जिओ कैप्शूल: 5 मिनट में पढ़ें 13 अक्टूबर की सभी बड़ी खबरें
मनी लॉन्ड्रिंग केस में वीरभद्र के बेटे पर ED की बड़ी कार्रवाई
हिमाचल विधानसभा चुनाव के बीच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सीएम वीरभद्र सिंह से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में उनके बेटे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने सीएम के बेटे विक्रमादित्य सिंह की दो कंपनी की संपत्ति जब्त की है। बता दें कि इस मामले में सीएम भी आरोपी हैं। शुक्रवार देर शाम ईडी ने इस संबंध में कार्रवाई करते हुए विक्रमादित्य सिंह की दो कपंनियों की करोड़ों की संपति कुर्क की है। जानकारी के अनुसार, विक्रमादित्य की कंपनी मेसर्स तारिणी इंटरनेशनल और तारिणी इंफ्रा दमनगंगा प्रोजेक्ट से ये कंपनी जुड़ी हैं। तारिणी इंफ्रा दमनगंगा प्रोजेक्ट गुजरात के वापी में स्थित है। जानकारी है कि ईडी ने करीब 4.2 करोड़ रुपये की संपत्ति को कुर्क किया है। इससे पहले दिल्ली के डेरा मंडी में फार्म हाउस को भी ईडी ने जब्त कर लिया है।________________________________________________
वर्ल्ड कप 2019 के बाद होगी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने वनडे लीग और विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप को अपनी मंजूरी दे दी है। आईसीसी ने यह फैसला अपनी गर्वनिंग काउंसिल की बैठक के अंतिम दिन लिया। एक खेल वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक, विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप में नौ टीमें हिस्सा लेंगी और छह सीरीज खेलेंगी, जिनमें तीन सीरीज अपने घर में और तीन सीरीज अपने घर से बाहर खेलेंगी। यह सीरीज कम से कम दो टेस्ट मैचों की होगी। यह चैम्पिनयशिप 2019 विश्व कप के बाद शुरू होगी। सीरीज के मैचों की संख्या में इजाफा भी किया जा सकता है। वहीं 2021 से शुरू होने वाली वनडे लीग में कुल 13 टीमें खेलेंगी। इस लीग को विश्व कप क्वालीफाई टूर्नामेंट भी माना जाएगा।________________________________________________
जय की कंपनी में भ्रष्टाचार का सवाल ही नहीं है : अमित शाह
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि उनके बेटे जय अमित शाह की कंपनी में भ्रष्टाचार का कोई सवाल ही नहीं है। वह न्यूज पोर्टल द वायर की उस खबर का जिक्र कर रहे थे जिसमें दावा किया गया है कि वर्ष 2014 में भाजपा के सत्ता में आने के बाद जय की कंपनी के टर्नओवर में बेतहाशा वृद्धि हुई। एक चैनल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा, 'कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगे। क्या उन्होंने कभी कोई आपराधिक मानहानि या 100 करोड़ रुपये का दीवानी मानहानि का मुकदमा दायर किया? वे ऐसे मुकदमे दायर कराने का साहस क्यों नहीं जुटा पाए? जय ने मानहानि का मुकदमा दायर किया। उन्होंने (अदालत से जांच का रुख कर) जांच की मांग की है। अब आप तथ्यों के साथ अदालत जा सकते हैं।' कांग्रेस ने इस मामले में जांच की मांग की है जबकि भाजपा ने लेख को मानहानिजनक बताया है।________________________________________________
'आधार' से मोदी सरकार को 9 अरब डॉलर की बचत
आधार कार्ड योजना से लाभार्थी सूची में धोखाधड़ी खत्म करने में मदद मिली और इससे सरकारी खजाने में 9 अरब डॉलर की बचत हुई है। आधार के सूत्रधार नंदन नीलेकणि ने यह बात कही। आधार कार्ड योजना से एक अरब से ज्यादा लोग जुड़े हैं। देश की दूसरी सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर सेवा प्रदाता कंपनी इंफोसिस के गैर-कार्यकारी चेयरमैन नंदन नीलेकणि ने कहा, 'इस प्रणाली को पूर्ववर्ती संप्रग सरकार ने उत्साहपूर्वक शुरू किया था। बाद में नरेंद्र मोदी सरकार ने इसका समर्थन किया। आधार प्रणाली पर अब एक अरब से ज्यादा लोग पंजीकृत है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष और विश्व बैंक की सालाना बैठक से इतर एक कार्यक्रम में नीलेकणि ने कहा, 'आधार में अनूठी संख्या है, जिसकी वजह से लाभार्थियों और कर्मचारी सूची से नकली लाभार्थियों को खत्म किया गया है। इससे सरकार को 9 अरब डॉलर की बचत हुई है।'________________________________________________
पटाखों पर बैन के फैसले को सांप्रदायिक रंग देना दुखद: SC
सर्वोच्च न्यायालय ने दिल्ली व राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पटाखों की बिक्री पर रोक लगाने संबंध नौ अक्टूबर के अपने फैसले को बदलने से शुक्रवार को इंकार कर दिया और इस आदेश को सांप्रदायिक रंग दिए जाने पर नाखुशी जाहिर की। न्यायमूर्ति एके सीकरी ने कहा, 'हम यह सुनकर बेहद दुखी हैं कि कुछ लोग हमारे आदेश को सांप्रदायिक रंग दे रहे हैं। कोई भी जो मुझे जानता है उसे पता है कि इन मामलों में मैं बहुत धार्मिक व्यक्ति हूं।' पटाखों पर लगे प्रतिबंध पर समीक्षा करने से इंकार करते हुए न्यायमूर्ति सीकरी और न्यायमूर्ति अशोक भूषण ने कहा, 'हम किसी बहस में नहीं पड़ने वाले हैं और किसी भी प्रकार की धार्मिक विवेचना से हमारा प्रतिबंध आदेश प्रभावित नहीं होगा।' उन्होंने कहा कि अदालत किसी को दिवाली उत्सव मनाने से नहीं रोक रहा है।________________________________________________
रोहिंग्या शरणार्थियों को वापस ना भेजे सरकार: सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को सलाह दी है कि भारत में रह रहे लगभग 40 हजार रोहिंग्या शरणार्थियों को म्यांमार वापस ना भेजा जाए। कोर्ट ने अपने लिखित आदेश में ये साफ कर दिया कि अगर किसी रोहिंग्या शरणार्थी को अपने देश वापस भेजा जाता है तो वो कोर्ट में तुरंत सुनवाई के लिए अर्जी दे सकता है। केंद्र सरकार का तर्क है कि कुछ रोहिंग्या शरणार्थियों के तार आतंकी संगठन से जुड़े हो सकते हैं। इस पर मुख्य न्यायाधीश जस्टिस दीपक मिश्रा ने कहा कि इस मामले के तीन पहलू हैं। पहला है देश की सुरक्षा, दूसरा है आर्थिक मुद्दा और तीसरा है शरणार्थियों का मानव अधिकार। अगर वो आतंकी काम में लिप्त है तो बेशक सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई करे। लेकिन शरणार्थियों में महिला, बच्चे, बूढ़े और बीमार लोग हैं। इन लोगों को पता भी नहीं कि ये सब क्या हो रहा है। हम एक संवैधानिक अदालत के नाते इस पर चुप नहीं रह सकते और हम उम्मीद करेंगे की सरकार भी इसे मानवता की दृष्टि से देखे।________________________________________________
एशिया कप 2017: भारत ने बांग्लादेश को 7-0 से रौंदा
हीरो एशिया हॉकी कप टूर्नामेंट के दूसरे मैच में भारत ने बांग्लादेश को शानदार प्रदर्शन करते हुए 7-0 से हरा दिया। मौलाना भशानी नेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने मेजबान टीम बांग्लादेश को 7-0 से करारी शिकस्त दी। भारत ने शुरुआत से ही इस मैच पर अपना दबदबा बनाया हुआ था। गुरजंत सिंह ने सातवें मिनट में फील्ड गोल कर टीम का खाता खोला। इसके बाद, 11वें मिनट में एसवी सुनील की पास को आकाशदीप ने बांग्लादेश के पाले में सफल रूप से पहुंचाया और भारत को 2-0 की बढ़त दी। टूर्नामेंट के अपने दूसरे मैच मैच में 7-0 से जीत हासिल की। इस जीत के बाद भारत पूल-ए में पहले स्थान पर आ गया है। भारत की इस टूर्नामेंट में यह लगातार दूसरी जीत है। उसने अपने पहले मुकाबले में जापान को 5-1 से हराया था।________________________________________________
