जिओ कैप्शूल: 5 मिनट में पढ़ें 28 नवंबर की सभी बड़ी खबरें
केरल लव जिहाद मामला: अखिला अशोकन के नाम से पढ़ाई करेंगी हदिया
लव जिहाद के कथित मामले को लेकर चर्चा में आईं केरल की हदिया अपने हिंदू नाम अखिला अशोकन से ही कॉलेज की आगे की पढ़ाई आगे जारी रखेंगी। कॉलेज के प्राचार्य ने मंगलवार को यह जानकारी दी। बता दें कि सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने हदिया को अपने डॉक्टरी की आगे की पढ़ाई जारी रखने का आदेश दिया था। वह सलेम के कॉलेज में पढ़ाई जारी रखेंगी। इसी सिलसिले में वह कोयंबटूर पहुंचीं। उच्चतम न्यायालय ने हदिया को उसके अभिभावकों के संरक्षण से मुक्त करते हुए कॉलेज के प्रिंसिपल को उनके अभिभावक की जिम्मेदारी निभाने के लिए कहा था। हालांकि हदिया ने अनुरोध किया था कि उसे उसके पति शफीन जहां के साथ जाने दिया जाए। वहीं हदिया के पिता अशोकन ने कहा कि उनकी बेटी हदिया इस्लाम में परिवर्तित होने के बाद सीरिया जाना चाहती है लेकिन उसे वहां के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, 'हदिया को सीरिया के बारे में कोई जानकारी नहीं है, जहां वह इस्लाम में परिवर्तित होकर जाना चाहती थी। मैं नहीं चाहता कि मेरे परिवार में कोई आतंकी हो।'
____________
महिला यात्री और एयरइंडिया कर्मचारी में झड़प, एक-दूसरे को
जड़े थप्पड़
राजधानी दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंटरनैशनल एयरपोर्ट पर मंगलवार की सुबह एक महिला यात्री और एयर इंडिया की एक ड्यूटी मैनेजर के बीच मारपीट हो गई। महिला यात्री देर से एयरपोर्ट पहुंची थी, तो उसे बोर्डिंग करने से मना कर दिया गया जिसके बाद यह घटना हुई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक महिला को अहमदाबाद के लिए फ्लाइट लेनी थी। एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा, 'काउंटर पर कार्यरत एक कर्मचारी ने महिला यात्री को बताया कि वह चेक-इन नहीं कर सकती क्योंकि वह उड़ान के लिए देरी से पहुंची है। इसके बाद दोनों में बहस शुरू हो गयी और कर्मचारी ने महिला को ड्यूटी मैनेजर के पास जाने को कहा और फिर ड्यूटी मैनेजर और कर्मचारी के बीच बहस और झड़प हो गई।' न्यूज 18 हिंदी के मुताबिक यात्री और कर्मचारी के बीच बहस हो गई जिसने मारपीट का रूप ले लिया। हालांकि बाद में दोनों ने एक दूसरे से माफी मांग ली और मामला दोस्ताना तरीके से हल हो गया।_____________
पद्मावती: फिल्म पर बयानबाजी करने वालों को सुप्रीम कोर्ट ने
लगाई फटकार
भारत से बाहर 'पद्मावती' की रिलीज रोकने की मांग करने वाली याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को खारिज कर दिया। इसके साथ ही सर्वोच्च न्यायालय ने फिल्म को लेकर हो रही बयानबाजी पर गहरी नाराजगी जताई है। कोर्ट ने कहा, 'जब सेंसर बोर्ड का फैसला आना अभी बाकी है, तब फिल्म पर किसी तरह की टिप्पणी करने से बचना चाहिए। इससे सेंसर बोर्ड का फैसला प्रभावित हो सकता है।' न्यूज 18 हिंदी की एक रिपोर्ट के मुताबिक कोर्ट ने यहां तक कहा कि सार्वजनिक पदों पर बैठे लोग ये कैसे बता सकते हैं कि सेंसर बोर्ड को इस फिल्म को पास करना चाहिए या नहीं। बता दें कि पांच प्रदेशों में फिल्म के खिलाफ बयानबाजी की गई थी और इस पर प्रतिबंध भी लगा दिया है। गुजरात, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान ने फिल्म की रिलीज पर प्रतिबंध लगा दिया है।_____________
10वीं, 12वीं में 35 प्रतिशत अंक लाने वाले छात्र भी होंगे पास
काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट (CISCE) ने 10वीं और 12वीं कक्षा के लिए विभिन्न विषयों के पासिंग मार्क्स में बदलाव किया है। अब दसवीं कक्षा में पास होने के लिये छात्रों को न्यूनतम 33 प्रतिशत और 12वीं कक्षा में पास होने के लिये 35 प्रतिशत अंक लाने होंगे। सीआईएससीई के मुख्य कार्यकारी और सचिव गैरी अराथून ने बताया, यह बदलाव देश में अन्य बोर्ड के अनुरूप परीक्षा की व्यवस्था बनाने और एकरूपता लाने के मकसद से किया गया है। यह बदलाव अगले सत्र 2018-19 से लागू होंगे। सीआईएससीई बोर्ड ने यह बदलाव पिछले दिनों मानव संसाधन विकास मंत्रालय के साथ हुई बैठक के बाद किया है। पहले छात्रों को 35 और 40 फीसदी अंक लाना होता था। बोर्ड ने इस संबंध में सभी स्कूलों को अधिसूचना जारी कर दी है।_____________
हैदराबाद में भी चलेगी मेट्रो, पीएम मोदी ने किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को हैदराबाद की पहली मेट्रो का उद्घाटन किया। उन्होंने तेलंगाना के सीएम चंद्रशेखर राव के साथ नई मेट्रो का सफर भी किया। वह मियापुर स्टेशन से कुकतपल्ली स्टेशन तक गए। हैदराबाद मेट्रो रेल परियोजना का पहला फेज देश का पहला सबसे लंबा फेज है। मियापुर से नागोले तक जाने वाली यह मेट्रो लाइन 30 किलोमीटर लंबी है। बुधवार 29 नवंबर से इसे आम लोगों के लिए खोला जाएगा। आईटी सिटी माने जाने वाले हैदराबाद में मेट्रो का न्यूनतम किराया 10 रुपये और अधिकतम किराया 60 रुपये है। इस लाइन पर 24 स्टेशन हैं और यह सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक चलेगी। यात्रियों की संख्या को देखते हुए इसे सुबह 5.30 बजे से रात 11 बजे तक किया जाएगा। शुरुआत में यहां की मेट्रो में 3 डिब्बे लगे होंगे जिन्हें यात्रियों की संख्या के आधार पर बढ़ाकर 6 कर दिया जाएगा। हैदराबाद में साल 2012 में 14,132 करोड़ रुपये की लागत से 72 किलोमीटर लंबी मेट्रो परियोजना की शुरुआत की गई थी। इसका काम साल जुलाई 2016 में पूरा होना था।_____________
उद्योगपतियों के कर्जमाफी की बात अफवाह
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने मंगलवार को कहा कि सरकार द्वारा डिफॉल्टरों के कर्जमाफी की खबरें अफवाह हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसी भी बड़े डिफॉल्टर का कर्ज माफ नहीं किया है। जेटली ने एक ब्लॉग में लिखा, 'पिछले कुछ सालों से, एक अफवाह फैल रही है कि बैंकों से पूंजीपतियों का कर्ज माफ किया जा रहा है। सरकार ने बड़े बकाएदारों का कोई भी कर्ज माफ नहीं किया है।' उन्होंने कहा कि नए इन्सॉल्वेंसी ऐंड बैंकरप्ट्सी कोड के तहत 12 सबसे बड़े डिफॉल्टर्स से समयबद्ध रिकवरी की कार्यवाही शुरू की गई है। इन 12 डिफॉल्टर्स का कुल एनपीए 1 लाख 75 हजार करोड़ रुपये हैं। वित्त मंत्री ने एनपीए संकट को लेकर कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार पर आरोप लगाया और कहा कि सरकारी बैंकों ने 2008 से 2014 के बीच ज्यादा से ज्यादा कर्ज बांटे थे।_____________
