इस ग्रोथ रेट को बनाए रखा। जानकारों का मानना है
कि 1 जुलाई को
लॉन्च हुए नए टैक्स सिस्टम जीएसटी से पहले चल रही कन्फ्यूजन की स्थिति के कारण
जीडीपी डेटा में गिरावट देखी गई है।
विराट को आउट करने के बाद रोहित ने मलिंगा को बधाई दी
श्रीलंका के खिलाफ चौथे वनडे मैच में विराट कोहली को जब श्रीलंकाई गेंदबाज
लसिथ मलिंगा ने आउट किया तो रोहित शर्मा ने उन्हें गले लगाकर बधाई दी। कोहली के
बाद मैदान में आए हार्दिक पंड्या ने भी उन्हें बंधाई दी। दरअसल मलिंगा ने कोहली को
आउट करने के साथ ही 300 वनडे विकेट
पूरे कर लिए थे, जिसके चलते
उन्हें यह बधाई दी जा रही थी। खेल भावना का सम्मान करते हुए श्रीलंकाई गेंदबाज को
उनकी इस उपलब्धि पर बधाई देने के लिए रोहित शर्मा ने उन्हें गले लगा लिया। इस
दौरान मैदान में मौजूद दर्शक एक बार तो यह देखकर चौंके लेकिन बाद में उन्हें माजरा
समझ में आया। गौरतलब है कि हार्दिक और मलिंगा रोहित की कप्तानी में आईपीएल में
मुंबई इंडियन्स के लिए खेलते हैं।