जिओ कैप्शूल: 5 मिनट में पढ़ें 9 अक्टूबर की सभी बड़ी खबरें

जम्मू-कश्मीर: मुठभेड़ में जैश का ऑपरेशनल हेड खालिद ढेर


जम्मू-कश्मीर के बारामूला में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ के दौरान आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के ऑपरेशनल हेड खालिद को मार गिराया। यह मुठभेड़ लाडुरा इलाके में हुई। खबर के मुताबिक, खालिद ने पहले चेकपोस्ट पर पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी पर फायरिंग की जिसका सुरक्षा बलों ने भी जवाब दिया। इसी बीच खालिद पास के एक घर में जा छिपा, सुरक्षाबलों ने उसी घर में उसे मार गिराया। खालिद A++ कैटेगरी का आतंकी था। वह श्रीनगर हमले का मास्टरमाइंड था और पाकिस्तान का निवासी था। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने लाडूरा इलाके की घेराबंदी कर वहां तलाशी अभियान शुरू किया था। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों के खोजी दल पर गोलीबारी कर दी जिससे मुठभेड़ शुरू हो गई।

गोधरा कांड : हाईकोर्ट ने उम्रकैद में बदली दोषियों की फांसी की सजा


2002 में गोधरा स्टेशन पर ट्रेन में हुई आगजनी मामले में सोमवार को हाईकोर्ट ने अहम फैसला सुनाया। इस मामले में 11 दोषियों की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया गया है। हालांकि, 20 दोषियों की उम्रकैद को बरकरार रखा गया है। हाईकोर्ट के मुताबिक, राज्य सरकार लॉ-ऑर्डर मेंटेन करने में नाकाम रही थी। कोर्ट ने राज्य सरकार से 59 पीड़ितों के परिवार 10 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। बता दें कि एसआईटी की स्पेशल कोर्ट की ओर से आरोपियों को दोषी ठहराए जाने और बरी करने के फैसले के खिलाफ राज्य सरकार ने हाईकोर्ट में अपील की थी। गुजरात हिंसा तब शुरू हुई, जब 27 फरवरी 2002 को गोधरा स्टेशन पर साबरमती ट्रेन में आग से अयोध्या से लौट रहे 59 लोग मारे गए। इसमें ज्यादातर लोग 'कारसेवक' थे। इसके बाद 28 फरवरी को गुजरात के विभिन्‍न शहर में दंगे भड़कने शुरू हो गए।

दिल्ली एम्स में भीड़ बढ़ा रहे हैं बिहार के लोग: अश्विनी चौबे


बिहार के लोगों के दिल्ली एम्स में आने पर केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे के विवादित बयान पर राजनीति गरमा गई है। रविवार को अश्विनी चौबे ने बयान दिया था जिसमें उन्होंने कहा था कि बिहार के लोग छोटी बीमारियों को लेकर दिल्ली एम्स पहुंच जाते हैं और इसी से वहां भीड़ बढ़ जाती है। रविवार को पटना में केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने टीकाकरण के लिए मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम की शुरूआत की और इसी मौके पर उन्होंने ये बातें कही। इस बयान के मीडिया में आने के बाद आरजेडी के उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने सोमवार को कहा कि सत्ता में बैठे लोग सत्ता के नशे में मदहोश हो गए हैं। कांग्रेस और आरजेडी ने पीएम से उन्हें बर्खास्त करने की मांग की। वहीं जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने चौबे को उन्हें ऐसे बयानों से बचने की सलाह दी।

गुजरात चुनाव: आनंदी बेन पटेल नहीं लड़ेंगी चुनाव


गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। उन्होंने भाजपा की 75 साल की पॉलिसी का हवाला देकर चुनाव नहीं लड़ने की बात कही है। इस बारे में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को लिखे पत्र में आनंदीबेन ने कहा कि वह 1998 से विधायक हैं और हर ज़िम्मेदारी को बख़ूबी निभाया है। गौरतलब है कि 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद आनंदीबेन को सीएम पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन दो साल के भीतर ही उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था। उसके बाद विजय रूपाणी को सीएम बनाया गया। रूपाणी को पार्टी अध्यक्ष अमित शाह का करीबी माना जाता है। उन्होंने कहा, 'अब मैं चुनाव नहीं लड़ूंगी. मेरे कार्यक्षेत्र का टिकट किसी युवा कार्यकर्ता को दे दिया जाए।' हालांकि अभी तक इस पर अमित शाह ने कोई जवाब नहीं दिया है।

दिल्ली: नाइजीरियन शख्स की खंभे से बांधकर बेरहमी से पिटाई

दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक नाइजीरियाई शख्स से पिटाई का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि उस नाइजीरियाई शख्स का पैर बंधा हुआ है और उसे कुछ लोग खंभे से बांधकर पीट रहे हैं। वहीं एक दूसरा शख्स, उसे बचाने की कोशिश कर रहा है। स्थानीय लोगों ने चोरी के आरोप में उसके साथ ऐसा बर्ताव किया। विडियो पिछले महीने का है। 24 सितंबर की इस घटना को किसी ने मोबाइल कैमरे से रिकॉर्ड किया है। इस विडियो को न्यूज एजेंसी एएनआई ने ट्वीट किया है। नाइजीरियन रहम की भीख मांगता दिख रहा है लेकिन पिटाई करने वाले लोगों पर इसका कोई असर नहीं पड़ रहा है। इससे पहले भी कई बार नाइजीरियाई नगारिकों से बदसलूकी और मारपीट की खबरें सामने आई हैं।




Popular posts from this blog

जिओ कॅप्सूल : ५ मिनटात वाचा ठळक बातम्या थोडक्यात

Top stories on 23rd October in a capsule