जिओ कैप्शूल : 5 मिनट में पढ़ें 4 जून की सभी बड़ी ख़बरें
शोपियां में ग्रेनेड हमला, 16 लोग घायल: जम्मू कश्मीर
जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों ने एक और हमले को अंजाम दिया है। राज्य के शोपियां जिले के एक व्यस्त बाजार में ग्रेनेड हमले में चार पुलिसकर्मी समेत कम से कम 16 लोग घायल हो गए हैं। सूत्रों के अनुसार आतंकवादियों ने जिले के बाटापोरा चौक पर ग्रेनेड फेंककर पुलिस दल को निशान बनाने की कोशिश की थी, लेकिन ग्रेनेड अपने लक्ष्य के बजाय सड़क के किनारे गिरा और इसमें विस्फोट हो गया। पुलिस अधिकारी के अनुसार कम से कम 12 नागरिक और चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है। आतंकवादियों ने पिछले सप्ताह सुरक्षाबलों और नेताओं पर कई ग्रेनेड हमले किए थे।
____________________
राजेश साहनी की बेटी की पढ़ाई का खर्च उठाएगी सरकार
पीपीएस अधिकारी स्वर्गीय राजेश साहनी की मौत की जांच सीबीआई को सौंपने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत एएसपी के परिवार पर ध्यान दिया है। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि उनकी बेटी की पढ़ाई का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। यूपी सरकार ने यह भी कहा है कि यदि उनकी पत्नी सरकारी सेवा में आना चाहती हैं तो उन्हें पुलिस महकमें में विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) का पद दिया जाएगा। साथ ही उनके कि परिवार के लिए सरकारी आवास की सुविधा बनी रहेगी। पीपीएस एसोसिएशन ने साहनी के परिवार को सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार से मांग की थी। साहनी की पिछले दिनों एटीएस दफ्तर में मौत हो गई थी। पता चला कि उन्होंने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है, लेकिन इसके बाद मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई, जो अभी शुरू नहीं हुई है।
____________________
14 राज्यों में आंधी-तूफ़ान का अलर्ट
मानसून अब दक्षिण भारत के बाद उत्तरी और मध्य भारत की ओर बढ़ रहा है। इसी कड़ी में मौसम विभाग ने 14 राज्यों में आंधी-तूफ़ान के साथ-साथ तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र (कोंकण और गोवा), तमिल नाडु, तेलंगाना, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में आंधी के साथ तेज बारिश हो सकती है। वहीं, मौसम पूर्वानुमान बताने वाली एक निजी कंपनी 'स्काईमेट' के मुताबिक आठ से दस जून के बीच पश्चिमी तट खासकर मुंबई में भारी बारिश के आसार हैं। जबकि मौसम विभाग ने दस जून के बाद इन इलाकों में बाढ़ की आशंका जाहिर की है। अतः लोगों को घरों के अंदर रहने का सुझाव दिया है।
____________________
शिलॉन्ग में मामूली कहासुनी से भड़का दंगा
मेघालय की राजधानी शिलॉन्ग में बीते गुरुवार को एक पंजाबी महिला और खासी समुदाय से ताल्लुक रखने वाले एक बस कंडक्टर के बीच हुई मामूली सी कहासुनी वहां जातीय संघर्ष में तब्दील हो गया। इस कारण वहां पिछले दो दिनों से कई जगहों पर छिटपुट हिंसा देखने को मिलीं, जिसके बाद वहां कर्फ्यू लगाना पड़ा और इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दिया गया। मुख्यमंत्री संगमा ने बताया कि समस्या एक खास इलाके में एक खास मुद्दे को लेकर हुई। दो समुदाय इसमें शामिल थे, लेकिन यह सांप्रदायिक हिंसा नहीं थी। उन्होंने कहा कि निहित स्वार्थ वाले संगठनों और राज्य से बाहर की मीडिया के एक हिस्से ने शिलॉन्ग में हुई झड़पों को सांप्रदायिक रंग दिया है।
____________________
रोहिंग्याओं पर बड़े एक्शन की तैयारी में केंद्र
रोहिंग्याओं पर रोक लगाने के लिए केंद्र सरकार ने नए निर्देश जारी किए हैं। केंद्र सरकार ने जम्मू कश्मीर समेत अन्य राज्यों को पत्र लिखकर अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्याओं को उनके स्थानों पर ही सीमित रखने के निर्देश जारी किए हैं। सरकार ने रोहिंग्या मुस्लिमों की निजी और बायोमेट्रिक जानकारी भी राज्य सरकारों से मांगी है। सभी राज्य से इनको किसी तरह का पहचान पत्र और आधार कार्ड नहीं जारी करने को कहा गया है। केंद्र ने यह कदम इसलिए उठाया है ताकि इसकी पूरी जानकारी म्यांमार के साथ साझी की जा सके और अवैध रूप से भारत में रह रहे शरणार्थियों को वापिस उनके मुल्क भेजा जा सके।
____________________




