4 दिसंबर की सभी बड़ी खबरें
पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम को मिली जमानत, लेकिन लगी है ये रोक
INX मीडिया मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम को राहत मिली है। चिदंबरम को 107 दिन जेल की सजा काटने के बाद सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई है। इसी के साथ कोर्ट ने चिदंबरम पर कुछ रोक लगाई है। वह बिना कोर्ट की अनुमति के भारत के बाहर यात्रा नहीं कर सकते हैं। साथ ही कोर्ट ने उन्हें मीडिया में बयानबाजी करने से भी मना किया है। चिदंबरम के बेटे कार्ति ने मीडिया को बताया कि वह गुरुवार को होने वाले संसद सत्र में भाग ले सकते हैं। साथ ही कार्ति कहते हैं, 'मुझे खुशी है कि पिताजी घर लौट रहे हैं वह इस मामले में राजनीति का निशाना बने थे।'
***************
बर्फीले तूफान की चपेट में आने से 3 जवान शहीद
जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर देश के जवान बर्फीले तूफान की चपेट में आ गए। कुपवाड़ा जिले में मंगलवार को हुए हिमस्खलन में 3 जवान शहीद हो गए। कश्मीर के कुपवाड़ा और बांदीपोरा जिलों में आए बर्फीले बवंडर के बाद कई जवान लापता हैं। बता दें, इससे पहले सियाचिन ग्लेशियर में हुए हिमस्खलन की घटनाओं के बाद भी 4 जवान शहीद हुए थे।
***************
अपना अलग डिजिटल साम्राज्य चला रहा है दुष्कर्म आरोपी नित्यानंद
देश छोड़ भागने वाला बाबा नित्यानंद स्वघोषित हिंदू राष्ट्र 'कैलासा' का मुखिया बना हुआ है। दुष्कर्म और अपहरण जैसे मामलों में फरार नित्यानंद के इस देश की वेबसाइट भी है। जहां हिंदुत्व के बढ़ावे की बात करते हुए लिखा है 'यह देश अपना अधिकार खो चुके हिंदुओं के लिए है'। नित्यानंद द्वारा बनाए गए इस हिंदू साम्राज्य में मंत्रालय, चैनल, झंडा, सरकारी डिपार्टमेंट समेत सबकुछ है। फिलहाल भगोड़े बाबा नित्यानंद के इस साम्राज्य का पता नहीं लगा है कि ये किस कोने में है। कैलासा की वेबसाइट और बहुत सी अहम जानकारियां मौजूद है।
***************
कोहली ने फिर तोडा 'विराट' रिकॉर्ड, स्मिथ को पछाड़ते हुए बने नंबर 1 टेस्ट बल्लेबाज
भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने एक बार फिर रिकॉर्ड तोडा है। कोहली स्टीव स्मिथ को पीछे छोड़ते हुए नंबर 1 टेस्ट बल्लेबाज बन गए हैं। ICC टेस्ट रैंकिंग में कोहली के 928 रेटिंग प्वाइंट है जबकि स्मिथ के 923 रेटिंग प्वाइंट रिकॉर्ड हैं। विराट का यह रिकॉर्ड बांग्लादेश के खिलाफ डे-नाइट टेस्ट में शतक बनाने के बाद दर्ज हुआ है।
***************
मशहूर गणितज्ञ वशिष्ठ नारायण सिंह पर बनेगी बायोपिक
आइंस्टाइन को चुनौती देने वाले मशहूर गणितज्ञ वशिष्ठ नारायण सिंह पर बायोपिक बनने वाली है। डायरेक्टर नीरज पाठक के अनुसार वशिष्ठ नारायण के रोल में अक्षय कुमार, आमिर खान, अभिषेक बच्चन और ऋतिक रोशन के नाम पर चर्चा चल रही है। फिल्म को एक्सेल इंटरटेनमेंट प्रोड्यूस करेगी। फिल्म में वशिष्ठ नारायण के जीवन को दर्शाया जाएगा। फिल्म में वशिष्ठ नारायण के परिवार के सदस्य भी शामिल होंगे। बता दें कि वशिष्ठ नारायण सिंह का निधन 14 नवंबर को हुआ था।





Comments
Post a Comment