भारतीय नौसेना को मिली आईएनएस 'करंज', नहीं आएगी रेडार की पकड़ में
भारतीय नौसेना में बुधवार को स्कॉर्पीन श्रेणी की नई पनडुब्बी आईएनएस 'करंज' शामिल हो गई। नौसेना प्रमुख सुनील लांबा ने मुंबई के मझगांव डॉक पर इस स्वदेशी पनडुब्बी को लॉन्च किया। यह नई पनडुब्बी हिंद महासागर में चीन और पाकिस्तान की बढ़ती ताकत को देखते हुए खासी अहम मानी जा रही है। आईएनएस कलवरी और खांदेरी के बाद आईएनएस 'करंज' को भी मेक इन इंडिया के तहत पूरी तरह भारत में बनाया गया है। यह स्कॉर्पीन पनडुब्बी लेटेस्ट स्टेल्थ टेकनीक से लैस है। इसके साथ ही इसमें अडवांस्ड एकाउस्टिक साइलेंसिग टेकनीक लगी, जिससे यह बेहद धीमी आवाज़ में सूचनाएं भेज सकती है। इन बेहतरीन तकनीकों की मदद से यह पनडुब्बी लंबे समय तक दुश्मन की नजरों से छिपी रह कर अभियान चला सकती है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि 'करंज' किसी भी रेडार की पकड़ में नहीं आएगी।
_______
8 माह की मासूम से रेप: सुप्रीम कोर्ट चिंतित, एम्स से भेजे डॉक्टर
राजधानी दिल्ली में 8 महीने की बच्ची से रेप के मामले पर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने चिंता वयक्त की है। कोर्ट ने इस मामले में अतरिक्त सॉलिसिटर जनरल की मदद मांगी है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा, 'हम बच्ची को लेकर बेहद चितिंत हैं।' कोर्ट ने निर्देश दिया कि एम्स के दो विशेषज्ञ डॉक्टर उस अस्पताल जाकर बच्ची को देखें। कोर्ट ने कहा, 'डॉक्टर वहां एम्बुलेंस लेकर जाए और जरूरी लगे तो उसे तुरंत एम्स लेकर आएं।' सुप्रीम कोर्ट ने इन डॉक्टरों से गुरुवार को अपनी रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने इस मामले में दिल्ली लीगल सर्विसेज को भी मदद देने को कहा है। बता दें कि दिल्ली के शकूरबस्ती इलाके से दो दिन पहले आठ महीने की एक बच्ची के यौन शोषण का मामला सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने बच्ची के 28 वर्षीय चचेरे भाई को गिरफ्तार किया है।
_______
भूकंप से कांपे भारत, पाक और अफगानिस्तान, दिल्ली-NCR में भी झटके महसूस
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में बुधवार दोपहर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.2 मापी गई, वहीं भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा पर हिंदूकुश इलाके में था। इस भूकंप के झटके अफगानिस्तान और पाकिस्तान के अलावा भारत के जम्मू कश्मीर, पंजाब और हरियाणा में भी महसूस किए गए। झटके महसूस होते ही कई लोग घरों से बाहर निकल आए। पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इस भूकंप के कारण बलूचिस्तान में कम से कम एक व्यक्ति की मौत और कई घायल हुए हैं। फिलहाल भारत में जान-माल के किसी नुकसान की खबर नहीं। न्यूज 18 हिंदी डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रीय भूंकप अध्ययन केंद्र के निदेशक वीके गहलोत ने बताया कि अफगानिस्तान के हिंदूकुश इलाके में 6.2 तीव्रता का भूकंप आया। इस भूकंप का केंद्र जमीन से 190 किलोमीटर की गहराई पर था, इस कारण कश्मीर से लेकर दिल्ली तक इसके तेज झटके महसूस किए गए।
_______
65 हजार की जैकेट पर राहुल: मेरी जैकेट सूट बूट की सरकार से अलग है
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मेघालय में प्रचार करने पहुंचे राहुल गांधी की जैकेट पर भाजपा ने सोशल मीडिया पर हमला किया तो पूरी कांग्रेस इस मुद्दे पर भाजपा को घेरने लगी। सुबह से चल रही जैकेट सियासत पर शाम को राहुल गांधी ने चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि यह जैकेट मुझे किसी ने दिया है लेकिन हय सूट बूट की सरकार से अलग है। इसकी विचारधारा अलग है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को राहुल गांधी जब मेघायल कैंपेनिंग के तहत एक कार्यक्रम में पहुंचे तो सबकी नजर उनकी जैकेट पर टिक गई। इसका फायदा उठाते हुए भाजपा ने उन्हें घेर लिया और सोशल मीडिया पर भाजपा की मेघायल यूनिट की ओर से बताया गया कि राहुल गांधी ने जो जैकेट पहनी थी उसकी कीमत 70 हजार रुपये है। भाजपा के इस वार पर कांग्रेस की ओर से पलटवार भी किया गया। हालांकि देर शाम राहुल गांधी ने इस विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि यह जैकेट मुझे किसी ने दिया है लेकिन यह सूट बूट की सरकार से अलग है। इसकी विचारधारा अलग है।
_______
कर्मचारियों के चर्च जाने पर मंदिर ने मांगा स्पष्टीकरण

आंध्र प्रदेश के तिरुमला वेंकटेश्वर मंदिर ने अपने 44 गैर हिंदू कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस भेजा है। इस नोटिस में इनसे ये पूछा गया है कि क्यों न इन्हें नियुक्ति नियमों का पालन न करने के चलते बर्खास्त कर दिया जाए। दरअसल पिछले दिनों तिरुमला वेंकटेश्वर मंदिर के एक कर्मचारी का एक वीडियो वायरल हो गया जिसमें वह चर्च जाते हुए दिख रहे थे। इसके बाद से मंदिर के गैर हिंदू कर्मचारियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सभी गैर हिंदू कर्मचारियों को 11 जनवरी को नोटिस भेजा गया। नोटिस में साल 1989 में सरकारी ऑर्डर संख्या 1060 का हवाला दिया गया है कि 'शिक्षण संस्थानों के मामले में किसी भी वर्ग के लिए नियुक्ति केवल उसी व्यक्ति की होगी जो हिंदू धर्म स्वीकार करता है।' नोटिस में कहा गया है, 'सर्विस रिकॉर्ड देखने के बाद ये पता चला है कि आप ईसाई हैं। हमारे मंदिर नियमों के मुताबिक ऐसे लोगों को यहां नौकरी करने की इजाजत नहीं है। आपको तीन सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण देना होगा।' हालांकि मंदिर के प्रबंधन ने कहा है कि अगर किसी गैर हिंदू कर्मचारी को नौकरी से हटाया जाता है तो उसे राज्य में किसी दूसरे सरकारी डिपार्टमेंट में नौकरी दे दी जाएगी।
_______