राहुल से दोस्ती है, उनकी पार्टी से नहीं: अखिलेश यादव
वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में विपक्षी गठबंधन को करारा झटका लगा है। 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में एक साथ चुनाव लड़ने वाली समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पार्टी के रास्ते अब अलग-अलग होते दिख रहे हैं। सपा चीफ अखिलेश यादव ने मंगलवार को इस बात से इनकार कर दिया कि 2019 में वह कांग्रेस पार्टी के साथ हाथ मिलाने वाले हैं, उनका कहना है कि अभी उनका मकसद अपनी पार्टी को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा, कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन से यूपी विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को कोई फायदा नहीं हुआ था। यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश ने कहा कि उनका ध्यान अभी पार्टी को मजबूत करने पर है। राहुल गांधी से दोस्ती बनी रहेगी।
_______
सिनेमाघरों में जरूरी नहीं राष्ट्रगान, सुप्रीम कोर्ट ने बदला अपना फैसला
सिनेमाघरों में राष्ट्रगान बजाए जाने के आदेश में सुप्रीम कोर्ट ने बदलाव किए हैं। सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि अब सिनेमाघरों में राष्ट्रगान बजाया जाना अनिवार्य नहीं है। 23 अक्टूबर, 2017 को सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से कहा था कि सिनेमाघरों और अन्य स्थानों पर राष्ट्रगान गाया जाए या फिर नहीं इस पर वह निर्णय ले। सिनेमाघरों में लोग मनोरंजन के लिए जाते हैं ऐसे में राष्ट्रगान बजाया जाना चाहिए या नहीं इस पर फैसला सरकार को करना चाहिए। वहीं इस संबंध में सोमवार को केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में कहा है फिलहाल सिनेमाघरों में राष्ट्रगान को अनिवार्य न बनाया जाए। इस विषय पर निर्णय अंतर मंत्रालयी कमेटी देगी। इसका गठन सरकार ने कुछ माह पहले ही कर दिया है, यह अगले छह महीने में अपना सुझाव देगी। बता दें कि 30 नवंबर 2016 को सुप्रीम कोर्ट ने सभी सिनेमाघरों में फिल्म शुरू होने से राष्ट्रगान अनिवार्य कर दिया था।
_______
शिया बोर्ड के चेयरमैन की पीएम मोदी को चिट्ठी, बंद हो मदरसा शिक्षा
लखनऊ में मंगलवार को शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी ने पीएम नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर मदरसा शिक्षा को खत्म करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने सभी मदरसे को सीबीएसई और आईसीएसई पाठ्यक्रम से जोड़ने को भी कहा। बता दें कि मदरसा शिक्षा पर पूरी रिपोर्ट शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड पहले ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भेज चुका है और अब उसने सीधा मदरसा शिक्षा को खत्म करने की चिट्ठी प्रधानमंत्री को लिखी है। बोर्ड ने अपनी इस रिपोर्ट में यूनिफॉर्म एजुकेशन सिस्टम की वकालत की है। वसीम रिजवी ने आरोप लगाते हुए कहा कि ज्यादातर मदरसे जकात के पैसे से चल रहे हैं जो कि भारत, बांग्लादेश और पाकिस्तान जैसे देशों से आ रहे हैं। कुछ आतंकवादी संगठन भी अवैध रूप से चल रहे मदरसों को फंड दे रहे हैं।
_______
डोप टेस्ट में फेल होने पर 5 महीने के लिए यूसुफ पठान पर लगा था बैन
टीम इंडिया में वापसी की कवायद में लगे क्रिकेटर यूसुफ पठान पिछले साल हुए डोप टेस्ट में फेल हो गए हैं। इसी कारण बीसीसीआई ने बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन को उन्हें टीम में शामिल नहीं करने का फरमान जारी किया है। 2011 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा रह चुके यूसूफ पठान अनजाने में हुई एक भूल के चलते पांच महीने क्रिकेट से दूर रहे। बीसीसीआई ने मंगलवार को आधिकारिक खुलासा किया कि टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर यूसूफ पठान पिछले साल अक्टूबर में एक प्रतिबंधित ड्रग्स के सेवन के दोषी पाये गए थे। जिसके चलते बोर्ड ने उन पर तुरंत प्रभाव से क्रिकेट खेलने पर रोक लगा दी थी। हालांकि पठान की दलील है कि उन्होंने अनजाने में एक कफ सिरप पी, जिसमें वो ड्रग थी। उसकी मंशा कतई इसके जरिए अपने खेल को बेहतर करने की नहीं थी। इस दलील को मानते हुए बीसीसीआी ने पठान को 15 अगस्त से 5 महीने के लिए निलंबित कर दिया था, जो कि अब खत्म हो गया है।
_______
हिजबुल में शामिल हुआ AMU का छात्र: आतंकी सलाहुद्दीन का दावा
आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के सरगना सैयद सलाहुद्दीन ने दावा किया है कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) का पीएचडी स्कॉलर मन्नान वानी उनके संगठन में शामिल हो गया है। सलाहुद्दीन ने स्थानीय मीडिया को जारी किए गए बयान में यह दावा किया है। सलाहुद्दीन ने बयान में कहा, 'मन्नान वानी के शामिल होने से उस भारतीय दुष्प्रचार की पोल खुल गई है जिसमें यह दावा किया जाता कि कश्मीर के युवक बेरोजगारी और आर्थिक तंगी की वजह से हथियार उठाते हैं।'
_______