आईएस में शामिल हुए केरल के 6 युवक: केरल पुलिस
केरल के रहने वाले 6 युवक आतंकी संगठन इस्लामिल स्टेट (आईएस) में शामिल हो गए हैं। केरल पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है। ये सभी युवक कन्नूर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। केरल पुलिस की मानें तो इन युवकों ने सीरिया में जाकर आईएस का दामन थाम लिया। उसने दावा किया कि ये 6 युवक राज्य के एक संगठन पॉप्युलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के सक्रिय कार्यकर्ता थे। बीते दिनों कन्नूर में ही पांच लोगों को आईएस से संबंध होने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। यह संगठन पहले भी विवादों में रहा है। कन्नूर का नाम आईएस से संबंध रखने वाले संदिग्धों के चलते पहले भी सुर्खियों में रहा है। बीती 10 अक्टूबर को एनआईए ने कन्नूर से ही आतंकवादी शिविर चलाने के मामले में एक को दबोचा था। गिरफ्तार किए गए शख्स की पहचान 24 वर्षीय अजहर के रूप में हुई थी।
________________________________
6 से अधिक टिकट चाहिए? IRCTC को करें आधार से लिंक
आधार को लेकर केंद्र सरकार को लगातार विरोध का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन केंद्र सरकार आधार को जरूरी बनाने को लेकर अपनी कोशिशें जारी रखे हुए है। सिम कार्ड से लेकर बैंक अकाउंट तक आधार कार्ड को जरूरी करने के बाद अब ट्रेन का टिकट लेने के लिए भी आधार कार्ड जरूरी कर दिया गया है। आईआरसीटीसी के माध्यम से टिकट बुक कराने के लिए अब अपना अकाउंट आधार से लिंक करना होगा। हालांकि यह सभी के लिए जरूरी नहीं है। आईआरसीटीसी के मुताबिक अगर एक महीने में कोई 6 टिकट बुक करता है तो उसे आधार लिंक कराने की जरूरत नहीं है। लेकिन अगर किसी को 6 से अधिक टिकट बुक करने हैं तो उसके लिए आधार को लिंक करना आवश्यक है। बता दें कि आधार से आईआरसीटीसी अकाउंट लिंक करने के बावजूद आप महीने में 12 से ज्यादा टिकट बुक नहीं करा सकते हैं।
________________________________
ममता ने की उद्धव से मुलाकात, चर्चाओं का बाजार गर्म
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को मुबंई में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी बढ़ गई है। अटकलें लगाई जाने लगी हैं कि क्या शिवसेना बीजेपी से समर्थन वापस ले सकती है। ममता और उद्धव के बीच यह मुलाकात दक्षिण मुंबई के एक होटेल में हुई। इस मुलाकात में उद्धव ठाकरे के साथ उनके बेटे आदित्य ठाकरे भी मौजूद थे। मुलाकात के बाद शिवसेना ने कहा, 'ममता बनर्जी और उद्धव ठाकरे के बीच मुलाकात औपचारिक थी और इसके कोई राजनीतिक मायने न निलाले जाएं। नोटबंदी और आधार जैसे कई मुद्दों को लेकर ममता की टीएमसी और शिवसेना दोनों ही पार्टियां बीजेपी पर हमलावर रही हैं। वह जनवरी में राज्य में होने वाले 'बंगाल ग्लोबल बिजनस समिट' के चौथे संस्करण के लिए शीर्ष बिजनसमैन से मुलाकात के लिए मुंबई में थीं।
________________________________
कांगड़ा में बोले पीएम मोदी: सड़ी हुई सोच का नमूना है कांग्रेस
हिमाचल प्रदेश में चुनाव को लेकर सभी पार्टियां जोर-शोर से प्रचार में लगी हैं। बीजेपी की ओर से शुक्रवार को पीएम नरेंद्र मोदी कांगड़ा में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। इस जनसभा में उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलेत हुए कहा कि हिमाचल से लूटने वालों को भगाना है। लूटने वालों को 9 तारीख को हिमाचल की जनता जवाब दे। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हिमाचल को बर्बाद कर दिया। पीएम मोदी ने कहा, 'कांग्रेस पार्टी भ्रष्ट और सांप्रदायिक पार्टी है। सड़ी हुई सोच का नमूना है।' उन्होंने कहा कि मैंने हिमाचल में बहुत काम किया है। मैं यहां के हर शहर और उसकी एक-एक गली को जानता हूं। पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस ने 5 राक्षस पाले हैं और इनको हिमाचल से खत्म करना है। ये पांच दानव हैं खनन माफिया, वन माफिया, ड्रग माफिया, टेंडर माफिया और ट्रांसफर माफिया।
________________________________
फोर्ब्स: प्रियंका बनीं भारत की सबसे शक्तिशाली महिला
बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने फोर्ब्स की 100 ताकतवर लोगों की सूची में अपनी जगह बना ली है। इस लिस्ट में उन्हें भारत की सबसे ताकतवर महिला के तौर पर शामिल किया गया है। मनोरंजन और मीडिया के क्षेत्र में फोर्ब्स ने उन्हें 15वें स्थान पर रखा है। प्रियंका को 100 प्रभावशाली वाली सूची में 97वां स्थान मिला है। अपनी मेहनत और बेहतरीन अदाकारी के बूते प्रियंका ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ये ख्याति हासिल की है। प्रियंका के अलावा इस सूची में 4 और भारतीय महिलाएं अपनी जगह बनाने में कामयाब रही हैं। उनके अलावा आईसीआईसीआई बैंक की एमडी चंदा कोचर का नाम भी शामिल है। वहीं एचसीएल की सीईओ रोशनी नादर मल्होत्रा 57वें, बायोकॉन की फाउंडर और चेयरपर्सन किरन मजूमदार शॉ 71वें नंबर पर हैं। शोभना भरतिया का नाम भी इस सूची में है। वह 92वें पायदान पर हैं।
________________________________
राहुल की मदद से पायलट बना निर्भया का भाई
दिसंबर 2012 में देश भर को हिलाकर रख देने वाले गैंगरेप की घटना की पीड़िता निर्भया के परिवार में अब खुशियां दस्तक देने वाली हैं। दरअसल निर्भया का भाई पायलट बन गया है। प्रफेशनल पायलट बनने में उसकी मदद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने की। निर्भया की मां आशा देवी ने एक न्यूज चैनल को बताया कि उनका इकलौता बेटा राहुल गांधी की बदौलत पायलट बन पाया है। उन्होंने बताया कि राहुल ने उसकी पूरी पढ़ाई का खर्चा उठाया साथ ही वह इस दौरान उनके संपर्क में रहे। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद से राहुल परिवार को सहारा देने के लिए उनके बेटे को कुछ अच्छा करने के लिए प्रेरित करते रहे और फिर उन्होंने ही उनके बेटे को पायलट बनने का सुझाव दिया था। इस वक्त निर्भया का भाई गुड़गांव में ट्रेनिंग के अंतिम चरण में है।
________________________________
एलजी ने रोकी फाइल तो उन्हें बतानी होगी वजह
दिल्ली में सरकार और उपराज्यपाल के अधिकारों की जारी लड़ाई को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने इशारा किया है कि वह एलजी के काम करने के लिए एक दायरा तय कर सकता है। हालांकि कोर्ट ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि मौजूदा संविधान में चुनी हुई सरकार के मुकाबले उपराज्यपाल के पास ज्यादा अधिकार हैं। सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ ने इशारा किया कि वो एक ऐसी व्यवस्था के बारे में विचार कर सकते हैं कि एलजी के लिए किसी भी फाइल पर अपना मत देने के लिए एक समय सीमा तय कर दी जाए। इसके अलावा अगर एलजी को किसी फाइल पर अपना मत देने में ज्यादा समय लग रहा हो तो इसके लिए उन्हें वजह बतानी होगी। दिल्ली में सरकार को ज्यादातर काम को अंजाम देने के लिए एलजी की सहमति लेनी होती है। 1991 में संविधान में हुए बदलाव के बाद से दिल्ली को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीटी) का दर्जा दिया गया लेकिन सारा पावर या अधिकार चुनी हुई सरकार के बजाए एलजी के हाथ में दे दिया गया।
________________________________