डोकलान चीन का हिस्सा, पिछली बार से सबक ले भारत: चीन
डोकलाम को विवादित क्षेत्र करार देने संबंधी सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत के बयान की आलोचना करते हुए चीन की सेना ने कहा कि ये उसका हिस्सा है। जनरल रावत की टिप्पणी पर चीनी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल वू कियान ने रावत के बयान पर पहली बार प्रतिक्रिया दी है। जनरल रावत ने इस महीने के शुरू में कहा था कि भारत को पाकिस्तान की सीमा से अपना ध्यान हटाकर चीन की तरफ ले जाने की जरूरत है और उन्होंने वास्तविक नियंत्रण रेखा पर बीजिंग की ओर दबाव बनाए जाने के बारे में बात की थी। वू ने कहा, 'भारतीय पक्ष की ओर से की गई टिप्पणी से दिखता है कि भारतीय सैनिकों की ओर से अवैध ढंग से सीमा पार करने की बात सच और स्पष्ट है।' उन्होंने जनरल रावत के हालिया बयान का जवाब देते हुए कहा, 'डोकलाम चीन का हिस्सा है।' वू ने कहा कि भारतीय पक्ष को भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सबक लेना चाहिए। बता दें कि भारत और चीन के सैनिक पिछले साल 16 जून से 73 दिन तक आमने-सामने थे, बाद में 28 अगस्त को गतिरोध सुलझा लिया गया था।
_______
पद्मावत की रिलीज के बाद करणी सेना का प्रदर्शन जारी, केंद्र ने राज्यों को दी यह सलाह
राज्यों में बवाल, धमकी और तोड़फोड़ के बीच संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' गुरुवार को रिलीज हो गई। गुजरात, बिहार, राजस्थान के जयपुर में फिल्म न दिखाए जाने के बावजूद करणी सेना ने जमकर उत्पात किया। गुजरात के आणंद जिले में हाइवे पर टायरों को जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। जयपुर, उदयपुर और बिहार के दरभंगा में भी कुछ जगह प्रदर्शन की खबरें हैं। वहीं क्विट हिंदी की एक रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म के खिलाफ राजपूत संगठनों के प्रदर्शन को देखते हुए केंद्र सरकार ने कहा है राज्यों को कानून व्यवस्था बनाए रखने और हंगामा रोकने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स लगाना चाहिए। वहीं दूसरी ओर दीपिका को धमकी देने वाले करणी सेना के नेता सूरज पाल अम्मू को गुरुग्राम पुलिस ने हिरासत में लिया। हालांकि पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान से फिल्म के लिए अच्छी खबर आई है, पाकिस्तान में फिल्म के किसी सीन को काटे बिना इसे रिलीज करने की मंजूरी दे दी गई है।
_______
राष्ट्र के नाम संबोधन: राष्ट्रपति बोले, असहमत रहते हुए हमें साथ रहना चाहिए
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र के नाम संबोधन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने देशवासियों को उदारतापूर्ण व्यवहार और भाईचारे की सीख दी। उन्होंने कहा, 'देश के उनहत्तरवें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आप सभी को बहुत-बहुत बधाई! यह राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना के साथ, हमारी सम्प्रभुता का उत्सव मनाने का भी अवसर है। यह उन लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के महान प्रयासों और बलिदान को, आभार के साथ याद करने का दिन है जिन्होंने अपना खून-पसीना एक करके, हमें आज़ादी दिलाई, और हमारे गणतंत्र का निर्माण किया।' राष्ट्रपति कोविंद ने कहा, 'त्योहार मनाते हुए, विरोध प्रदर्शन करते हुए या किसी और अवसर पर, हम अपने पड़ोसी की सुविधा का ध्यान रखें। किसी दूसरे नागरिक की गरिमा और निजी भावना का उपहास किए बिना, किसी के नजरिए से या इतिहास की किसी घटना के बारे में भी हम असहमत हो सकते हैं। ऐसे उदारतापूर्ण व्यवहार को ही भाईचारा कहते हैं।'
_______
जयपुर एयरपोर्ट पर शशि थरूर ने बोला 'सिस्टर' सुना गया 'पिस्टल', हुई पूछताछ

पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस सांसद शशि थरूर हर बार 'जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल' में शामिल होने जाते हैं। इस बार भी वो इस फेस्टिवल का हिस्सा बनने के लिए सांगानेर हवाई अड्डे पर उतरे लेकिन एक विवाद हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शशि थरूर अपने साथ एक पिस्टल लेकर आए थे, लेकिन इसके बारे में उन्होंने हवाई अड्डा प्राधिकरण और सुरक्षा एजेंसियों को जानकारी नहीं दी थी। एयरपोर्ट पर जब सुरक्षा अधिकारियों ने दूसरे यात्रियों की तरह उन्हें भी जांच के लिए रोका तो उनसे पास से पिस्टल बरामद की गई जिसके बाद उनसे 45 मिनट तक पूछताछ की गई। हालांकि इस खबर पर एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ ने स्पष्टीकरण जारी किया है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक सीआईएसएफ सूत्र ने बताया कि शशि थरूर को जयपुर एयरपोर्ट पर हिरासत में नहीं लिया गया था। वह अपनी बहन का इंतजार कर रहे थे तभी किसी ने उनसे वहां बैठने का कारण पूछा तो उन्होंने 'माई सिस्टर' कहा जिसे सामने वाले ने 'पिस्टल' सुन लिया और सुरक्षा एजेंसियों को इस बारे में बता दिया, जिसके बाद उनसे पूछताछ की गई। हालांकि बाद में मामला बंद कर दिया गया।
______
गणतंत्र दिवस: राहुल गांधी को चौथी पंक्ति में जगह!, केंद्र पर हमलावर हुई कांग्रेस

सरकार ने शुक्रवार को गणतंत्र दिवस परेड में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को आमंत्रित किया है किंतु उन्हें बैठने के लिए चौथी पंक्ति में स्थान दिया जाएगा। कांग्रेस सूत्रों ने यह जानकारी दी है। बहरहाल, राजनीतिक नेताओं एवं मंत्रियों के बैठने के इंतजाम को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कांग्रेस के एक नेता ने अपनी पहचान उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया, 'हमें पता चला है कि कांग्रेस अध्यक्ष को चौथी पंक्ति में एक सीट आवंटित की गई है जबकि पहले वे गणतंत्र दिवस परेड में अग्रिम पंक्ति में बैठते थे।' हालांकि, उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इस समारोह में भाग लेंगे भले ही उन्हें किसी भी पंक्ति में बैठाया जाए। कांग्रेस इसे केंद्र सरकार की सस्ती और ओछी राजनीति करार दे रही है। बता दें कि भारत इस बार अपना 69वां गणतंत्र दिवस मनाने जा रहा है। इस बार गणतंत्र दिवस की परेड में हिस्सा लेने के लिए पहली बार एक साथ 10 देशों के प्रतिनिधि आने वाले हैं। इन 10 देशों में ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाइलैंड और वियतनाम शामिल हैं।
______