5 मिनट में पढ़ें 14 सितंबर की सभी बड़ी खबरें....
मोदी और आबे ने रखी देश की पहली बुलेट ट्रेन की नींव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापानी पीएम शिंजो आबे ने गुरुवार को बुलेट
ट्रेन का शिलान्यास किया। इस दौरान पीएम मोदी ने जापानी पीएम शिंजो आबे को अपना
दोस्त बताया और कम ब्याज दर पर लोन देने के लिए शुक्रिया भी कहा। मोदी ने कहा कि
सपनों का विस्तार ही किसी भी देश को आगे बढ़ाता है, ये न्यू इंडिया है। आजादी के 70 साल पर हम इस प्रोजेक्ट को शुरू कर रहे
हैं। हमारी कोशिश है कि जब हम आजादी का 75वां साल मनाएं तो हमारा बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट पूर हो जाए। पीएम मोदी ने
कहा कि बुलेट ट्रेन से रफ्तार और रोजगार दोनों आएंगे, भारत-जापान की दोस्ती सीमाओं से परे है। तेज गति और
प्रगति से तेज परिणाम आएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट के लिए शिंजो आबे ने
निजी रूप से रुचि दिखाई,
इसलिए
तेजी से काम हो रहा है।
अमरनाथ हमले का मास्टरमाइंड लश्कर आतंकी अबु इस्माइल मारा गया
लश्कर आतंकी अबु इस्माइल मारा गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को श्रीनगर
के नौगाम में सुरक्षाबलों के साथ हुए एनकाउंटर में वो मारा गया। बताया जा रहा है
कि इस मुठभेड़ में इस्माइल के अलावा एक और आतंकी ढेर हुआ है। वो अमरनाथ यात्रा पर
हुए हमले में शामिल था। एनकाउंटर में उसके अलावा एक अन्य आतंकी मारा गया है। अबु
इस्माइल की हत्या के बाद जम्मू कश्मीर में मोबाइल इंटरनेट सर्विस बंद की गई। यह
कदम एहतियातन उठाया गया है ताकि हालात बिगड़ न सकें। 11 जुलाई को अमरनाथ यात्रियों पर हुए हमले
के तुरंत बाद इस्माइल की तलाश शुरू की गई थी। इस्माइल पाकिस्तानी मूल का नागरिक
था।
दिल्ली-एनसीआर में नहीं चलेंगी 10 साल पुरानी डीजल गाड़ियां
राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (NGT) ने डीजल वाहनों पर प्रतिबंध के उसके आदेश में बदलाव की मांग करने वाली
केन्द्र की याचिका खारिज कर दी है। उसने दिल्ली-एनसीआर में 10 साल पुराने
डीजल वाहनों पर लगा प्रतिबंध हटाने से इनकार कर दिया है। एनजीटी ने कहा कि एक डीजल
वाहन, 24 पेट्रोल
वाहनों और 40 सीएनजी
वाहनों के बराबर प्रदूषण फैलाता है। एनजीटी के प्रमुख जस्टिस स्वतंत्र कुमार ने
कहा है कि 15 साल से
पुरानी गाड़ियां जहां भी मौजूद हैं, उन पर कार्रवाई की जाएगी। पीठ ने खुले में प्लास्टिक और पत्ते जलाने पर भी
रोक लगाई है। इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट के वकील वर्दमान कौशिक याचिकाकर्ता
हैं। कौशिक के मुताबिक दिल्ली दुनिया का दूसरी सबसे अधिक प्रदूषित शहर बन गया है।
पहलू खान हत्याकांड में 6 आरोपियों को पुलिस की क्लीन चिट
राजस्थान पुलिस ने डेरी किसान पहलू खान हत्याकांड में छह आरोपियों को क्लीन
चिट दे दी है। पुलिस ने यह फैसला स्टाफ के बयान और मोबाइल फोन के रिकॉर्ड के आधार
पर लिया है। अलवर से हरियाणा मवेशी ले जा रहे पहलू खान को गौरक्षकों के एक ग्रुप
ने गो-तस्करी के इल्जाम में बुरी तरह से पीटा था। पिटाई के बाद पहलू खान की मौत हो
गई थी लेकिन अपनी मौत से पहले पुलिस को दिए स्टेटमेंट में उसने छह लोगों पर पीटने
का इल्जाम लगाया था। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक अलवर के एसपी राहुल
प्रकाश ने कहा है कि पहलू खान ने जिन छह लोगों पर पिटाई के आरोप लगाए थे, उनके खिलाफ अब केस
बंद कर दिया गया है। सीबी-सीआईडी की जांच में इन्हें निर्दोष पाया गया था।
प्रद्युमन मर्डर केस: हैरान करने वाला फुटेज आया सामने
रयान इंटरनेशनल स्कूल में सात साल के बच्चे प्रद्युमन की हत्या मामले में
सीसीटीवी का एक फुटेज सामने आया है। इस फुटेज में जो दिखा है वो हैरान कर देने
वाला है। फुटेज में खून से लथपथ प्रद्युमन रेंगते हुए बाथरूम से बाहर आते हुए दिख
रहा है। इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, एसआइटी टीम स्कूल में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे
में लेकर प्रद्युम्न के एक-एक पल का रिकार्ड खंगाल रही है। हालांकि अब तक टॉयलेट
के बाहर का कैमरा बंद होने की बात कही गई थी, लेकिन वह चालू था। इस कैमरे में टॉयलेट के अंदर के दृश्य
को छो़ड़ सारा माजरा कैद है। वहीं बॉम्बे हाई कोर्ट ने स्कूल संचालकों ऑगास्टाइन
पिंटो, ग्रेस पिंटो
और रायन पिंटो की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है, हालांकि कोर्ट ने शुक्रवार शाम तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक
लगा दी है।
सिक्किम पर प्रियंका के बयान से भड़के लोग, हो गईं ट्रोल
प्रियंका ने पिछले दिनों टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में एक इंटरव्यू
के दौरान भारत के सिक्किम को उग्रवाद से परेशान राज्य बता दिया। दरअसल, यहां उनकी फिल्म 'पहुना' को स्टैंडिंग ओविएशन
मिला, जिसे
उन्होंने खुद प्रड्यूस किया है। उन्होंने बताया कि 'पहुना' उस राज्य से पहली फिल्म है। प्रियंका के इस बयान के बाद सोशल साइट पर उनके
खिलाफ नाराजगी साफ झलकने लगी। प्रियंका के इस बयान के बाद सोशल साइट पर लोगों ने
प्रियंका को घेरते हुए कहा कि सिक्किम भारत का सबसे शांतिपूर्ण राज्य है। उनका यह
भी कहना है कि इस क्षेत्र से पहले भी कई फिल्में बन चुकी हैं। प्रियंका के इस बयान
को लेकर सोशल साइट पर लोग उन्हें नसीहतें दे रहे हैं।
