5 मिनट में पढ़ें बड़ी खबरें...
घरेलू रसोई गैस सिलिंडर 73.50 रुपये तक महंगा
आम आदमी पर महंगाई का बोझ और
बढ़ गया है। एक सितंबर से बिना सब्सिडी वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 73.50 रुपये और सब्सिडी वाले गैस
सिलेंडर के दाम 7.23 रुपये बढ़
गए हैं। दिल्ली में सब्सिडी के साथ 14.2 किलोग्राम वाले LPG
सिलेंडर की कीमत 479.77 रुपये से बढ़कर 487.18 हो गई है। आपको बता दें कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियां हर 15 दिन में कीमतों की समीक्षा
करती हैं। बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर के दाम दिल्ली में अब 524 रुपये से बढ़कर 597.50 रुपये हो गए हैं। इससे पहले
एक जुलाई को ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने सिलेंडर की कीमत में 32 रुपये का इजाफा किया था।
दिल्ली: गाजीपुर में नहर में गिरीं कई गाड़ियां, 2 लोगों की मौत
दिल्ली के गाजीपुर में कूड़े
का पहाड़ गिर गया। इसके कारण कुछ गाड़ियां और मोटरसाइकिल कोंडली नहर में गिर गईं। इस
हादसे में कई लोगों के घायल होने की भी खबर है। हादसे में 2 लोगों के मौत की भी
बात सामने आ रही है वहीं 5 लोगों को बचा लिया गया है। 16 गोताखोर इस वक्त बचाव
कार्य में जुटे हुए हैं। एनडीआरएफ की भी एक टीम बचाव में जुट गई। दिल्ली के
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी घटनास्थल का दौरा किया। ईडीएमसी कमिश्नर रणबीर
सिंह ने कहा है कि घटना किस कारण हुई यह जांच के बाद ही कहा जा सकता है। एमसीडी की
टीम मौके पर पहुंच गई है और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती किए जाने की भी
खबर है।
रविवार को होगा मोदी कैबिनेट का विस्तार
मोदी कैबिनेट का रविवार को
तीसरा विस्तार होगा। सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री के रविवार से शुरू होने वाले
चीन दौरे से पहले कैबिनेट विस्तार हो जाएगा। विस्तार से पहले ही इस्तीफों की झड़ी
लग गई है। सबसे पहले कौशल विकास मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने अपना इस्तीफा सौंपा
इसके बाद स्वास्थ्य राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने भी अपने पद से इस्तीफा दे
दिया। इसके अलावा उमा भारती ने भी इस्तीफे की पेशकश की है। वहीं यूपी से मंत्री
संजीव बालियान, कलराज मिश्र, निर्मला सीतारमण और महेंद्र
नाथ पांडे की पार्टी अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात के बाद इस्तीफे की खबर है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार मंत्रियों के कामकाज का आंकलन कर रहे हैं, जिनके काम में कमी है उनके विभागों को बदलने की तैयारी भी हो रही है।
नोटबंदी आजाद भारत का सबसे बड़ा घोटाला: कांग्रेस
नोटबंदी को लेकर रिजर्व बैंक
के आंकड़ों को लेकर विपक्षी पार्टियों ने केंद्र सरकार की तीखी आलोचना शुरू कर दी
है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि नोटबंदी से सकल घरेलू उत्पाद यानी जीडीपी को
2.25 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने नोटबंदी को
आजाद भारत का सबसे बड़ा घोटाला बताते हुए मांग की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
देश से माफी मांगें। कांग्रेस ने नोटबंदी को देश का सबसे बड़ा घोटाला बताते हुए
कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। माकपा के
महासचिव सीताराम येचुरी ने नोटबंदी को मोदी सरकार का आर्थिक कुप्रबंधन करार दिया।
उन्होंने कहा कि इससे धन्नासेठ नहीं बल्कि गरीब सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं।
ब्लू व्हेल की एडमिन रूस में गिरफ्तार
100 से अधिक लोगों की जान
लेने वाले मोबाइल गेम ब्लू व्हेल चैलेंज को एक 17 साल की लड़की हैंडल कर रही थी।
इस गेम की एडमिन को रूस से गिरफ्तार कर लिया गया है और वह मनोविज्ञान की छात्रा
है। इस गेम को इंस्टॉल करने वाले को वह धमकी देती थी कि टास्क पूरा नहीं करने पर
वह उसे और उसके परिवार का कत्ल कर देगी। एक रिपोर्ट के मुताबिक इस गेम से जुड़े
लोग ऐसे लोगों को निशाना बनाते हैं जो तनाव से जूझ रहे होते हैं साथ ही जिनमें
सुसाइड करने की प्रृवृत्ति है। दूसरी तरफ केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी देश के सभी
स्कूलों को चिट्ठी लिखी हैं कि जान देने वाले खेल में बच्चों को फंसना दुखद है।
उन्होंने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को इस बारे में तकनीकी हल निकालने के लिए कहा
है।
