जिओ कैप्शूल: 5 मिनट में पढ़ें 12 दिसंबर की सभी बड़ी खबरें

राहुल गांधी निर्विरोध चुने गए कांग्रेस अध्यक्ष, 16 को ताजपोशी


राहुल गांधी को निर्विरोध कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष चुन लिया गया है। पार्टी में किसी ने भी इस पद के लिए राहुल गांधी के खिलाफ दावेदारी पेश नहीं की थी। 16 दिसंबर को आधिकारिक रूप से वह पार्टी के अध्यक्ष का पद्भार संभालेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन पत्र वापस लेने की सोमवार को आखिरी तारीख थी। राहुल गांधी के पक्ष में कुल 89 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। जांच में सभी नामांकन पत्रों को वैध पाया गया। राहुल के निर्वाचित होने की खबर मिलते ही दिल्ली में 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर जश्न का माहौल देखा गया। वहां भारी संख्या में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और पटाखे फोड़ कर खुशियां मनाई। कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मौलपल्ली रामचंद्रन ने कहा, कुल 89 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे। चूंकि यहां बस एक ही उम्मीदवार था, ऐसे में मैं राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा करता हूं।
_________

विराट-अनुष्का ने इटली में रचाई शादी


भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा एक दूसरे के जीवन साथी बन गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने इटली के टस्कनी में सोमवार को शादी कर ली। न्यूज 18 हिंदी की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस शादी में शामिल होने वाले सभी मेहमानों से नॉन डिस्क्लोजर फॉर्म भी साइन करवाया गया है ताकि किसी को इस बारे में मालूम ही ना चल पाए। बताया जा रहा है कि दोनों वापस आकर 21 दिसंबर को मुंबई में रिसेप्शन देंगे।
_________

मोदी को पीएम पद की गरिमा का खयाल नहीं, झूठे आरोपों पर माफी मांगे: मनमोहन सिंह


कांग्रेस से निलंबित नेता मणिशंकर अय्यर के घर पाक उच्चायुक्त के साथ हुई बैठक विवाद पर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने पीएम नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने झूठ बोला है और तथ्यहीन आरोप लगाए हैं। इसके लिए वो उनसे माफी मांगे। मनमोहन सिंह ने एक प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि मोदी को पीएम पद की गरिमा का खयाल नहीं है। वो ओछी राजनीति कर रहे हैं। इस तथ्यहीन आरोप से उन्हें दुःख पहुंचा है। उन्होंने कहा कि ये सब गुजरात चुनाव की वजह से हो रहा है। मोदी संभावित हार की वजह से अनर्गल आरोप लगा रहे हैं, हालांकि उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। पूर्व प्रधानमंत्री ने ने कहा कि 'कांग्रेस को किसी पार्टी या प्रधानमंत्री से राष्ट्रवाद का पाठ सीखने की जरूरत नहीं है। देश की सेवा में मेरा योगदान पूरा राष्ट्र जानता है। मैं चाहता हूं कि पीएम के रूप में परिपक्वता दिखाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी माफी मांगे।'
_________

जींस पहनकर मंडप में आने वाली लड़की से कोई नहीं करेगी
शादी: केंद्रीय मंत्री


केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री सत्यपाल सिंह ने जींस पहनने को लेकर विवादित बयान दिया है। गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सत्यपाल सिंह ने कहा कि 'कोई आदमी अगर कहने लगे कि मैं जींस पहनकर किसी मंदिर का महंत बन जाऊंगा तो लोग पसंद करेंगे क्या? कोई पसंद नहीं करेगा। या कोई लड़की शादी की वेदी पर जींस पहनकर जाएगी तो कितने लड़के उससे शादी करना चाहेंगे? केंद्रीय राज्यमंत्री ने फिर समझाने वाली शैली में कहा कि स्कूल में जाएं तो ड्रेस कैसी हो, दौड़ने-खेलने के दौरान किस तरह का पहनावा हो-इसे देखने समझने की जरूरत है। पहनावे के चयन में संस्कारों का ख्याल रखना चाहिए। 
_________

'एक नेता-कई सीट' पर सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग और केंद्र को नोटिस भेजा

एक ही उम्मीदवार को जिताने के लिए कई सीटों से चुनाव लड़वाने का फॉर्मूला जल्‍द बंद हो सकता है। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को एक ही समय में दो निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों से जुड़ी एक याचिका पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने कहा कि ऐसा करने से सरकारी खजाने पर बोझ बढ़ता है क्योंकि दूसरी खाली सीट पर फिर से चुनाव कराना पड़ता है। कई बार उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए राजनीतिक पार्टियां कई सीटों पर एक ही नेता को टिकट दे देती हैं। अगर वो उम्मीदवार एक से अधिक जगह पर जीत जाता है तो वो दूसरी सीट खाली कर देता है जिससे वहां पर उपचुनाव करवाना पड़ता है। इससे सरकारी खजाने पर बोझ पड़ता है।
_________

Popular posts from this blog

जिओ कॅप्सूल : ५ मिनटात वाचा ठळक बातम्या थोडक्यात

Top stories on 23rd October in a capsule