5 मिनट में पढ़ें 5 सितंबर की सभी बड़ी खबरें....


मोदी-जिनपिंग में बातचीत, चीन बोला- पंचशील समझौते पर चलेंगे




डोकलाम विवाद के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच श्यामन में पहली बार बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी के साथ एक दूसरे से हाथ मिलाया और उनके बीच करीब 45 मिनट तक बातचीत हुई। पीएम मोदी ने कहा कि भारत द्विपक्षीय बातचीत को लेकर उत्साहित है। ब्रिक्स सम्मेलन की सफलता पर चीन को बधाई देना चाहता हूं। ब्रिक्स को प्रासंगिक बनाने में यह शिखर सम्मेलन बेहद सफल हुआ है। वहीं चीन के राष्ट्रपति जिनपिंग ने पीएम मोदी से कहा कि चीन  भारत के साथ मिलकर पंचशील के सिद्धांत के तहत काम करने को तैयार है। विदेश सचिव एस जयशंकर ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत में सीमा पर शांति बनाए रखने पर सहमति बनी है।

दो दिवसीय म्यांमार दौरे पर गए पीएम मोदी, सू की से मिलेंगे


चीन में ब्रिक्स सम्मलेन में शिरकत करने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी म्यांमार दौरे पर पहुंच चुके हैं। पीएम मोदी म्यांमार के दो दिवसीय दौरे पर नैपीडा पहुंचे हैं। मोदी का राजधानी में राष्ट्रपति महल में स्वागत किया गया जहां उन्होंने म्यांमार के राष्ट्रपति तिन क्याव से मुलाकात की। नरेंद्र मोदी बुधवार को म्यांमार की स्टेट काउंसिलर आंग सान सू की से भी मुलाकात करने वाले हैं। माना जा रहा है कि मोदी इस मुलाकात में रखाइन प्रांत में रोहिंग्याओं पर हो रही हिंसा का मुद्दा उठा सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि भारत और म्यांमार सुरक्षा और आतंकवाद, व्यापार और निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर, ऊर्जा और संस्कृति के क्षेत्रों में मौजूदा सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।

सातवां वेतन आयोग:  केंद्रीय कर्मचारियों की न्यूनतम सैलरी 21,000 करने की तैयारी? 

केंद्र सरकार सातवें वेतन आयोग के अंतर्गत न्यूनतम वेतन में इजाफा करने का विचार कर रही है। ऐसे में यह केंद्रीय कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर हो सकती है। जानकारी के मुताबिक केंद्रीय कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन 21,000 रुपये हो सकता है। मौजूदा समय में केंद्रीय कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन 18,000 रुपये है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार से मंजूरी मिल जाने के बाद इसे लागू कर दिया जाएगा। केंद्रीय कैबिनेट ने 28 जून को 34 बदलावों के साथ सातवें वेतन आयोग को अप्रूवल दिया था। उधर ओडिशा सरकार भी 26 सितंबर से सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने के लिए सहमत हो गई है। इस फैसले से ओडिशा सरकार को 45,000 करोड़ अतिरिक्त व्यय करने पड़ेंगे।

लखनऊ मेट्रो शुरू, आज से आम लोग कर सकेंगे सफर


लखनऊ में मेट्रो सर्विस शुरू हो चुकी है। आम यात्रियों के लिए इसे बुधवार से चलाया जाएगा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने मेट्रो का उद्घाटन किया। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे। सोशल मीडिया पर लोग लखनऊ में मेट्रो का श्रेय अखिलेश यादव को दे रहे हैं। वहीं कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने लिखा कि आज लखनऊ मेट्रो का उद्घाटन है कम से कम अखिलेश यादव को भी फंक्शन में बुला लेते जिन्होंने सचमुच इसे बनाया है। इससे पहले सोमवार को अखिलेश यादव ने कुछ फोटो ट्वीट किए, जिनमें उन्होंने ट्रेन डिपो का लोकार्पण और ट्रायल रन का शुभारम्भ किया था। अखिलेश यादव ने लिखा कि इंजन तो पहले ही चला दिया था..डिब्बे तो पीछे आने ही थे।


हाईकोर्ट का आदेश, डेरे में जाकर पुलिस लेगी तलाशी


पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने मंगलवार को आदेश दिया है कि सिरसा स्थित डेरा के हेडक्वॉर्टर में सर्च ऑपरेशन किसी जुडिशल अफसर की निगरानी में चलाया जाए। अदालत ने रिटायर्ड जज के एस पवार को तलाशी अभियान के लिए कोर्ट कमिश्नर नियुक्त किया है। वह एक सीलबंद लिफाफे में हाई कोर्ट को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। इसके अलावा इस पूरी तलाशी अभियान की वीडियोग्राफी भी की जाएगी। इससे पहले हरियाणा पुलिस राम रहीम की मुंहबोली बेटी हनप्रीत इंसान की तलाश में लखीमपुर खीरी पहुंच चुकी है. हालांकि पुलिस को इस मामले में अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।

Popular posts from this blog

जिओ कॅप्सूल : ५ मिनटात वाचा ठळक बातम्या थोडक्यात

Top stories on 23rd October in a capsule