जिओ कैप्शूल: 5 मिनट में पढ़ें 19 दिसंबर की सभी बड़ी खबरें
दीवार तोड़कर बाहर निकली ड्राइवरलैस मेट्रो, 25 को पीएम को करना है उद्घाटन
______
बीजेपी का विकास का मॉडल खोखला: राहुल गांधी
गुजरात चुनाव के नतीजे आने के एक दिन बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'बीजेपी का विकास मॉडल खोखला है। जब हम गुजरात गए थे तो कहा गया था कि कांग्रेस पार्टी बीजेपी से जीत नहीं रही है। लेकिन, तीन महीने हमने और कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने मेहनत की, जिसका असर देखने को मिला।' न्यूज 18 हिंदी के मुताबिक राहुल ने कहा, 'नतीजे आने के बाद नरेंद्र मोदी ने कहा कि ये विकास की जीत है। जबकि यह अजीब है। उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान विकास, जीएसटी और नोटबंदी की कहीं भी बात नहीं की। यह मोदी जी की क्रेडिबिलिटी पर सवाल खड़ा कर रहा है। क्योंकि वह जो कहते हैं उनके संगठन को तो अपील करता है, लेकिन पूरे देश को नहीं। मोदी ने नॉनस्टॉप भ्रष्टाचार की बात की लेकिन अमित शाह के बेटे और राफेल पर एक शब्द नहीं बोलें। यह उनपर सवाल खड़ा करता है।'______
पाक में सिखों का आरोप, धर्म परिवर्तन के लिए बनाया जा रहा दबाव
पाकिस्तान के हंगु जिले में सिख समुदाय ने सरकारी अधिकारियों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कम्युनिटी का आरोप है कि अफसर उन्हें इस्लाम कबूल करने के लिए दबाव डाल रहे हैं। खैबर-पख्तूनख्वा के हंगु जिले में कम्युनिटी के नेताओं ने डिप्टी कमिश्नर के सामने शिकायत दर्ज करवाई है। उनका कहना है कि तहसील का असिस्टेंट कमिश्नर यकूब खान सिखों को इस्लाम कबूल करने के लिए दबाव डाल रहे हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इसके लिए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को ट्वीट कर इस मुद्दे को पाकिस्तान के समक्ष उठाने की मांग की है। शिकायत करने वाले फरीद चंद सिंह ने मीडिया से कहा, 'अगर किसी ने ऐसे ही कहा होता तो हम इससे प्रभावित नहीं होते। लेकिन आप सरकार की तरफ से इस तरह की चीजें सुनते हैं तो यह गंभीर लगता है।'______
हमारी वजह से मोदी ने जीता गुजरात चुनाव: पाक मीडिया
गुजरात और हिमाचल चुनावों में बीजेपी को बहुमत मिला है। देश ही नहीं विदेशी मीडिया में भी इन चुनावों की चर्चा है। पाकिस्तान के 'डॉन' से लेकर, अमेरिकी हफिंगटन पोस्ट और चीन के ग्लोबल टाइम्स के साथ-साथ टेलीग्राफ ने भी इस चुनावों पर टिप्पणी की है। न्यूज 18 हिंदी की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तानी अखबार 'डॉन' ने गुजरात में बीजेपी की जीत पर लिखा कि फरवरी 2002 में गोधरा में ट्रेन जलाने की घटना पर नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान पर दोष मढ़ा और चुनाव जीत लिया। इसी तरह इस बार भी चुनाव प्रचार के अंतिम समय में उन्होंने पाकिस्तान को बीच में घसीट लिया, जो उनकी जीत में आंशिक रूप से मददगार रहा।' डॉन में बीजेपी के हिमाचल में जीत पर भी राष्ट्रवादी कार्ड खेलने का जिक्र किया गया।______
सदन में बोले विधायक, 'जनता की डांट सुन रहे हैं, पत्नी की भी
सुन लेंगे'
उत्तर प्रदेश विधानसभा में मंगलवार को उस समय हंसी मजाक का माहौल बन गया, जब पहली बार निर्वाचित बसपा के एक विधायक ने हास-परिहास के दौरान कहा कि जनता की डांट सुन रहे हैं, अब पत्नी की भी सुन लेंगे। प्रश्नकाल के दौरान विधायक अनिल सिंह ने कहा, जब उनकी पत्नी ने पूछा कि विधानसभा में जाकर कैसा लग रहा है? तो मैंने पत्नी से कहा कि घटिया अनुभव रहा है।सिंह ने कहा, 'मैं अपना काम धंधा छोड़कर राजनीति में जनसेवा के लिए आया, लेकिन यहां (सदन) का अनुभव घटिया है। हमारी नेता मायावती कहती हैं कि सदन के कामकाज में अनावश्यक रूप से बाधा ना पहुंचाई जाए और आसन के सामने नहीं जाना चाहिए।' विधायक के इस हल्के-फुल्के अंदाज पर अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने मुस्कुराते हुए सवाल किया 'अनुभव सुनकर पत्नी ने क्या बोला?' इस पर सिंह ने बताया, 'उन्होंने मुझसे कहा कि बैठिए और अनुभव हासिल कीजिए।' जवाब पर चुटकी लेते हुए दीक्षित ने मजाकिया लहजे में कहा कि तब तो टीवी पर सीधा प्रसारण देखने के बाद उनकी (पत्नी) डांट सुननी पड़ेगी कि वह (सिंह) खड़े क्यों हुए? इस पर सिंह ने हंसते हुए कहा कि 'जनता की डांट सुन रहे हैं, उनकी (पत्नी) भी सुन लेंगे।' इसके बाद सदन में ठहाके लगने लगे।______
