5 मार्च की सभी बड़ी खबरें
निर्भया केस: 23 मार्च को सुनवाई लेकिन 20 को नहीं रुकेगी फांसी
निर्भया गैंगरेप केस में दिल्ली की पटियाला कोर्ट ने चारों दोषियों को 20 मार्च सुबह 5.30 बजे फांसी देने के लिए डेथ वारंट जारी कर दिया है। इस बीच केंद्र सरकार की दोषियों को अलग-अलग फांसी देने की इजाजत मांगने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने 23 मार्च तक सुनवाई टाल दी है। फांसी के 3 दिन बाद होने वाली सुनवाई की खबर सामने आने के बाद एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं कि क्या फांसी फिर से टलने जा रही है? यहां गौर करने वाली बात यह है कि सुप्रीम कोर्ट ने पिछली सुनवाई में साफ कर दिया था कि सर्वोच्च न्यायलय में लंबित पड़े मामले की सुनवाई का ट्रायल कोर्ट के किसी आदेश पर कोई असर नहीं पड़ेगा। मतलब अगर ट्रायल कोर्ट डेथ वारंट जारी करती है तो उस पर कोई रोक नहीं लगेगी।
**********************
कोरोना से दहशत : प्राइमरी स्कूल में छुट्टी घोषित, लखनऊ में मांस की बिक्री पर रोक
भारत में तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस से लोग दहशत में है। अब तक 30 लोगों को शिकार बना चुके कोरोना ने देश में उथल-पुथल मचा दी है। दिल्ली सरकार ने बीमारी की गंभीरता को देखते हुए 31 मार्च तक सभी प्राथमिक स्कूलों को बंद करने का निर्देश जारी किया है। वहीं, लखनऊ में खुले में बिक रहे मांस और अंडों की बिक्री भी बंद किए जाने की खबर है। पिछले 3 दिनों में कोरोना वायरस के मामले जयपुर, दिल्ली, आगरा, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, रांची और गया से सामने आए हैं। इधर, पीएम मोदी, अमित शाह समेत कई नेताओं ने होली मिलन समारोह में शामिल होने से भी मना किया है। बता दें कि दुनियाभर में कोरोना से 3 हजार लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 90 हजार से ज्यादा संक्रमण के मामले सामने आए हैं।
**********************
कोरोना वायरस से डरे डोनाल्ड ट्रंप, एक हफ्ते नहीं छुआ अपना चेहरा
कोरोना वायरस को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपना डर जाहिर किया है। संक्रमण से बचने के लिए उन्होंने एतिहातन अपना चेहरा एक हफ्ते से नहीं छुआ है और वह ऐसा करना मिस कर रहे हैं। अपने इस बयान के बाद से ट्रंप काफी ट्रोल हो गए। ट्रोलरों ने ट्रंप की पिछले कुछ सप्ताह के दौरान ली गई उन तस्वीरों को पोस्ट करना शुरू कर दिया है, जिसमें वह अपने चेहरे को छूते हुए नजर आ रहे हैं। बता दें कि कोरोना होने की संभावना को कम करने के तरीके के रूप में यूएस सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDS) ने लोगों से अनुरोध किया है कि वह अपने आंख, नाक व मुंह का न छूएं।
**********************
विश्व कप फाइनल में भारत के सामने होगी ऑस्ट्रेलिया की चुनौती
टी20 विश्व कप के फाइनल में भारत के सामने चार बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया की टीम होगी। बारिश से बाधित दूसरे सेमीफाइनल में मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका को 5 रनों से हरा दिया। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 134 रन बनाए। दूसरी पारी शुरू होने से पहले हुई तेज बारिश के कारण साउथ अफ्रीका को 13 ओवर में 98 रनों का लक्ष्य दिया गया लेकिन अंत में टीम 92 रन ही बना सकी। इससे पहले भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया पहला सेमीफाइनल बारिश के कारण धुल गया। लीग राउंड में सभी मुकाबले जीत कर टॉप पर रहने वाली भारत को पहली बार फाइनल में खेलने का मौका मिला। डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया रिकॉर्ड छठी बार फाइनल में पहुंची है।
**********************
प्रॉपर्टी विवाद को लेकर शेखर कपूर पर पूर्व पत्नी ने किया केस दर्ज
बॉलीवुड डायरेक्टर शेखर कपूर की पूर्व पत्नी सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने प्रॉपर्टी विवाद में उन पर केस दर्ज किया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सुचित्रा का दावा है कि इस प्रॉपर्टी में एक्टर कबीर बेदी ने कब्जा किया है। रिपोर्ट की मानें तो सुचित्रा ने कहा है कि ये प्रॉपर्टी उनकी बेटी कावेरी की है और इस प्रॉपर्टी को कबीर बेदी इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में अब उनके पास केस दर्ज कराने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा था। आपको बता दें कि शेखर और सुचित्रा का तलाक 2006 में हो गया था, लेकिन प्रॉपर्टी विवाद अभी भी बाकी है।
**********************
कोरोना वायरस के चलते सलमान खान ने कैंसिल की ‘राधे’ की शूटिंग
बीटाउन में भी कोरोना वायरस की चर्चा है। ऐसे में बॉलीवुड सितारे भी इससे बचने के सभी मुमकिन प्रयास कर रहे हैं। वहीं सलमान खान ने भी अपकमिंग फिल्म ‘राधे’ का थाईलैंड शूट कैंसिल कर दिया है। खबरों की मानें, तो सलमान खान को ‘राधे’ के लिए थाईलैंड में शूट करना था, लेकिन कोरोना के कहर से वो कोई रिस्क नहीं लेना चाहते। इसलिए फिलहाल शूट होने वाले सीक्वेंस की शूटिंग मुंबई में होगी। हालांकि, थाईलैंड शूटिंग कैंसिल होने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
**********************






Comments
Post a Comment