उत्तर प्रदेश
यूपी के बरेली में गुरु और शिष्य के संबंध को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर ने कोचिंग पढ़ने वाली 10वीं की छात्रा को धमकी देकर कई महीनों तक दुष्कर्म किया। परिजनों को मालूम तब हुआ जब लड़की की तबियत बिगड़ने पर पता चला कि वह 7 महीने की गर्भवती है। पीडि़त परिवार की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ पाक्सो समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश के इंदौर में 15 वर्षीय लड़की अपने ही चचेरे भाई से दो बार हवस का शिकार हुई है। उसकी प्रारंभिक मेडिकल रिपोर्ट में पता चला कि वह 5 महीने की गर्भवती है। पीड़िता इतनी डरी हुई थी कि लोग उसे मंदबुद्धि समझने लगे। करीब 12 घंटे चली काउंसलिंग के बाद उसने अपने साथ हुए दुष्कर्म के बारे में बताया।
छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ के कोंडा गांव जिले में पानी से भरे गड्ढे में एक मासूम बच्ची के शव मिलने से इलाके के लोग सकते में आ गये हैं। खबरों के मुताबिक बच्ची चार दिन से अपने घर से लापता थी। पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टर ने बलात्कार के बाद हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव की पहचान कर परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरु कर दी है। बच्ची के परिजनों सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की जा सकती है।
बिहार
बिहार के आरा में एक दलित नाबालिक बच्ची के साथ रेप किया गया। जानकारी के मुताबिक जेल से जमानत पर निकले अपराधी ने इस घटना को अंजाम दिया। पीड़िता ने बताया कि रात में बिजली नहीं रहने के कारण वो अपने घर के दरवाजे पर बैठी थी तभी गांव के ही दबंग ने उसे हथियार के बल पर जबरन उठाया और खेत में ले गया। परिजनों ने घटना की सूचना नगर थाना को दी जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दिल्ली
दिल्ली के बुराड़ी में बिहार की मासूम के साथ रेप का मामला सामने आया है। 13 साल की किशोरी का अपहरण कर चलती कार में रेप कर झड़ौदा इलाके में फेंक दिया। घर पहुंचकर पीड़िता ने घटना के बारे में परिजनों को बताया। मेडिकल जांच में बलात्कार की पुष्टि होने पर पुलिस ने दुष्कर्म, अपहरण और पोक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार पीड़िता के बयानों में विरोधाभास होने से आरोपियों तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है।
हरियाणा
हरियाणा के कैथल में एक पुलिसकर्मी ने महिला के साथ कई बार बलात्कार किया। साथ ही पीड़िता की नाबालिग बेटी के साथ छेड़खानी भी की। हालांकि आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। महिला किसी मामले को लेकर थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई थी। तब से पुलिसकर्मी उसके घर आने लगा और पिछले दो सालों में कई बार बलात्कार किया। विरोध जताने पर पुलिसकर्मी ने मामले में फंसाने की धमकी दे डाली। शिकायत के बाद मामले की छानबीन चल रही है।