5 मिनट में पढ़ें 15 सितंबर की सभी बड़ी खबरें....

हॉस्पिटल लाए जाने तक जिंदा था प्रद्युम्न! CBI करेगी जांच


गुरुग्राम के रायन इंटरनेशनल स्कूल में हुए प्रद्युम्न हत्याकांड में एक नया मोड़ सामने आया है। सेफ हैण्ड हॉस्पिटल के डॉक्टर रोमित हुड्डा का दावा है कि जब प्रद्युम्न को हॉस्पिटल लाया गयातब वो जिंदा था। बता दें कि सेफ हैण्ड हॉस्पिटल में ही सबसे पहले प्रद्युम्न को ले जाया गया था। डॉ हुड्डा ने बताया कि 'सुबह करीब 8 से 8:30 के बीच की बात है। जब प्रद्युम्न को हॉस्पिटल लाया गया था। हमने उसे ऑक्सीजन सिलेंडर लगाया। इसके बाद उसे अर्टेमिस हॉस्पिटल ले गए।इसी बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने प्रद्युम्न के घर जाकर उसके परिजनों से मुलाकात की। सीएम ने परिवार से मिलकर मामले की सीबीआई जांच का आश्वासन दिया। वहीं रायन स्कूल की इस ब्रांच को तीन महीने के लिए राज्य सरकार ने टेकओवर कर लिया है।


देशभर में एक होंगे पेट्रोल-डीजल के दाम!

जल्द पूरे देश में पेट्रोल-डीजल की एक समान कीमत हो सकती है। इसके लिए सरकारी स्‍तर पर प्रयास शुरू हो गया है। राज्य नैचुरल गैस पर वैल्यू ऐडेड टैक्स रेट 5% तक रखने और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में इनपुट के रूप में इस्तेमाल होने वाले पेट्रोल, डीजल जैसे दूसरे ईंधनों पर वैट रेट कम करने पर राजी हो गए हैं। राज्यों में इसकी रूपरेखा बनने के बाद जीएसटी काउंसिल इस स्कीम पर विचार करेगी। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बताया कि काउंसिल इस प्रस्ताव पर जल्द ही अपना अंतिम फैसला लेगी। इसको लेकर अभी आधिकारिक स्तर पर केंद्र और राज्यों के बीच बात चल रही है। अगर पूरे देश में पेट्रोलियम प्रॉडक्ट्स पर एक समान टैक्स हो जाएगा तो उन राज्यों में पेट्रोल और डीजल की कीमतें कम हो सकती हैं। 

जल्द ही ड्राइविंग लाइसेंस भी आधार से होगा लिंक: रवि शंकर प्रसाद

आधार कार्ड को पैन कार्ड से लिंक करने के बाद अब सरकार आपके ड्राइविंग लाइसेंस को भी इससे लिंक करने की तैयारी कर रही है। शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि जल्द ही ड्राइवरों के लाइसेंस को भी आधार के साथ लिंक किया जाएगा। हालांकि इस काम की समयसीमा के बारे में उन्होंने जानकारी नहीं दी। बता दें कि रवि शंकर प्रसाद का आधार पर यह बयान ऐसे वक्त में आया है, जब सुप्रीम कोर्ट को आधार कार्ड पर यह फैसला लेना है कि इससे निजता के अधिकार का उल्लंघन होता है या नहीं। नवंबर तक में कोर्ट इस पर कोई फैसला लेगी।

 चुनाव प्रक्रिया के जरिए पार्टी अध्यक्ष बनना चाहते हैं राहुल: मोइली

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एम वीरप्पा मोइली ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी आंतरिक चुनाव प्रक्रिया के जरिए पार्टी अध्यक्ष बनना पसंद करेंगे। इतना ही नहीं मोइली ने इस बात के संकेत भी दिए कि राहुल अगले महीने ही कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभाल सकते हैं। राहुल ने हाल ही में कहा था कि अगर पार्टी उनसे कहती है तो वह अध्यक्ष बनने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। एक न्यूज एजेंसी के मुताबिक पूर्व केंद्रीय मंत्री मोइली ने मुताबिक, राहुल द्वारा पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालना कांग्रेस के लिए गेम चेंजर साबित होगा। उन्होंने कहा, 'राहुल जल्द ही कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। वह सिर्फ चुनाव प्रक्रिया के जरिये ही अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (AICC) का अध्यक्ष बनना चाहेंगे।'

लंदन: मेट्रो में 'आतंकी हमला', यात्रियों के चेहरे झुलसे

लंदन में अंडरग्राउंड रेलवे स्टेशन में सुबह करीब 8.20 बजे धमाका हुआ। धमाके में करीब 18 यात्री घायल हो गए हैं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार धमाका पार्संस ग्रीन स्टेशन पर हुआ है। धमाके के बाद स्टेशन पर भगदड़ मच गई। जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। लंदन पुलिस ने अंडर ग्राउंड ट्रेन पर हुए इस हमले को आतंकी हमला करार दिया है। पुलिस ने चश्मदीदों से सामने आने को कहा है। पुलिस का कहना है कि अगर किसी के पास फोटो या वीडियो है तो वो हमें बताएं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धमाका ट्रेन के पीछे रखे सफेद कंटेनर में हुआ, जिससे कुछ यात्रियों के चेहरे झुलस गए। धमाके के बाद ट्रेन में काफी ज्यादा धुंआ भर गया था।

सहवाग का तंज: 'मेरी BCCI में सेटिंग नहीं है'

टीम इंडिया के पूर्व ओपनिंग बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने टीम इंडिया का कोच न चुने जाने पर एक बड़ा बयान दिया है। सहवाग ने कहा कि क्योंकि बीसीसीआई में उनकी कोई 'सेटिंग' नहीं है इसलिए वो टीम इंडिया के कोच नहीं बन पाए। साथ ही सहवाग ने ये कहा कि टीम इंडिया का कोच बनने में उन्हें कोई दिलचस्पी नहीं थी और बीसीसीआई खुद उनके पासा आया था इसलिए उन्होंने कोच पद के लिए आवेदन दिया। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि वह दोबारा कोच पद के लिए अप्लाई नहीं करेंगे। एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने दावा किया, 'मेरी विराट कोहली से बात हुई थी, उन्होंने मुझे इसके लिए आगे बढ़ने की सलाह दी थी। सिर्फ इस वजह से मैंने अप्लाई किया था।'





Popular posts from this blog

जिओ कॅप्सूल : ५ मिनटात वाचा ठळक बातम्या थोडक्यात

Top stories on 23rd October in a capsule