जिओ कैप्शूल: 5 मिनट में पढ़ें 11 जनवरी की सभी बड़ी खबरें

कश्मीर: पीडीपी विधायक ने उग्रवादियों को बताया शहीद, बोले- वे हमारे भाई


जम्मू-कश्मीर में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के विधायक एजाज़ अहमद मीर ने गुरुवार को कश्मीर के उग्रवादियों को 'शहीद' और 'हमारे भाई' कहकर संबोधित किया। इसके साथ ही एजाज़ ने ये भी कहा कि उनकी मौत पर खुशी नहीं मनानी चाहिए। जम्मू में प्रेस से बात करते हुए एजाज़ अहमद मीर ने कहा, 'जो कश्मीरी उग्रवादी शहीद हुए हैं वो हमारे भाई हैं। उनमें से कुछ नाबालिग हैं जो ये भी नहीं जानते कि वे क्या कर रहे हैं।' उन्होंने कहा कि, 'हमें उग्रवादियों की मौत की खुशी नहीं मनानी चाहिए। ये हमारी सामूहिक असफलता है। हमें तब भी दुख होता है जब सुरक्षाबल के जवान शहीद होते हैं। उनके इस बयान पर केन्‍द्रीय मंत्री मुख्‍तार अब्‍बास नकवी ने कहा कि ये जम्‍मू-कश्‍मीर की तरक्‍की के दुश्‍मन किसी के भाई कैसे हो सकते हैं। बीजेपी नेता जफर इस्‍लाम ने कहा कि इस तरह के जो बयान देते हैं लोग उन पर तरस आता है।
_____

'अखिलेश मेरे राजनीतिक दुश्मन, मौका मिला तो छोड़ूंगा नहीं'

राज्यसभा सदस्य और समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव अमर सिंह ने न्यूज18 हिन्दी को दिए गए एक खास इंटरव्यू में उन्होंने अपना मन खोला। उन्होंने कहा कि दो बार दूध का जला हूं, इसलिए सपा से मेरा अब दूर-दूर तक भी कोई संबंध नहीं रहेगा। रहा सवाल अखिलेश यादव का तो वो मेरे राजनीतिक दुश्मन हैं, मौका मिलेगा तो उन्हें छोड़ूंगा नहीं। दोबारा सपा में शामिल होने की संभावना पर उन्होंने कहा, 'इसका तो अब सवाल ही नहीं उठता। जब मेरी तस्वीरों पर पेशाब किया गया, मुझे गाली दी गई। मुझे बाहरी भी कहा गया तो अब गुंजाइश ही कहां बचती है। जब बात घर के अंदर रहती है तो ठीक है, लेकिन बाहर आने पर कोई गुंजाइश नहीं बचती।' अखिलेश के सीएम बनने का आशीर्वाद मांगने पर उन्होंने कहा, 'हरगिज नहीं, उन्हें यशस्वीभव तो बोल सकता हूं, लेकिन विजयीभव नहीं।'
_____

फरीदाबाद: बुखार के इलाज में हॉस्पिटल ने थमाया 18 लाख का बिल


मरीजों से हद से ज्यादा पैसा वसूलने का नया मामला हरियाणा के फरीदाबाद में सामने आया है। यहां पर एक गर्भवती महिला का इलाज चल रहा था। जिसको बुखार की शिकायत थी। इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। आरोप लगाया जा रहा है कि इलाज के एवज में एशियन हॉस्पिटल ने 22 दिन का 18 लाख रुपये का बिल थमाया है। पीड़ित परिवार ने मामले की जांच की मांग की है। मृतक के चाचा ने बताया कि उसे बुखार था लेकिन उसे आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया था। इसके कुछ समय बाद हॉस्पिटल ने कहा कि उसे टाइफाइड है और फिर कहा कि उसके आंत में छेद है। उन्होंने हमें ऑपरेशन के लिए 3 लाख रुपये जमा करने के लिए कहा और कहा कि पूरी रकम जमा होने के बाद यह किया जाएगा। हमने अब तक 10-12 लाख रुपये जमा किए हैं और हॉस्पिटल हमसे 18 लाख रुपये की मांग कर रहा है।
_____

अफजल गुरु के बेटे का कमाल, 12 वीं में लाए 88% अंक


संसद पर हमले के दोषी अफजल गुरु के बेटे गालिब गुरु ने 12वीं की परीक्षा विशेष योग्यता के साथ पास की। परीक्षा का आयोजन जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (बीओएसई) ने करवाया था। परीक्षा के परिणाम गुरूवार को घोषित किए गए। गालिब को परीक्षा में 88 फीसदी अंक प्राप्त हुए। परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाली लड़कियों की संख्या लड़कों के मुकाबले अधिक है। सोशल मीडिया पर 17 वर्षीय गालिब के लिए बधाईयों का तांता लग गया। बारामूला जिले के सोपोर कस्बे में स्थित उसके घर पर दोस्तों और परिजनों की कतारें लग गई। इससे पहले पिछले साल गालिब दसवीं बोर्ड परीक्षा में टॉप कर चुका है।
_____

ICSE और ISC बोर्ड ने बदले पासिंग मार्क्स


काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन CISCE ने एक नोटिस जारी कर बताया कि 12वीं और 10वीं के लिए पासिंग मार्क्स में बदलाव किया है। गुरुवार को जारी हुए नोटिस के मुताबिक 12वीं में पास होने के लिए 35 प्रतिशत मार्क्स चाहिए। इससे पहले पास होने के लिए 40 प्रतिशत मार्क्स की जरूरत होती थी। वहीं कक्षा 10वीं में पास होने के लिए अब सिर्फ 33 प्रतिशत मार्क्स चाहिए होंगे। इससे पहले 10वीं में पास होने के लिए 35 प्रतिशत मार्क्स चाहिए होते थे। CISCE के बोर्ड एग्जाम फरवरी 2018 से शुरू हो रहे हैं।
_____

बीफ व्यापारियों पर हमला बर्दाश्त नहीं: सीएम पर्रिकर

गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर का कहना है लीगल बीफ इम्पोर्ट में दखल देने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। गोवा में मीट व्यापारियों की हड़ताल खत्म होने के अगले दिन पर्रिकर ने यह बात कही। गोवा के मीट व्यापारी, गौरक्षों द्वारा परेशान किए जाने से नाराज हैं। न्यूज 18 हिंदी के मुताबिक बीफ व्यापारियों ने मंगलवार को अपनी चार दिन लंबी हड़ताल वापस ली। पुलिस ने उन्हें आश्वासन दिया है कि बीफ की खरीद-बिक्री के दौरान उन्हें परेशान नहीं किया जाएगा। यहां के ज्यादातर व्यापारी कर्नाटक के बेलगवी से बीफ इम्पोर्ट करते हैं। कर्नाटक से यहां हर रोज 25 टन बीफ लाया जाता है। बता दें कि गौ रक्षा अभियान नाम के एक स्थानीय एनजीओ द्वारा बीफ लाने वाले कई ट्रकों को निशाना बनाने के मामले सामने आए हैं। मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने पत्रकारों से कहा, 'लीगल बीफ इम्पोर्ट में दखलअंदाजी की घटनाओं पर मैं खुद नजर रखूंगा. मेरी कोशिश रहेगी कि ऐसे लोगों को सजा मिले।'
_____

Popular posts from this blog

क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर, भारत और साउथ अफ्रीका की टीम जल्द हो सकती है आमने-सामने

Top stories on 23rd October in a capsule

1 जुलाई की सभी बड़ी खबरें