5 मिनट में पढ़ें बड़ी खबरें...
ब्रिक्स में बड़ी कामयाबी, घोषणापत्र में आतंकवाद का मुद्दा शामिल
शियामेन में आयोजित ब्रिक्स
समिट का घोषणापत्र सामने आ चुका है। BRICS के इतिहास में ऐसा पहली बार
हुआ है जब आतंकवाद की कड़े शब्दों में निंदा की गई हो। घोषणापत्र के 48वें
पैराग्राफ में लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकी संगठनों का जिक्र किया
गया है। बता दें कि ये आतंकी संगठन पाकिस्तान की जमीन से चलाए जा रहे हैं। ब्रिक्स
देशों ने आतंकवाद के खिलाफ मिलकर कदम उठाने पर सहमति जताई है। यह भारतीय राजदूतों
खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए एक बड़ी सफलता है। भारत ने यूनाइटेड नेशंस, जी20 और ब्रिक्स में आतंकवाद का मुद्दा उठाया है। इस घोषणापत्र को सभी
ब्रिक्स देशों की सहमति से तैयार किया गया है और इसमें पांचों देशों के प्रमुखों
के हस्ताक्षर हैं।
J&K: अनंतनाग में CRPF की पेट्रोलिंग पार्टी पर हमला, 4 जवान घायल
जम्मू एवं कश्मीर के अनंतनाग
जिले में सोमवार को आतंकियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के काफिले पर
हमला कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, अनंतनाग जिले के काजीगुंद
इलाके में आतंकियों ने सीआरपीएफ की पेट्रोलिंग पार्टी पर ग्रेनेड से हमला किया।
वहीं उत्तर-कश्मीर में बारामूला जिले के सोपोर शहर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के
बीच सोमवार को ही मुठभेड़ में 2 आतंकी मारे गए थे। आतंकियों की मौजूदगी के बारे
में खुफिया जानकारी मिलने पर वहां घेराबंदी करके तलाशी अभियान चलाया गया था। इसी
दौरान आतंकियों ने उन पर गोली चलानी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में 2 आतंकी ढेर
हो गए।
फर्रुखाबाद के हॉस्पिटल में 49 बच्चों की मौत
यूपी के फर्रुखाबाद स्थित
राम मनोहर लोहिया सरकारी हॉस्पिटल में एक महीने के दौरान 49 बच्चों की
मौत के मामले में प्रदेश सरकार ने कड़ी कार्रवाई करते हुए डीएम, सीएमओ और जिला महिला अस्पताल की सीएमएस का तबादला कर दिया। राज्य सरकार के
एक प्रवक्ता के मुताबिक कुल 49 बच्चों में से 19 तो पैदा होते ही मर गए। जिला प्रशासन की रिपोर्ट में जांच में ऑक्सीजन की
कमी और इलाज में लापरवाही बरतने के आरोप में नगर मजिस्ट्रेट जयनेंद्र कुमार की
तहरीर पर सीएमओ, सीएमएस और अन्य के खिलाफ मामला रविवार को दर्ज किया गया
है। इन अधिकारियों के खिलाफ धारा 304 (गैर इरादतन हत्या), 176 के तहत मामला दर्ज कराया है।
सायना-गोपीचंद एक बार फिर साथ-साथ, 3 साल बाद मिलाया हाथ
भारत की बैडमिंटन स्टार
सायना नेहवाल अब अपने पुराने गुरू पुल्लेला गोपीचंद के पास लौट आई हैं। सायना ने
सोमवार को ट्विटर के जरिए ऐलान किया कि वो फिर से अपने पुराने कोच पुल्लेला
गोपीचंद के साथ ट्रेनिंग करेंगी। सायना ने अपने कोच विमल कुमार को खुद से अलग कर
लिया है। विमल 3 साल तक सायना के कोच बने रहे। इन तीन सालों के दौरान सायना वर्ल्ड
नंबर-1 खिलाड़ी बनीं और साथ ही कई बड़े खिताब जीते। सायना ने ट्वीट करके लिखा कि, 'मैं काफी दिनों से सोच रही थी कि दोबारा से अपनी ट्रेनिंग गोपीचंद अकेडमी
में शुरू करूं और मैंने इस बारे में गोपी सर से बात की। मैं उनकी बहुत शुक्रगुजार
हूं कि वो फिर से मुझे ट्रेनिंग देने के लिए राजी हो गए हैं।'
जेपी के फ्लैट खरीदारों को राहत, SC ने रोकी दिवालिया प्रक्रिया
जेपी इंफ्रा में फंसे 32
हजार से अधिक निवेशकों को राहत देते हुए सुप्रीम कोर्ट ने नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल
(एनसीएलटी) में कंपनी के खिलाफ चल रही दिवालिया संबंधी कार्रवाई पर रोक लगा दिया
है। जेपी इंफ्राटेक को एनसीएलटी ने पिछले 10 अगस्त को दिवालिया घोषित कर दिया था।
जेपी इंफ्रा के दिवालिया होने से फ्लैट खरीदने वाले सैकड़ों लोग बीच मझधार में फंस
गए थे। कोर्ट ने जेपी इन्फ्राटेक और दूसरे लोगों से मकान खरीदने वाले उन लोगों की
अपील पर नोटिस जारी किया,
जिन्हें अब तक फ्लैट का कब्जा नहीं मिला है। इस मामले की
अगली सुनवाई अब 10 अक्टूबर को होगी।
