T20 WC: क्यों टूटा टीम इंडिया का सपना
टी 20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले में भारत को करारी हार (85 रनों से) का सामना करना पड़ा। छठी बार फाइनल खेल रही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने खिताब की रक्षा करते हुए रिकॉर्ड पांचवीं बार विश्व कप अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर 4 विकेट पर 184 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया जिसके जवाब में भारतीय टीम 99 रनों पर ही ढे़र हो गई।
इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने इस मैदान पर अपने जीत के रिकॉर्ड को एक कदम और बढ़ा दिया है। वो यहां पर टॉस जीतने के बाद एक भी मुकाबला नहीं हारी है। भारत को मिली इस दिल तोड़ देने वाली हार के पीछे तीन बड़ी वजह रहीं।
कैच नहीं विश्व कप ड्रॉप हुआ
शुरुआती ओवर की पांचवीं गेंद पर विश्व कप की खोज कही जाने वाली शेफाली वर्मा ने विरोधी टीम की सबसे मजबूत खिलाड़ी एलिसा हिली का कैच छोड़ दिया। पहले ओवर में ही मिले इस जीवनदान का हिली ने भरपूर फायदा उठाया और इस अहम मुकाबले में महज 30 गेंद में अर्द्धशतक ठोक टीम को तूफानी शुरूआत दे दी। हिली ने 39 गेंद में पांच छक्के और 7 चौकों की मदद से 39 गेंद में 75 रनों की पारी खेल टीम के बड़े स्कोर की नींव रख दी।
शेफाली के बाद चौथे ओवर में राजेश्वरी गायकवाड़ ने दूसरी सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी का आसान कैच ड्रॉप करते ही विश्व कप जीतने की उम्मीदों को भी ड्रॉप कर दिया। टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुनी गईं मूनी ने भी जीवनदान का फायदा उठाया और 54 गेंदों में 78 रनों की नाबाद पारी खेल टीम को 184 तक पहुंचा दिया, उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके लगाए।
नहीं चले स्पिनर
पूरे विश्व कप में भारतीय स्पिनरों का जलवा रहा, उनसे फाइनल में भी शानदार गेंदबाजी की उम्मीद की जा रही थी लेकिन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने उन्हें पांव जमाने का मौका ही नहीं दिया। स्पिनरों के साथ-साथ शिखा पांडे भी काफीं महंगी साबति हुई। किसी भी गेंदबाज की इकॉनमी 7 से कम नहीं रही।
नहीं चला शेफाली का बल्ला
सबसे कम उम्र में विश्व कप फाइनल खेलने का रिकॉर्ड बनाने वाली शेफाली के लिए आज का दिन खास नहीं रहा। उनसे टीम को एक तूफानी पारी की उम्मीद थी लेकिन कैच ड्रॉप करने के बाद वो बल्ले से इसकी भरपाई नहीं कर पाईं,टी20 की नंबर वन बल्लेबाज महज दो रन ही बना सकी। बड़े स्कोर के सामने शेफाली के आउट होते ही दूसरे बल्लेबाज भी दबाव में आ गए और पावरप्ले के अंदर ही पांच बल्लेबाज(एक रिटायर्ड हर्ट के साथ) पवेलियन लौट गए।
(तस्वीर - आईसीसी ट्विटर हैंडल से साभार)

Comments
Post a Comment