जिओ कैप्शूल: 5 मिनट में पढ़ें 27 अक्टूबर की सभी बड़ी खबरें
'पप्पू' कहना गलत, नेतृत्व करने में सक्षम हैं राहुल: शिवसेना
शिवसेना सांसद संजय राउत ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी देश का नेतृत्व करने में सक्षम हैं। इसके साथ ही उन्होंने जोर देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी की लहर फीकी पड़ गई है। राउत ने कहा कि जीएसटी को लागू किए जाने के खिलाफ गुजरात के लोगों में रोष इस बात का संकेत है कि भाजपा को चुनाव में एक कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। राज्य में विधानसभा चुनाव दिसंबर में होने हैं। एक टीवी चैनल पर चर्चा के दौरान उन्होंने यह बात कही। उन्होंने सोशल मीडिया के एक धड़े द्वारा कांग्रेस उपाध्यक्ष की खिल्ली उड़ाने के लिए इस्तेमाल किए जाने जाने वाले नाम का जिक्र करते हुए कहा, 'कांग्रेस नेता राहुल गांधी देश का नेतृत्व करने में सक्षम हैं। उन्हें 'पप्पू' कहना गलत है।'____________________________________________
उत्तर प्रदेश: तीन चरणों में होगा निकाय चुनाव
उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव का ऐलान शुक्रवार को कर दिया गया। निकाय चुनाव में तीन चरणों में मदतान होगा। यूपी इलेक्शन कमीशन ने अधिसूचना जारी कर बताया कि 16 नगर निगम, 198 नगर पालिका और 438 नगर में चुनाव होंगे। पहले चरण का मतदान 22 नवंबर, दूसरे चरण का 26 नवंबर और तीसरे चरण का मतदान 29 नवंबर को होगा। वहीं वोटों की गिनती एक दिसंबर को की जाएगी। इस चुनाव में 3.32 करोड़ मतदाता अपना वोट डालेंगे। साथ ही चुनावों के लिए 11,389 पोलिंग सेंटर और 36289 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। निर्वाचन आयुक्त के मुताबिक सभी 16 नगर निगमों में ईवीएम और अन्य में पेपर बैलट से मतदान कराया जाएगा।____________________________________________
ब्लैकमेलिंग के आरोप में पत्रकार विनोद वर्मा गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ पुलिस ने गुरुवार देर रात वरिष्ठ पत्रकार विनोद वर्मा को उनके गाजियाबाद स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद गाजियाबाद की सीजेएम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ पुलिस को वरिष्ठ पत्रकार विनोद वर्मा की ट्रांजिट रिमांड दे दी। अब छत्तीसगढ़ की पुलिस उन्हें अपने साथ लेकर पूछताछ करेगी। इससे पहले विनोद वर्मा ने कहा कि उनके पास छत्तीसगढ़ के पीडब्ल्यूडी मंत्री राजेश मूणत की सेक्स सीडी है, इसी वजह से उन्हें फंसाया जा रहा है। ट्रांजिट रिमांड के लिए कोर्ट ले जाते वक्त विनोद वर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा, 'मेरे पास मंत्री राजेश मूणत की सेक्स सीडी है। इसी कारण मुझे निशाना बनाया जा रहा है।' वहीं इस मामले में छत्तीसगढ़ के मंत्री राजेश मूणत ने कहा कि सेक्स सीडी फेक है। उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को झूठा बताया और ये भी कहा है कि उन्हें ब्लैकमेल नहीं किया जा रहा था।____________________________________________
सिर्फ RO के जल से होगा महाकाल का अभिषेक
देश के बारह ज्योतिर्लिंगों में से उज्जैन महाकाल मंदिर के शिवलिंग में हो रहे क्षरण को रोकने के लिए मंदिर प्रशासन का प्रस्ताव सुप्रीम कोर्ट ने मान लिया है। मंदिर प्रशासन ने कुछ दिनों पहले पूजा के नियमों में बदलाव को लेकर सुप्रीम कोर्ट में प्रस्ताव दिया था। मंदिर प्रशासन को पूजा नियमों में 8 बदलावों को लेकर सुप्रीम कोर्ट से हरी झंडी मिली है। अब महाकाल के दर्शन करने के लिए पहुंचे भक्त 500 मिली लीटर से ज्यादा जल नहीं चढ़ा पाएंगे। बाबा को चढ़ाया जाने वाल जल सिर्फ RO का होगा। शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट मे महाकाल मंदिर के नियमों पर सुनवाई हुई, जिसमें इन नियमों को वाजिब बताया गया। दरअसल, महाकाल मंदिर समिति ने भस्म और पंचामृत से शिवलिंग को नुकसान से बचाने के सुप्रीम कोर्ट में प्रस्ताव दिया था।____________________________________________
सोनिया गांधी की तबियत खराब, गंगाराम अस्पताल में भर्ती
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को शुक्रवार को स्वास्थ्य बिगड़ने की वजह से दिल्ली लाया गया। यहां उन्हें सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक उन्हें पेट में तकलीफ की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया। सूत्रों के अनुसार सोनिया को शिमला से एक एयर-एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। सोनिया को शिमला से वापस लाने के लिए अस्पताल के डॉक्टरों के एक दल को भेजा गया था। सर गंगाराम अस्पताल के चेयरमैन डी एस राना ने बताया कि श्रीमती गांधी को आज शाम करीब 5 बजे अस्पताल लाया गया। उन्हें पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया है। फिलहाल उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। राहुल गांधी ने ट्टीट कर बताया कि पेट में इन्फेक्शन के कारण उन्हें शिमला से दिल्ली लाया गया। आप सबकी चिंता और प्यार के लिए शुक्रिया।____________________________________________
IRCTC से टिकट बुक कराने पर नहीं मिलेगा फ्री इंश्योरेंस
अब ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुक करने पर मिल रही फ्री इंश्योरेंस की सुविधा खत्म हो सकती है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आईआरसीटीसी ने वित्त मंत्रालय और रेल मंत्रालय को इस मामले में चिट्टी लिखी है जिसमें अपनी आर्थिक तंगी का उसने हवाला दिया है। आईआरसीटीसी ने कहा है कि या तो फ्री इंश्योरेंस से होने वाले नुकसान की भरपाई की जाए या फिर सुविधा खत्म कर दी जाए। आईआरसीटीसी का कहना है कि फ्री इंश्योरेंस से 10 लाख रुपये रोजाना का नुकसान हो रहा है। अभी हर पैसेंजर पर आईआरसीटीसी 92 पैसे प्रीमियम भरता है। बता दें कि नोटबंदी के दौरान डिजिटल पेमेंट को बढ़ाने के लिए ये सुविधा दी गई थी। आईआरसीटीसी का कहना है कि सर्विस चार्ज हटने से वह पहले ही नुकसान में है और अब फ्री इंश्योरेंस से उस पर पर दोहरा बोझ पड़ रहा है।____________________________________________
