जिओ कैप्शूल: 5 मिनट में पढ़ें 22 दिसंबर की सभी बड़ी खबरें
दिल्ली में एक आश्रम से छुड़ाई गईं 41 नाबालिग, रेप का भी आरोप
_________
राज्यसभा में नहीं बोल पाए सचिन तो फेसबुक पर बोले
गुरुवार को कांग्रेस पार्टी के सांसदों के हंगामे के कारण राज्यसभा में पूर्व क्रिकेटर और भारत रत्न सचिन तेंदुलकर जो बात नहीं कर पाए थे उसे कहने के लिए उन्होंने फेसबुक को चुना। शुक्रवार को करीब दो बजे उन्होंने फेसबुक पर वीडियो अपलोड करके अपनी बात से सबको रूबरू कराया। देश में खेलों को बच्चों का संवैधानिक अधिकार बनाने के लिए सचिन तेंदुलकर को बोलना था लेकिन 2जी घोटाले को लेकर आए फैसले के बाद कांग्रेस के हंगामे के बाद सदन की कार्रवाई स्थगित कर दी गई थी। इसी के चलते राइट टू प्ले के मसले पर वो अपनी बात नहीं रख सके थे। 15 मिनट से ज्यादा लंबी अपनी स्पीच में सचिन ने देश में खेलों के महत्व के बारे में बताते हुए खेलों को संवैधानिक अधिकार देने की बात कही। उन्होंने कहा कि मैं पेरंट्स से अपील करूंगा कि वे लड़के-लड़कियों को समान रूप से प्रोत्साहन दें।
_________
झूठ की बुनियाद पर खड़ी है बीजेपी: राहुल गांधी
कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की शुक्रवार को बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता राहुल गांधी ने बतौर पार्टी अध्यक्ष की। बैठक के बाद राहुल गांधी ने बीजेपी पर निशाना साधा और कहा कि पार्टी झूठ पर आधारित है। उनका पूरा ढांचा ही झूठ का है। कांग्रेस कार्यकारणी के बैठक के बाद उन्होंने गुजरात मॉडल पर भी निशाना साधा। राहुल ने कहा कि यदि आप गुजरात के मोदी मॉडल को देखेंगे तो यह पूरा झूठ है। जब हम गुजरात गए तब लोगों ने कहा कि यहां कोई मॉडल नहीं है। लोगों ने कहा कि जो हो रहा है वह बस संसाधनों का दोहन हो रहा है। राहुल ने 2जी पर आए कोर्ट के फैसले पर कहा कि सबको इसके बारे में पता है। सच्चाई सबके सामने आ चुकी है।_________
गुजरात में विजय रूपाणी ही होंगे मुख्यमंत्री
_________
UP के पूर्व राज्यपाल बीएल जोशी का 81 वर्ष की उम्र में निधन
उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल और दिल्ली के उपराज्यपाल रहे बीएल जोशी का शुक्रवार को निधन हो गया। जोशी 81 वर्ष के थे। पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे जोशी को दिल्ली के एम्स में शुक्रवार सुबह ही भर्ती कराया गया था। उनके निधन पर उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाइक ने शोक व्यक्त किया और कहा कि वह बेहद ही सौम्य स्वभाग के थे। उन्होंने अपने अनुभव से समय-समय पर प्रदेश का मार्ग दर्शन भी किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी जोशी के निधन पर शोक व्यक्त किया। राजस्थान में जन्में जोशी के निधन की खबर पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर शोक जताया। उन्होंने ट्वीट किया कि जोशी के निधन की खबर से बेहद दुख पहुंचा है। गहलोत ने लिखा कि वो मेरे बेहद करीबी थे, उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।
_________