जारी मैच के दौरान इंग्लैंड ने रद्द कर दिया श्रीलंका का दौरा
कोरोना वायरस के कारण इस वक्त पूरी दुनिया में उथल पुथल मची हुई है। हर देश, हर शहर रुकता जा रहा है। हजारों लोगों की मौत हो चुकी है जबकि लाखों लोग इससे संक्रमित बताए जा रहे हैं। कोरोना के लगातार बढ़ते जा रहे प्रकोप के बीच इंग्लैंड ने श्रीलंका दौरे पर जाने का फैसला किया लेकिन अंत में अब उसे अपने फैसले से पलटना पड़ा है।
दुनिया के बड़े देशों ने कई खेलों के आयोजन को या तो रद्द कर दिए हैं या फिर उनकी तारीख आगे बढ़ा दी है। भारत में भी आईपीएल को लेकर काफी असमंजस की स्थिति थी और अंत में तारीख को आगे बढ़ाने का फैसला किया गया। इन सबके बीच इंग्लैंड ने श्रीलंका दौरा जारी ही रखा।
लेकिन अब अचानक दौरे के बीच में इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड(ईसीबी) ने अपने खिलाड़ियों को वापस बुलाने का फैसला कर लिया है। दोनों ही देशों के बीच 19 मार्च से दो मैचों की टेस्ट सीरीज होनी थी और इसके लिए इंग्लैंड की टीम प्रैक्टिस मुकाबला भी खेल रही थी।
गुरुवार को जब ईसीबी ने खिलाड़ियों को दौरे से वापस बुलाने का फैसला किया उस वक्त इंग्लैंड के खिलाड़ी मैदान पर ही थे। बोर्ड का फैसला आने के कुछ देर बाद अंग्रेज खिलाड़ी मैदान से बाहर चले गए और 15 मार्च को खत्म होने वाला मुकाबला पहले ही ड्रॉ घोषित कर दिया गया।
दोनों ही बोर्ड ने सीरीज को रद्द नहीं किया गया है और जल्द ही नई तारीख का एलान कर सकते हैं।

Comments
Post a Comment