जिओ कैप्शूल: 5 मिनट में पढ़ें 8 जनवरी की सभी बड़ी खबरें

समलैंगिक सेक्स संबंध: धारा 377 पर अपने फैसले की समीक्षा करेगा सुप्रीम कोर्ट


सुप्रीम कोर्ट ने समलैंगिक सेक्स संबंधों को अपराध घोषित करने वाली धारा 377 को लेकर दिए गए अपने फैसले पर पुनर्विचार करने के लिए तैयार है। 2013 के अपने एक फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने इसकी कानूनी बाध्यता को बरकरार रखा था। सुप्रीम कोर्ट ने एलजीबीटी समुदाय के 5 लोगों की तरफ से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार से इस पर जवाब मांगा है। सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने आपसी रजामंदी से दो बालिग लोगों के बीच समलैंगिक संबंध को अपराध की श्रेणी से हटाने की मांग करने वाली याचिका को संविधान पीठ के पास भेज दिया है। चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा की अध्यक्षता वाली तीन जजों की बेंच धारा 377 की संवैधानिक वैधता पर विचार करेगी। बता दें कि दिल्ली हाईकोर्ट ने वर्ष 2009 में धारा 377 को रद्द कर दिया था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस जीएस सिंघवी और जज एसजे मुखोपाध्याय की पीठ ने 11 दिसंबर, 2013 को धारा 377 की वैधता बरकरार रखी थी।
______

25 जनवरी को रिलीज होगी पद्मावती, राजस्थान में नहीं
दिखाई जाएगी


लंबे विवाद और जिरह के बाद 'पद्मावती' से 'पद्मावत' बन चुकी संजय लीला भंसाली की फिल्म 25 जनवरी को रिलीज होगी। हालांकि फिल्म राजस्थान में नहीं दिखाई जाएगी। न्यूज 18 हिंदी की रिपोर्ट के मुताबिक राजस्थान की सीएम और गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया दोनों ने कहा है कि राज्य में फिल्म के प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी। राजपूत करणी सेना के संस्थापक लोकेंद्र कालवी कह चुके हैं कि वो इस फिल्म को राजस्थान में रिलीज नहीं होने देंगे। फिल्म के निर्माताओं ने सेंसर बोर्ड के सुझावों के मुताबिक फिल्म में जरूरी बदलाव कर दिए हैं। फिल्म का नाम बदला गया है, इसके साथ ही यह स्पष्ट डिस्क्लेमर भी शामिल किया गया है कि फिल्म का ऐतिहासिक किरदारों से कोई संबंध नहीं है और यह मलिक मोहम्मद जायसी की कविता 'पद्मावत' पर आधारित है।
______

ड्रोन से निगरानी रख रोके जाएंगे रेल हादसे

रेलवे परियोजनाओं की निगरानी अब ड्रोन से की जाएगी। भीड़ को संभालने और सभी मंडलों में रख-रखाव कार्यों पर नजर रखने के लिए भी इसकी मदद ली जाएगी। वर्ष 2017 में रेल हादसों में बढ़ोतरी को देखते हुए रेलवे ने पटरियों की निगरानी ड्रोन से कराने का फैसला लिया है। ड्रोन की सहायता से न केवल पटरियों की देखरेख की जाएगी बल्कि निर्माण कार्य, ट्रेनों के परिचालन और महत्‍वपूर्ण कार्यों की गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जाएगी। रेलवे ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा है कि रेलवे की विभिन्न गतिविधियों, खासकर परियोजनाओं की निगरानी और पटरियों के साथ-साथ रेलवे की आधारभूत संरचनाओं के रख-रखाव के लिए यूएवी एनईटीआरए का इस्तेमाल होगा। बयान में कहा गया है कि मंडल रेलवे को ऐसे कैमरे की खरीद के लिए निर्देश दिए गए हैं। यह ट्रेन परिचालन में सुरक्षा और दक्षता बढ़ाने में तकनीक के इस्तेमाल की रेलवे की आकांक्षा के अनुरूप है।
______

पतंजलि ने सांवले रंग को बताया, 'स्किन की बीमारी'


बाबा रामदेव की पतंजलि ने अपने हालिया विज्ञापन में सांवले रंग को स्किन की बीमारी बताया है। इस विज्ञापन में पतंजलि सांवले रंग को कमतर समझने की समाज की धारणा को बढ़ावा देते नजर आ रही है। पतंजलि ने अपने ब्यूटी क्रीम के विज्ञापन में सांवले रंग को झुर्रियों की तरह ही स्किन की समस्या बताया है। 17 दिसंबर को डेक्कन क्रोनिकल में छपे विज्ञापन में पतंजलि ने अपने ब्यूटी क्रीम के बारे में लिखा, 'यह क्रीम ड्राई स्किन, झुर्रियों और सांवले रंग जैसी स्किन की बीमारियों के लिए काफी लाभकारी है।' इस विज्ञापन में पतंजलि ने आगे लिखा है कि यह क्रीम 100 प्रतिशत प्राकृतिक खूबसूरती का अहसास कराता है। बता दें कि भारत में अब भी सांवले रंग को कमतर आंका जाता है। यहां फेयरनेस प्रोडक्ट्स का कारोबार बेहद बड़ा है।
______

तो इसलिए विराट-अनुष्का को करनी पड़ सकती है दोबारा शादी


भारत से बहुत दूर इटली में 11 दिसंबर को विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने शादी की थी। लेकिन अब एक ऐसी खबर आई है जिसके मुताबिक विराट कोहली को अनुष्का के साथ दोबारा शादी करनी पड़ सकती है। समाचार पत्र दैनिक जागरण में छपी खबर के मुताबिक कोहली और अनुष्का ने इटली में हुई शादी को भारतीय दूतावास के शादी अधिकारी के दफ्तर में रजिस्टर्ड नहीं कराया है। लिहाजा यह शादी अभी कानूनी तौर पर वैध नहीं है और कोहली-अनुष्का को अब भारतीय में इस शादी को रजिस्टर्डज कराने के लिए कोर्ट मैरिज करना पड़ सकती है। यह खबर अंबाला के एक वकील के द्वारा दायर की गई आरटीआई पर आधारित है। खबर में दावा किया गया है कि इस वकील को रोम स्थित भारतीय दूतावास से जबाव मिला है कि विराट कोहली और अनुष्का की ओर से दूतावास को आधिकारिक तौर पर अपनी शादी की कोई जानकारी नहीं दी गई है।
______

Popular posts from this blog

जिओ कॅप्सूल : ५ मिनटात वाचा ठळक बातम्या थोडक्यात

Top stories on 23rd October in a capsule