जिओ कैप्शूल: 5 मिनट में पढ़ें 24 नवंबर की सभी बड़ी खबरें

टमाटर हुआ 'खट्टा', दिल्ली में भाव 80 रुपये किलो तक


दिल्ली में टमाटर का भाव खुदरा बाजार में 80 रुपये किलो तक पहुंच गया है। आपूर्ति में कमी के कारण टमाटर के दाम आसमान छूते जा रहे हैं। दिल्ली के अलावा देश के कई हिस्सों में भी टमाटर के दाम बढ़ चुके हैं। व्यापार आंकड़ों के अनुसार प्रमुख उत्पादक राज्य कर्नाटक के बेंगलुरु में टमाटर का खुदरा दाम 45 से 50 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच चुका है। मिजोरम की राजधानी आइजॉल में टमाटर 95 से 100 रुपये किलो बिक रहा है। फर्स्टपोस्ट हिंदी की एक रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली स्थित आजादपुर मंडी के टमाटर व्यापारी संघ के अध्यक्ष अशोक कौशिक ने बताया कि कर्नाटक और मध्य प्रदेश की हालिया बरसात की वजह से टमाटर की उपलब्धता कम हुई है। मध्य प्रदेश में टमाटर की 90 प्रतिशत फसल खराब हो चुकी है। किसानों ने फिर से बुवाई की है. इस फसल को आने में 15 से 20 दिन लगेंगे।
_____________

S&P ने नहीं बढ़ाई रेटिंग, सरकार को झटका


अंतरराष्ट्रीय क्रेडिंट रेटिंग एजेंसी स्टैंडर्ड एंड पुअर (S&P) ने भारत की वित्तीय साख को 'बीबीबी- त्रणात्मक' के स्तर पर बरकरार रखा है। इसे देश की वित्तीय साख में सुधार की सरकार की उम्मीदों को तड़का झटका माना जा रहा है। एजेंसी ने राजकोषीय स्थिति को कमजोर बताते हुए कहा है कि फिलहाल देश की साख को मौजूदा स्तर से ऊंचे स्तर पर नहीं रखा जा सकता है। एसएंडपी ने भारत की रेटिंग 2007 के जनवरी में बदलकर बीबीबी की थी, जो बांड्स के मामले में सबसे निचली निवेश रेटिंग है। एजेंसी ने हालांकि कहा है कि मोदी सरकार ने राजकोषीय स्थिति बेहतर करने के लिए उल्‍लेखनीय कदम उठाए हैं और इसलिए भारत का आउटलुक स्‍टेबल बना रहेगा।
_____________

पद्मावती: 'हम पुतले नहीं जलाते' नोट के साथ जयपुर किले लटका मिला शव


संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती को लेकर जारी विवाद ने शुक्रवार को खूनी रूप ले लिया। राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित नाहरगढ़ किले पर एक शख्स की लाश लटकती हुई मिली। शव की पास दीवार पर 'पद्मावती' के विरोध में मैसेज भी लिखे हुए मिले। शव के पास लिखा था, 'हम पुतले नहीं जलाते, लटकाते हैं।' वहीं, दूसरे पत्थर पर लिखा है- 'पद्मावती का विरोध।' पुलिक के मुताबिक मृत व्यक्ति की पहचान चेतन सैनी के रूप में हुई है। पुलिस को उसकी जेब से मुंबई की एक फिल्म का टिकट भी मिला है। शव को किले से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं दिल्ली हाईकोर्ट ने 'पद्मावती' फिल्म पर बैन लगाने वाली याचिका खारिज कर दी है। हाईकोर्ट ने कहा कि इस तरह की याचिकाओं को लगाकर आप हिंसा को बढ़ावा दे रहे हैं।
_____________

पीएम ने लॉन्च किया ऐसा ऐप जो करेगा आपके 100 से ज्यादा काम

सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान बनाने के लिए पीएम मोदी ने UMANG ऐप लॉन्च किया है। न्यू एज गवर्नेंस के लिए UMANG या यूनिफाइड मोबाइल एप्लीकेशन की घोषणा 2016 में की गई थी और इसे पहले पिछले साल दिसंबर में लॉन्च किया जाना था। हालांकि, कई बीटा टेस्ट के कारण इस मोबाइल एप्लीकेशन में देरी हुई। उमंग ऐप को मोबाइल में डाउनलोड करने के बाद आपको प्रोविडेंट फंड, नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) के डिटेल्स जानने, गैस सिलेंडर की बुकिंग कराने, नया पैन कार्ड बनवाने या पानी और बिजली का बिल जमा करने के लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं है। इस एक ऐप की मदद से आप घर बैठे सारे काम कर सकते हैं। इस ऐप के जरिए आप एक ही जगह पर 100 से ज्यादा अलग-अलग सरकारी सेवाओं तक पहुंच बना सकते हैं।
_____________

रंगे और लिखे हुए नोट लेने से मना नहीं कर सकेंगे बैंक

अब बैंक किसी भी ऐसे नोट को लेने से मना नहीं कर पाएंगे जिस पर कुछ लिखा है या फिर रंग लगा हुआ है। न्यूज 18 हिंदी की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय रिजर्ब बैंक ने सभी बैंकों को स्पष्ट तौर पर यह कहा है कि अगर ऐसी शिकायत मिली कि बैंक ऐसे नोट नहीं ले रहे हैं तो उन पर 10 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। रिजर्व बैंक ने यह भी साफ किया कि कोई भी व्‍यक्ति इस तरह के नोट को बैंक से बदल नहीं सकता लेकिन वो चाहे तो ऐसे नोट को अपने बैंक खाते में जमा कर सकता है। बैंकों की तरफ से उसे इसकी छूट होगी। दिल्‍ली में चल रहे अंतर्राष्‍ट्रीय व्‍यापार मेले के हॉल नंबर 18 में आर्थिक साक्षरता के तरह रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया लोगों को जागरुक कर रहा है। यहां  लोगों के सवालों का जवाब देते हुए रिजर्व बैंक ने कहा कि अगर किसी नोट पर कुछ लिखा है तो वह अवैध मुद्रा की श्रेणी में नहीं आता। कोई भी बैंक इस तरह के नोटों को लेने से इनकार नहीं कर सकता।
_____________

मिस्र: मस्जिद पर आतंकी हमले में 184 की मौत, 125 घायल


मिस्र के अशांत उत्तरी सिनाई इलाके में शुक्रवार को एक बड़ा आतंकी हमला हो गया। यह हमला एक मस्जिद के पास जुम्मे की नमाज के दौरान हुआ। इस आतंकी हमले में करीब 125 लोग घायल हो गए, जबकि 184 की मौत हो गई। अलआरिश में अल रॉवडा मस्जिद के समीप यह बम लगाया था जो नमाज के दौरान फट गया। सूत्रों ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि विस्फोट के वहां से भाग रहे श्रद्धालुओं पर भी आतंकवादियों ने गोलीबारी की। अभी तक इस हमले की किसी भी आतंकी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है। मिस्र की सरकार ने तीन दिनों के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है। राष्ट्रपति अब्दुल फतह अल सीसी इस घटना पर चर्चा के लिए अधिकारियों के साथ आपात बैठक करेंगे। मिस्र के उत्तरी सिनाई में जनवरी, 2011 से ही कई हिंसक हमले हुए हैं। जनवरी, 2011 में हुई क्रांति से राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक की सत्ता चली गई थी।
_____________

Popular posts from this blog

जिओ कॅप्सूल : ५ मिनटात वाचा ठळक बातम्या थोडक्यात

Top stories on 23rd October in a capsule