5 मिनट में पढ़ें 18 अगस्त की बड़ी खबरें
इन्फोसिस के CEO विशाल सिक्का का इस्तीफा, 32,000 करोड़ डूबा
देश की दिग्गज IT कंपनी इंफोसिस के CEO और MD विशाल सिक्का ने
शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। सिक्का के इस्तीफे की खबर के बाद इंफोसिस
के शेयरों की बिक्री तेज हो गई और शेयर 10% तक टूट गया। सिक्का के इस्तीफ़े से शेयर का मार्केट कैप करीब 32 हज़ार करोड़ रुपये घट गया। विशाल सिक्का ने
कहा, 'मैनेजमेंट और प्रमोटर्स
के साथ लगातार मतभेद बढ़ रहे थे, इसीलिए इस्तीफा
दिया।' अब यूबी प्रवीन राव को
अंतरिम एमडी और सीईओ नियुक्त किया गया है। नारायण मूर्ति ने कहा कि वो कंपनी बोर्ड
की ओर से लगाए गए सारे आरोपों का सही समय पर, सही फोरम में, जवाब देंगे।
50 रुपये का नया नोट जारी करेगा आरबीआई
रिजर्ब बैंक जल्द ही 50 रुपये का नया नोट जारी करने जा रहा है।
हालांकि पुराने नोट भी चलते रहेंगे। नए नोट के पिछले हिस्से पर रथ के साथ हम्पी की
आकृति होगी। यह आकृति देश की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करेगी। कर्नाटक स्थित
हम्पी यूनेस्को द्वारा घोषित वर्ल्ड हेरिटेज साइट है। असल में यह मंदिरों और
स्मारकों का शहर है। Fluorescent Blue कलर के नए नोट पर महात्मा गांधी की तस्वीर है और इस नोट का आकार पुराने नोट के
जितना ही बताया जा रहा है।
UP: मदरसों में गड़बड़ी रोकने के लिए पोर्टल लॉन्च
योगी सरकार ने मदरसों पर
सख्ती के लिए नया आदेश जारी किया। इसके अनुसार प्रदेश में संचालित होने वाले सभी
मदरसे ऑनलाइन किए जाएंगे। यह कदम योगी सरकार ने मदरसों में होने वाली धांधली को
रोकने के लिए उठाया है। इसके लिए सरकार की तरफ से शुक्रवार को एक पोर्टल लॉन्च
किया गया। इस पोर्टल के लॉन्च होने के बाद मदरसा शिक्षा बोर्ड से जुड़े तमाम
मदरसों में होने वाली किसी भी अनियमितता को रोकने में मदद मिलेगी। पोर्टल के लॉन्च
होने बाद वेतन भुगतान, छात्रवृत्ति सहित
तमाम दिक्कतों का निबटारा ऑनलाइन किया जा सकेगा। प्रदेश में अभी 6725 मान्यता प्राप्त मदरसे हैं।
गोरखपुर: बच्चों की मौत मामले पर योगी सरकार को HC का नोटिस
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने
गोरखपुर के बीआरडी अस्पताल में बच्चों की मौत के मामले पर राज्य सरकार से जवाब
मांगा है। इस मामले में दाखिल एक जनहित याचिका की सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने
पूछा कि आखिर बच्चों की मौत कैसे हुई। इस मामले की अगली सुनवाई 29 अगस्त को होगी। वहीं इस मामले पर डीएम ने अपनी
रिपोर्ट में ऑक्सीजन सप्लाई करने वाली कंपनी पुष्पा सेल्स को जिम्मेदार ठहराया है।
इसके साथ ही बीआरडी के प्रिंसिपल आर के मिश्रा और एनिस्थिसिया डिपार्टमेंट के डॉ.
सतीश का रवैया भी लापरवाही भरा बताया गया है।
ICC वनडे रैंकिग में विराट कोहली टॉप पर बरकरार
भारतीय टीम के कप्तान
विराट कोहली आईसीसी की वनडे रैंकिग में पहले स्थान पर बने हुए हैं। आईसीसी ने
शुक्रवार को यह रैंकिंग जारी की है। कोहली के 873 अंक हैं। वह ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी डेविड वॉर्नर से 12
अंक आगे हैं। कोहली के अलावा इस लिस्ट में
पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (12वें), शिखर धवन (13वें) और रोहित शर्मा शीर्ष 15 में शामिल हैं।
आईसीसी वनडे टीम रैंकिंग में भारत अभी तीसरे नंबर पर है और उसे अपनी पोजिशन पर बने
रहने के लिए आगामी सीरीज को 4-1 से जीतना होगा।
