19 दिसंबर की सभी बड़ी खबरें
...आगजनी, पत्थरबाजी और हिंसक प्रदर्शन, CAA के विरोध में जल उठा देश
नागरिकता कानून के खिलाफ देश के कोने-कोने में विरोध प्रदर्शन जारी है। यूपी में राजधानी लखनऊ समेत कई जगहों पर धारा 144 लागू होने के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस चौकी और गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। विरोध-प्रदर्शन के बीच पत्थरबाजी की घटना भी हुई जिसमें कई लोगों के साथ पुलिस अधिकारी जख्मी हो गए। वहीं, दिल्ली में भी जमकर विरोध हो रहा है, जिसकी वजह से करीब 20 मेट्रो स्टेशन बंद करने पड़े। कई इलाकों में नेटबंदी भी हुई। शहर की शांति भंग होने के साथ यातायात व्यवस्था भी ठप हो गई। दिल्ली से सटे गुरुग्राम में विरोध प्रदर्शन के कारण नेशनल हाईवे 8 पर लंबा जाम लग गया। इसके कारण दिल्ली एयरपोर्ट से 16 फ्लाइट लेट हुई। वहीं इंडिगो ने 19 फ्लाइट कैंसिल कर दी है। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया। हैदराबाद, चेन्नई, बैंगलुरू और चंडीगढ़ में भी विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।
***************
सुब्रमण्यम बोले, पाकिस्तान में उत्पीड़न झेल रहे मुशर्रफ चाहें तो ले सकते हैं भारत की नागरिकता
पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के मौत की सजा के ऐलान के बाद बीजेपी सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने उन्हें भारत की नागरिकता देने के लिए कहा है। स्वामी का कहना है कि परवेज दिल्ली के दरियागंज के रहने वाले हैं, उन्हें पाकिस्तान में उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। हम मुशर्रफ को फास्ट्रैक के आधार पर भारत की नागरिकता दे सकते हैं। बीजेपी नेता स्वामी ने ट्वीट में ये भी कहा कि, हिंदु वंशज मानने वाले सभी लोग नए नागरिकता संशोधन कानून के लिए योग्य हैं और उन्हें नागरिकता दी जाए।
***************
दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने आज से राजधानी में फ्री वाई-फाई योजना की शुरूआत की है। मगर यह संयोग ही है कि आज राजधानी के कई इलाकों में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के मद्दे नजर इंटरनेट पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। जिसे लेकर केजरीवाल ने कहा कि ये विरोधाभास ही है कि आज के दिन ही दिल्ली में अधिकारियों ने इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी है। लोगों के विरोध-प्रदर्शनों पर केजरीवाल ने कहा कि देश के लोग डरे हुए हैं क्योंकि 70 लोगों के पास अपनी नागरिकता को साबित करने के लिए दस्तावेज नही हैं।
***************
IPL इतिहास के सबसे महंगे गेंदबाज बने पैट कमिंस, 15.5 करोड़ में बिके
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 13वें सीजन के लिए हुई नीलामी में पैट कमिंस इस साल के पहले और इतिहास के दूसरे महंगे खिलाडी बन गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज कमिंस को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 15.50 करोड़ रुपये में खरीदा है। बता दें, साल 2015 के आईपीएल में युवराज सिंह को दिल्ली ने 16 करोड़ रुपये में खरीदा था। कमिंस के लिए दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच चली टक्कर में KKR ने बाजी मार ली। कमिंस आईपीएल इतिहास में सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने हैं।
***************
छपाक का प्रमोशन करने दिल्ली नहीं आएंगी दीपिका पादुकोण
दीपिका पादुकोण अपनी आगामी फिल्म छपाक का प्रमोशन करने दिल्ली नहीं आएंगी। दीपिका और फिल्म की निर्देशक मेघना गुलजार ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि दिल्ली में हो रहे विरोध-प्रदर्शन और हिंसक घटनाओं को देखते हुए वह फिल्म प्रमोशन करने नहीं आएंगी। गौरतलब है कि दीपिका इन दिनों टेलीविजन और रियलिटी शो में फिल्म का प्रमोशन करते हुए नजर रही हैं। हाल ही में दीपिका टीवी पर कपिल शर्मा के शो में फिल्म का प्रमोशन करते हुए नजर आई थीं। बता दें कि दीपिका इस फिल्म में सिर्फ अभिनेत्री नहीं बल्कि पहली बार छपाक के जरिए वह प्रोड्यूसर भी बन रही हैं।
***************




Comments
Post a Comment