जिओ कैप्शूल : 5 मिनट में पढ़ें 3 अप्रैल की सभी बड़ी खबरें
भारत बंद: बेकाबू भीड़ ने विधायक का घर फूंका, लगा कर्फ्यू
राजस्थान में करौली के हिंडौनसिटी में बेकाबू भीड़ ने पूर्व मंत्री और बीजेपी विधायक के घर को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद कस्बे में कर्फ्यू लगा दिया गया। मामला एससी-एसटी एक्ट पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर सोमवार भारत बंद से जुड़ा है। उपद्रव के विरोध में सर्व समाज की ओर से मंगलवार को बवाल हो गया। इस दौरान पुलिस ने भीड़ पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े। जिसके बाद भड़के लोगों ने घर को आग के हवाले कर दिया। करौली जिला कलेक्टर अभिमन्यु कुमार ने बताया कि लगभग पांच हजार लोगों की उग्र भीड़ ने वर्तमान भाजपा विधायक राजकुमारी जाटव और कांग्रेस के पूर्व मंत्री भरोसी लाल जाटव के घर में आग लगा दी।
____________________
इराक में मारे गए भारतीयों के परिवारों को मिलेंगे 10-10 लाख रुपए
इराक के मोसुल में आईएस के आतंकियों द्वारा मारे गए 39 भारतीयों में से 38 के शव अवशेष सोमवार को भारत वापस लाये गए और उनके परिवारजनों को सौंप दिया गया। इसी बीच केंद्र सरकार ने इराक में मारे गए भारतीयों के परिवारों को 10-10 लाख मुआवजा देने का ऐलान किया है। इससे पहले पंजाब के सांस्कृतिक और पर्यटन मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने इराक में मारे गए 39 भारतीयों में से पंजाब के 27 लोगों के पीड़ित परिवारों को 5-5 लाख रुपए देने का ऐलान किया था। इसके साथ ही प्रत्येक परिवार से एक व्यक्ति को नौकरी और 20,000 रूपए पेंशन दी जाने की बात भी कही थी।
____________________
बिना सहमति के पत्नी के साथ संबंध बनाना रेप नहीं: गुजरात हाईकोर्ट
रेप के मामले में पिछले दो दिनों में दो राज्यों की हाईकोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। जहां रविवार को बॉम्बे हाईकोर्ट ने दो लड़के और लड़कियों की सहमति से बनाये गए सम्बन्ध अवैध नहीं हैं। वहीं मंगलवार को गुजरात हाईकोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। जिसमें पति और पत्नी के साथ किया गया सेक्स 'रेप' नहीं होगा। हालांकि गुजरात न्यायालय ने कहा कि साथी के साथ अप्राकृतिक संबंध बनाने को क्रूरता की श्रेणी में रखा जाएगा। ज्ञात है कि एक महिला डॉक्टर ने शारीरिक शोषण का आरोप लगते हुए अपने पति पर रेप का केस किया था। जिसको ख़ारिज करने की मांग को लेकर उसका पति हाईकोर्ट पहुंच गया था। जहां कोर्ट ने उसे सभी आरोपों से बरी कर दिया।
____________________
केंद्र सरकार का यू-टर्न, पीएम मोदी ने स्मृति ईरानी का फैसला पलटा
भारत सरकार ने फेक न्यूज का प्रचार-प्रसार करने पर पत्रकारों की मान्यता को स्थाई तौर पर खत्म करने वाली प्रेस रिलीज को वापस लेने का फैसला लिया है। मंगलवार को फेक न्यूज को लेकर सोमवार को सूचना प्रसारण मंत्रालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति को वापस लेने का निर्देश दिया था। जारी होने के घंटों बाद ही पीएम मोदी ने इसे वापस लेने का निर्देश देते हुए मामलों की सुनवाई प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) ही करेगा। सोशल मीडिया पर पत्रकारों के विरोध के बाद पीएम ने मंत्रालय के द्वारा जारी इस गाइडलाइंस को वापस लेने का निर्णय लिया।
____________________
सीबीएसई दोबारा नहीं लेगा 10वीं की गणित का पेपर
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बोर्ड के परीक्षार्थियों के हित में फैसला सुनाया है। 10वीं गणित की परीक्षा अब देश के किसी भी हिस्से में आयोजित नहीं की जाएगी। सीबीएसई ने उत्तरपत्रिका के मूल्यांकन और विश्लेषण करने के बाद यह फैसला लिया है। गौरतलब है कि10वीं बोर्ड की गणित और 12वीं की अर्थशास्त्र की परीक्षा पेपर लीक के कारण रद्द कर दी गई थी। बोर्ड ने पहले 12वीं अर्थशास्त्र की दोबारा परीक्षा की तारीख जारी कर दी है और यह परीक्षा 25 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। इस घोषणा के समय बोर्ड ने 10वीं के गणित को लेकर जल्द फैसला लेने और वापस परीक्षा नहीं करवाने के संकेत दिए थे। सोशल मीडिया पर यह परीक्षा 30 अप्रैल को होने की बात कही जा रही थी। बाद में बोर्ड ने अधिसूचना जारी कर स्पष्ट कर दिया था कि वह एक फर्जी पत्र है।
____________________
RSS के ताकतवर नेता राकेश सिन्हा को उठा ले गई पुलिस
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) नेता राकेश सिन्हा को सोमवार को पुलिस गलतफहमी में उठा ले गई। नोएडा पुलिस ने आरएसएस नेता को फिल्म सिटी इलाके से हिरासत में लिया। दरअसल 'भारत बंद' को देखते हुए पुलिस ने उन्हें दलित प्रदर्शनकारी समझकर हिरासत में ले लिया था। सिन्हा ने बताया कि वो एक टीवी चैनल के पैनल डिस्कशन में हिस्सा लेने के लिए जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान पुलिस वालों ने गंदी भाषा का इस्तेमाल करते हुए धमकी भी दी। जब मैंने हिरासत करने का कारण पूछा तो पुलिस ने मुझे जाने को कह दिया।
____________________





