जिओ कैप्शूल : 5 मिनट में पढ़ें 9 अप्रैल की सभी बड़ी खबरें







यूपी में भगवा कपड़ों में हुई अंबेडकर की मूर्ति



वर्तमान में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर सियासत जारी है। जहां एक ओर अंबेडकर की मूर्तियां तोड़ी जा रही हैं वहीं दूसरी तरफ अंबेडकर के नाम में पहले उनके पिता रामजी का जुड़ना और फिर सबसे दिलचस्प उनकी मूर्तियों को भगवामय करना। बदायूं जिले के दुगरैया गांव में शुक्रवार की रात तोड़ी गई साहब की नई प्रतिमा नीले रंग की जगह भगवा रंग की लगाई गई। रविवार को समाज के लोगों व पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में इस भगवामय मूर्ति का अनावरण किया गया। इतिहास में पहली बार बाबा साहेब की मूर्तियां नीले रंग के कोट के बजाय गेरुआ रंग में हो गयी हैं। हालांकि इस नए रंग को देखकर विरोधियों में खलबली मच गयी है। 




____________________


कॉमनवेल्थ गेम्स में पांचवें दिन भारत का 'सुनहरा' दबदबा 


21वें कॉमनवेल्थ गेम्स में पांचवें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। भारत की झोली में चार गोल्ड आया। सोमवार की सुबह निशानेबाजी में जीतू राय ने और उसके बाद टेबल टेनिस की पुरुष टीम ने नाइजीरिया को 3-0 से हराकर गोल्ड जीता। वहीं स्टार महिला बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल के साथ भारतीय बैडमिंटन मिक्स्ड टीम ने मलेशिया को 3-1 से हराकर कॉमनवेल्थ के इतिहास में पहली बार गोल्ड मेडल जीता है। इस गोल्ड के साथ भारत के नाम कुल 19 मेडल हो गए हैं, जिसमें 10 गोल्ड, 4 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज मेडल शामिल है। सोमवार का दिन भारत के लिए बेहद खास रहा। इस दिन भारत ने 3 गोल्ड, 2 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। 


____________________


छत्तीसगढ़: सुरक्षाबलों के वाहन में धमाका, 2 जवान शहीद 


छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पुलिस वाहन को निशाना बनाकर आईडी ब्लास्ट किया गया। जिसमें दो जवानों की मौत हो और पांच जवान गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। इसकी जानकारी छत्तीसगढ़ के एंटी नक्सल ऑपरेशन के स्पेशल डीजी डी.एम अवस्थी ने दी है। सूत्रों के मुताबिक नक्सलियों और सीआरपीएफ की 85 बटालियन के बीच गोलीबारी भी हुई। इससे पहले सुकमा में नक्सलियों ने लैंडमाइन के जरिए हुए हमले में सीआरपीएफ के 9 जवान शहीद हो गए थे। गौरतलब है कि अंबेडकर जंयती (14अप्रैल) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। पीएम मोदी बीजापुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ ही जनसभा को भी संबोधित करेंगे। 



____________________

रेप पीड़िता के पिता की मौत से भाजपा विधायक की मुश्किलें बढ़ी 


उत्तर प्रदेश के भाजपा विधायक कुलदीप सिंह की मुश्किलें और भी बढ़ गई हैं। जब मारपीट केस में जेल में बंद पीड़िता के पिता सुरेंद्र सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही मारपीट करने वाले चार आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता ने रविवार को सेंगर और उनके सहयोगियों पर बलात्कार का आरोप लगाते हुए लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास के सामने आत्महत्या करने की कोशिश की थी। उसके बाद उन्नाव पुलिस ने उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने निशाना साधते हुए कहा है कि यह 'एनकाउंटर सरकार' का खौफ है कि अपराधियों के बजाय नारी-आतंकित हो रही है। 



____________________

कांग्रेस के अनशन को बीजेपी ने बताया फास्ट ट्रैक राजनीति 


कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दिल्ली स्थित राज घाट में दलित हिंसा, केंद्र सरकारी की नाकामी और संसद की कार्यवाही ठप्प होने के खिलाफ राष्ट्रव्यापी ‘अनशन’ कर रहे हैं। राज घाट पर उपवास कार्यक्रम में दिल्ली कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन समेत कई अन्य नेता भी शामिल हैं। इस उपवास पर राजनीति गर्म हो गई है। बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने जमकर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी फास्ट नहीं कर रहे बल्कि समाज को बांटकर फास्ट ट्रैक राजनीति करना चाहते हैं। गौरतलब है कि राहुल गांधी और कांग्रेस का यह उपवास बीजेपी के उपवास के तीन दिन पहले हुआ। बीजेपी से सभी सांसद 12 अप्रैल को उपवास रखेंगे। 


____________________


क्या तीसरे विकल्प से बिहार की राजनीति को मिलेगी नई दिशा 


बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान की बढ़ती नजदीकियां सूबे की राजनीति में कई इशारे कर रही है। बिहार में माहौल खराब होने पर नीतीश ने साफ कर दिया है कि वो सांप्रदायिक ताकतों से समझौता नही करेंगे। हाल ही में दोनों नेताओं ने सांप्रदायिक और दलित हिंसा के खिलाफ बयान दिया। केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा भी एनडीए में अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। बाबा साहब की जयंती पर सीएम नीतीश, राम विलास पासवान और उपेंद्र कुशवाहा एक साथ मंच साझा करेंगे। गौरतलब है कि पासवान और कुशवाहा एनडीए सरकार में मंत्री हैं। ऐसे में अटकलें लग रही हैं कि क्या नीतीश कुमार किसी तीसरे विकल्प की तलाश कर रहे हैं। 



____________________





Popular posts from this blog

जिओ कॅप्सूल : ५ मिनटात वाचा ठळक बातम्या थोडक्यात

Top stories on 23rd October in a capsule