जिओ कैप्शूल: 5 मिनट में पढ़ें 1 नवंबर की सभी बड़ी खबरें

-->

रायबरेली: NTPC प्लांट में बॉयलर फटने से 25 की मौत, 200 घायल




रायबरेली के ऊंचाहार स्थित नेशनल थर्मल पॉवर कॉरपोरेशन (एनटीपीसी) के प्लांट में बॉयलर के पाइप फटने से भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक 25 लोगों के मारे जाने की खबर है, जबकि करीब 200 मजदूर झुलस गए हैं। रायबरेली के सीएमओ डीके सिंह ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हादसे में अभी तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं एडीजी कानून-व्यवस्था आनंद कुमार ने कहा कि, हमारी पहली प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने की है। डीएम और एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे। उधर, प्रमुख सचिव (गृह) ने बताया कि एनडीआरएफ की 32 सदस्यीय टीम एनटीपीसी भेजी गई है। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है। वहीं गंभीर रूप से घायलों को 50,000 रुपये और अन्य घायलों को 25,000 रुपये दिए जाएंगे।
_______________________________________________________________

सुप्रीम कोर्ट में याचिका, 8 राज्यों में हिंदू अल्पसंख्यक घोषित हों


देश के आठ राज्यों में हिंदुओं को अल्पसंख्यक का दर्जा देने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दाखिल की गई है। इन राज्यों में लक्षद्वीप, मिजोरम, नगालैंड, मेघालय, जम्मू और कश्मीर, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और पंजाब का नाम शामिल है। दिल्ली के बीजेपी नेता और वकील अश्विनी कुमार उपाध्याय की ओर से दाखिल याचिका में कहा गया है कि राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग कानून, 1992 के तहत इन राज्यों में हिंदू समुदाय के अल्पसंख्यक होने के बावजूद उन्हें यह दर्जा नहीं दिया गया। उन्हें जबर्दस्ती और मनमाने तरीके से इस अधिकार से वंचित किया गया। याचिकाकर्ता ने 1993 में केंद्र सरकार की तरफ से जारी नोटिफिकेशन को भी असंवैधानिक घोषित करने की मांग की है, जिसके तरह मुस्लिम समेत अन्य समुदायों को अल्पसंख्यक का दर्जा मिला था। उपाध्याय ने 2011 की जनगणना के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि इन आठ राज्यों में हिंदू अल्पसंख्यक हैं, लेकिन उन्हें इन राज्यों में यह दर्जा अभी तक नहीं मिला है।
_______________________________________________________________

दागियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक में सुनवाई हो: सुप्रीम कोर्ट


राजनीति से अपराधीकरण को दूर करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को आदेश जारी किए हैं। जिसमें कोर्ट ने केंद्र सरकार को आदेश दिया है कि दागी नेताओं के खिलाफ चल रहे मामलों को फास्‍ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को निर्देश दिया है कि वो दागी नेताओं के खिलाफ चल रहे मुकदमों के जल्द निपटारे के लिए फास्‍ट ट्रैक कोर्ट का गठन करे। सरकर इस बाबत एक पूरी रूपरेखा कोर्ट को सौंपेगी। इस मामले में केंद्र सरकार को 13 दिसंबर तक सुप्रीम कोर्ट को बताना होगा कि वह कितने फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाएगी और इस पर कितना खर्च आएगा। वहीं इस सुनवाई के दौरान चुनाव आयोग ने कहा कि राजनीति में अपराधीकरण रोकने के लिए दागी नेताओं पर आजीवन रोक लगानी होगी। मौजूदा कानून के तहत सजा पाए नेता अपनी सजा पूरी करने के बाद 6 साल तक चुनाव नहीं लड़ सकते।
_______________________________________________________________

सोनिया के गढ़ को चमकाने के लिए रेखा ने दिए 2.5 करोड़

बॉलीवुड अभिनेत्री और राज्यसभा सांसद रेखा ने MPLAD फंड से 2.5 करोड़ रुपये रायबरेली को दिए हैं। रायबरेली कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की संसदीय सीट है। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक अभिनेत्री ने यह फंड सड़क निर्माण, पानी की सप्लाई और बिजली सप्लाई को बेहतर करने के लिए दिया है। अधिकारियों ने कहा कि रेखा ने पहली किश्त के रूप में 1.42 करोड़ रुपये देने का फैसला किया है। इनमें से 1.06 करोड़ रुपये रेखा गणेशन के द्वारा दिया गया है। बाकि बचा हुआ भी आ जाएगा जब यूटिलाइजेशन सर्टिफिकेट जमा करवा दिए जाएंगे। अधिकारियों ने कहा 'ऐसा बहुत कम होता है जब कोई राज्यसभा सांसद अपनी मर्जी से किसी सीट के लिए इतना फंड देता है।'
_______________________________________________________________

दुपहिया, चा‍र पहिया वाहनों का इंश्‍योरेंस महंगा

दो पहिया और चार पहिया वाहनों का इंश्योरेंस बुधवार से महंगा हो गया है। इंश्योरेंस रेगुलेटर आईआरडीए ने बीमा एजेंटों को मिलने वाले कमीशन को बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। नई दरें बुधवार से ही लागू हो गई हैं। अभी तक टू-व्हीलर गाड़ियों का कमीशन कम होने के चलते बीमा एजेंट इंश्योरेंस करवाने में ज्यादा रुचि नहीं दिखाते थे। इसीलिए वे काफी समय से कमीशन बढ़ाने की मांग करते आ रहे थे। खबरों के मुताबिक, चार पहिया वाहनों के मामले में एजेंट का कमीशन बढ़कर 15 फीसदी से 17.5 फीसदी और दो पहिया वाहनों के मामले में यह 10 फीसदी से बढ़कर अब 15 फीसदी हो गया है। वर्तमान वित्‍त वर्ष की पहली तिमाही के दौरान जनरल इंश्‍योरेंस कंपनियों ने मोटर इंश्‍योरेंस पॉलिसी बेचकर 138.50 अरब रुपये का संग्रह किया। 
_______________________________________________________________

नोटबंदी के बाद क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल बढ़ा

नोटबंदी के बाद कैशलेस लेन-देन को बढ़ावा देने की कोशिशों से क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल के साथ बकाया रकम भी काफी बढ़ गई है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के मुताबिक सितंबर 2016 से सितंबर 2017 के बीच के 12 महीनों में क्रेडिट कार्ड की बकाया रकम में 38.7 फीसदी का उछाल आया है। इस दौरान कुल बकाया रकम 59,900 करोड़ रुपये हो गई। पिछले साल इसी अवधि में यह रकम 43,200 करोड़ रुपये थी। हालांकि, बीते दो साल में क्रेडिट कार्ड की बकाया रकम में लगभग 77.74 फीसदी का उछाल आया है। सितंबर 2015 में यह रकम 33,700 करोड़ रुपये थी। 
_______________________________________________________________

93 रुपए महंगा हुआ रसोई गैस सिलेंडर

तेल कंपनियों ने रसोई गैस की कीमतों में 93 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है। वहीं सब्सिडी वाला गैस सिलेंडर साढ़े चार रुपये तक महंगा हो गया है। घरेलू रसोई गैस के सब्सिडीयुक्त 14.2 किलोग्राम के एक सिलेंडर की नई कीमत अब 495.69 रुपये होगी। जुलाई 2016 में सरकार के हर महीने कीमत बढ़ाकर गैस सिलेंडर पर सब्सिडी खत्म करने के निर्णय के बाद यह सिलेंडर की कीमत में 19वीं बार इजाफा किया गया है। सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों की अधिसूचना के अनुसार विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमत में भी दो फीसदी की वृद्धि की गई है। अगस्त से अब तक इसकी कीमत में भी यह लगातार चौथी वृद्धि है। बिना-सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 93 रुपये बढ़कर 742 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है। इससे पहले आखिरी बार एक अक्टूबर को इसकी कीमत 50 रुपये बढ़ाकर 649 रुपये की गई थी।
_______________________________________________________________

Popular posts from this blog

जिओ कॅप्सूल : ५ मिनटात वाचा ठळक बातम्या थोडक्यात

Top stories on 23rd October in a capsule