5 मिनट में पढ़ें 23 अगस्त की बड़ी खबरें...

औरैया में डंपर से टकराकर पटरी से उतरी कैफियत एक्सप्रेस, 74 घायल


यूपी के औरैया में कैफियत एक्सप्रेस के 8 डिब्बे बुधवार को डंपर से टकराकर पलट गए। इस दुर्घटना में करीब 74 यात्री घायल हो गए। इस हादसे के बाद कानपुर-टूंडला सेक्शन की सभी पैसेंजर ट्रेनों और 3 एक्सप्रेस ट्रेनों को कैंसल कर दिया गया, जबकि 40 से अधिक ट्रेनों का मार्ग बदल दिया गया। बताया जा रहा है कि जो डंपर ट्रेन से टकराया, वह रेलवे के काम में ही लगा हुआ था। बालू से भरा यह डंपर ट्रैक पर पलट गया था, लेकिन इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों को नहीं दी गई थी।डंपर पलटने के बाद उसका ड्राइवर वहां से फरार हो गया था। रात 2.40 बजे कैफियत एक्सप्रेस यहां से गुजरी और डंपर से टकरा गई।

रेलमंत्री सुरेश प्रभु के इस्तीफे की पेशकश पर पीएम बोले, इंतजार करें

चार दिनों में दो रेल हादसों के बाद रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने बुधवार को पीएम मोदी को इस्तीफे की पेशकश की है। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा, 'हादसे की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मैं पीएम मोदी से मिला। उन्होंने मुझे इंतजार करने को कहा है।' हालांकि माना जा रहा है कि अगले कैबिनेट विस्तार में उनकी रेलवे से छुट्टी हो सकती है। इसी सिलसिले में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अशोक कुमार मित्तल ने भी इस्तीफा दे दिया है। उनके स्थान पर अश्विन लोहानी को रेलवे बोर्ड की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

200 रुपये का नोट लाएगा RBI, सितंबर से होगा हाथ में


रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया जल्द 200 रुपये का नोट लाएगा। इसको लेकर सरकार ने अधिसूचना जारी कर दी है। बताया जा रहा है कि यह नोट सितंबर तक बाजार में आ जाएगा। विशेषज्ञों के मुताबिक जाली नोटों पर लगाम लगाने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। माना जा रहा है कि 200 रुपए के 50 करोड़ नोट मार्केट में लाए जा सकते हैं। 200 के नोट के दो फायदे होंगे- एक तो कैश लेनदेन में आसानी होगी और दूसरा इससे कुल करंसी में छोटे नोटों की संख्या बढ़ जाएगी।

OBC आरक्षणः 8 लाख रुपये सालाना की गई क्रीमी लेयर की इनकम लिमिट

वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बुधवार को केंद्र सरकार की नौकरियों में ओबीसी के लिए क्रीमी लेयर की मैक्सिमम इनकम लिमिट बढ़ाकर 8 लाख रुपये सालाना कर दी। पहले यह लिमिट 6 लाख थी। जिनकी आय अधिक होती है उन्हें क्रीमी लेयर कहा जाता है और वे आरक्षण के लिए पात्र नहीं होते। केंद्र सरकार ने क्रीमी लेयर को फिर से परिभाषित करने का फैसला जरूरतमंद और समाज के निचले तबके तक फायदा पहुंचाने के लिए किया है। ओबीसी आरक्षण के लिए आखिरी समीक्षा साल 2013 में की गई थी।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद तीन तलाक का पहला मामला

सुप्रीम कोर्ट द्वारा असंवैधानिक घोषित किए जाने के बाद तीन तलाक का पहला मामला सामने का आया है। आरोप है कि मेरठ के सरधना क्षेत्र की इस घटना में सिराज खान नाम के एक शख्स ने अपनी पत्नी अर्शी को दहेज के लालच में भरी पंचायत में तलाक दे दिया। पीड़िता 3 बच्चों की मां है। उसने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। सिराज शादी के बाद से ही अपनी पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। परिजनों के मुताबिक उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसले की भी दुहाई दी, लेकिन सिराज सरकार और सुप्रीम कोर्ट को अपशब्द कहते हुए तलाक देने पर अड़ा रहा।

Popular posts from this blog

जिओ कॅप्सूल : ५ मिनटात वाचा ठळक बातम्या थोडक्यात

Top stories on 23rd October in a capsule