जिओ कैप्शूल: 5 मिनट में पढ़ें 15 नवंबर की सभी बड़ी खबरें

फारुख के विवादित बोल: PoK इनके बाप का नहीं


जम्मू एवं कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नैशनल कॉन्फ्रेंस के राष्ट्रीय अध्यक्ष फारुख अब्दुल्ला ने बुधवार को एक बार फिर पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) को लेकर विवादित बयान दिया है। न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा कि पाक ने चूड़िया नहीं पहनी हुई हैं और वह अपने कब्जे वाले कश्मीर पर भारत को नियंत्रण नहीं करने देगा। उत्तर कश्मीर के बारामूला में पार्टी कार्यकर्ताओं के संबोधित करते हुए उन्होंने कहा 70 वर्ष हो गए लेकिन 'वे (भारत) इसे (पीओके) हासिल नहीं कर सके। आज, वे (भारत) दावा करते हैं कि ये हमारा है। तो इसे (पीओके) हासिल कर लीजिए, हम भी कह रहे हैं कि कृपया इसे (पाकिस्तान से) हासिल कर लीजिए। हम भी देखेंगे। वे (पाकिस्तान) इतने कमजोर नहीं हैं और उन्होंने कोई चूड़ियां नहीं पहन रखी हैं। उनके पास भी एटम बम है। युद्ध के बारे में सोचने से पहले हमें सोचना होगा कि इंसान के रूप में हम कैसे रहेंगे?
_________________

अप्रैल से गाड़ियों में इश्तेमाल होगा BS-VI फ्यूल

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए पेट्रोलियम मंत्रालय ने दिल्ली में भारत स्टैंडर्ड (BS)-VI के मानकों का पालन करने वाले फ्यूल को तय समय से पहले लाने करने का फैसला किया है। दिल्ली में BS-VI फ्यूल 1 अप्रैल 2018 से आएगा, पहले इसे 1 अप्रैल 2020 में लाने का प्लान था। पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक दिल्ली में चलने वाली सभी गाड़ियों को प्रदूषण घटाने के लिए अप्रैल 2018 से नए फ्यूल का इस्तेमाल करना होगा। बुधवार को जारी एक बयान में मंत्रालय ने कहा कि दिल्ली और आस-पास के इलाकों में प्रदूषण के खतरनाक स्तर को देखते हुए पेट्रोलियम मंत्रालय ने सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों से बातचीत करके यह फैसला किया है कि अब दिल्ली में बीएस-VI ग्रेड ईंधन को 1 अप्रैल 2020 के बजाय 1 अप्रैल 2018 से ही लागू कर दिया जाए। साथ ही पूरे NCR में बीएस-VI ग्रेड ईंधन को 1 अप्रैल 2019 से शुरू करने की संभावनाएं तलाश करने के लिए भी कहा गया है।
_________________

निजी अस्पतालों में मुफ्त इलाज करा पाएंगे सरकारी मुलाजिम

सरकारी कर्मचारियों के लिए निजी अस्पतालों में इलाज की राह को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने आसान बना दिया है। केंद्रीय कर्मचारी अब सीजीएचएस (सेंट्रल गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम) के तहत इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे। मंत्रालय द्वारा जारी नई अधिसूचना के मुताबिक, केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों को अब सीजीएचएस अस्पतालों की तरह कुछ चुनिंदा निजी अस्पतालों में इलाज कराने की सुविधा प्रदान की जाती है। दरअसल सीजीएचएस केंद्रीय कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और उनके आश्रितों को विस्तृत चिकित्सा सुविधा (मेडिकल केयर) प्रदान करता है। लेकिन सीजीएचएस की ये सुविधा कुछ खास शहरों तक ही सीमित है। सीजीएचएस के तहत लाभ पाने वालों के लिए नियमों में संशोधन इसलिए किया गया है, ताकि सरकारी अस्पतालों पर मरीजों का बोझ कम हो। साथ ही 45 लाख से ज्यादा केंद्रीय कर्मचारियों को वक्त पर माकूल इलाज मिल सके।
_________________

महाराष्ट्र में आंदोलन कर रहे किसानों पर फायरिंग, दो घायल

महाराष्ट्र में गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाए जाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों पर पुलिस फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि इस फायरिंग में दो किसान घायल हो गए। घटना राज्य के अहमदनगर जिले की है, जहां पर किसान गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाए जाने की मांग कर रहे थे। राज्य में गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाए जाने का मामला गर्म बना हुआ है। पुणे, सोलापुर और अहमदनगर जिले में किसान अपनी इस मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलनरत किसानों की मांग की समर्थन मूल्य बढ़ाकर 3000 रुपये कर दिया जाए जो कि अभी केवल 1400 रुपये है।
_________________

हिंदी के वरिष्ठ कवि कुंवर नायारण का निधन

हिंदी के वरिष्ठ कवि कुंवर नारायण का बुधवार को 90 साल की उम्र में निधन हो गया। राजधानी दिल्ली स्थित घर पर उन्होंने अंतिम सांस ली। वह पिछले चार माह से बीमार चल रहे थे। बीती चार जुलाई को ब्रेन हेमरेज के बाद वह कोमा में चले गए थे। अपने लेखन के लिए उन्हें ज्ञानपीठ पुरस्कार और पद्म सम्मान से सम्मानित किया गया था। उनके कविता संग्रह में 'चक्रव्यूह', 'परिवेश: हम तुम', 'आत्मजयी', 'अपने सामने', 'कोई दूसरा नहीं', 'इन दिनों', 'वाजश्रवा के बहाने', 'हाशिये का गवाह' प्रमुख हैं। उन्हें हिंदुस्तानी अकादमी पुरस्कार, प्रेमचंद पुरस्कार, तुलसी पुरस्कार, केरल का कुमारन अशान पुरस्कार, व्यास सम्मान, श्लाका सम्मान (हिंदी अकादेमी दिल्ली), उ.प्र. हिंदी संस्थान पुरस्कार और कबीर सम्मान मिल चुका था।
_________________

Popular posts from this blog

जिओ कॅप्सूल : ५ मिनटात वाचा ठळक बातम्या थोडक्यात

Top stories on 23rd October in a capsule