जिओ कैप्शूल: 5 मिनट में पढ़ें 13 दिसंबर की सभी बड़ी खबरें

एनजीटी ने अमरनाथ यात्रा पर जयकारे लगाने और घंटी बजाने पर लगाई रोक


नैशनल ग्रीन ट्राइब्यूनल ने अमरनाथ यात्रा पर जयकारे, मंत्र और घंटी बजाने पर रोक लगाने का आदेश दिया है। एनजीटी ने अमरनाथ को साइलेंस जोन घोषित करने का आदेश देते हुए कहा कि यह इलाका पर्यावरण की दृष्टि से बेहद संवेदनशील है। आपको बता दें कि पिछले महीने एनजीटी ने अमरनाथ श्राइन बोर्ड को श्रद्धालुओं को पर्याप्त बुनियादी ढांचा उपलब्ध न कराने और इस मामले में दिसंबर के पहले हफ्ते में स्टेटस रिपोर्ट न सौंपने को लेकर फटकार लगाई थी। अमरनाथ श्राइन बोर्ड को फटकार लगाने के बाद ही एनजीटी की ओर से ये आदेश जारी किया गया है। जस्टिस स्वतंत्र कुमार की अध्यक्षता वाली बेंच ने आदेश में कहा कि मंदिर की गुफा में घंटियां नहीं बजाई जाएंगी, आखिरी चेक पोस्ट पर श्रद्धालुओं को मोबाइल फोन समेत अन्य सामान जमा कराना होगा। इसके साथ ही एनजीटी ने कहा कि अमरनाथ में मंत्रोच्चार न हो और न ही जयकारे लगाए जाएं और इस फैसले को सख्ती से लागू किया जाए।
__________

मोहाली वनडे में भारत ने श्रीलंका को हराया, रोहित ने ठोकी
डबल सेंचुरी

टीम इंडिया के कार्यवाहक कप्तान रोहित शर्मा ने बुधवार को मोहाली में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए दूसरे वनडे मैच में दोहरा शतक जड़ा। रोहित के इस शतक से मुकाबला एकतरफा हो गया और भारत ने श्रीलंका को 141 रनों से हराकर तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर दी। तूफानी पारी खेलते हुए रोहित शर्मा ने 153 गेंद में 12 छक्कों और 14 चौकों की मदद से 208 रन बनाए। उनकी इस पारी से भारत चार विकेट पर 392 रन का स्कोर बनाने में सफल रहा। वहीं श्रीलंका ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 251 रन बनाए। रोहित शर्मा को उनकी तीसरे दोहरे शतक वाली पारी के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। भारत और श्रीलंका के बीच तीसरा और आखिरी वनडे 17 दिसंबर (रविवार) को विशाखापट्टनम में खेला जाएगा।
__________

जुबानी जंग के बाद पीएम मोदी और मनमोहन सिंह ने मिलाया हाथ


गुजरात का चुनाव प्रचार थमते के बाद बुधवार को पीएम नरेंद्र मोदी और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का आमना-सामना हुआ। पीएम मोदी ने मनमोहन सिंह का हाथ जोड़कर अभिवादन किया, फिर दोनों ने हाथ मिलाया। मौका था संसद भवन में हुए आतंकी हमले की 16वीं बरसी का। इस दौरान राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, पीएम मोदी, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने संसद भवन में शहीदों को श्रद्धांजलि दी। शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद पीएम मोदी ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह से बड़े गर्मजोशी से मुलाकात की। चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने गुजरात की रैली में मनमोहन सिंह पर कई आरोप लगाए थे।  पीएम ने दावा किया था कि कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने पाकिस्तानियों से मुलाकात की थी। मोदी के इस आरोप का जवाब देते हुए मनमोहन सिंह ने कहा था कि इस बयान के लिए मोदी को माफी मांगनी चाहिए।
__________

गुजरात: दूसरे चरण के मतदान से पहले राहुल का इंटरव्यू प्रसारित, जांच करेगा चुनाव आयोग

कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद राहुल गांधी ने अपना पहला इंटरव्यू दिया है। इस इंटरव्यू के प्रसारित होने के बाद वह चुनाव आयोग के निशाने पर आ गए हैं। राहुल गांधी का यह इंटरव्यू गुजराती चैनल जीएसटीवी पर आया था। इस इंटरव्यू के बाद उन पर यह आरोप लगाया गया था कि उन्होंने चुनाव संहिता का उल्लंघन किया है। ऐसे आरोप के बाद ही चुनाव आयोग ने राहुल के इंटरव्यू की जांच करने का फैसला किया है। इस इंटरव्यू में राहुल गांधी ने पीएम मोदी और बीजेपी को जमकर निशाने पर लिया। बीजेपी ने इसे लेकर चुनाव आयोग से तीन शिकायतें दर्ज कराई हैं। बीजेपी का कहना है कि मतदान से 48 घंटे पहले ऐसा करना गलत है क्योंकि इंटरव्यू भी चुनाव प्रचार के अंतर्गत आता है।
__________

बैंक खातों और पैन से आधार लिंक की समयसीमा 31 मार्च तक बढ़ी


बैंक खातों और पैन कार्ड को आधार से लिंक करने की समयसीमा 3 महीने बढ़ा दी गई है। अब 31 मार्च तक बैंक खाते, म्युचुअल फंड, इंश्योंरेस से आधार को जोड़ा जा सकेगा, पहले 31 दिसंबर की समयसीमा निर्धारित की गई थी। वित्त मंत्रालय ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। मंत्रालय ने अपने ट्वीट में लिखा है कि आधार से बैंकिंग खातों को जोड़ने की आखिरी तारीख 31 मार्च 2018 है। इन नए फैसले के मुताबिक मौजूदा खाते, जो छह महीने से ज्यादा पुराने हैं, उनकी डेडलाइन बढ़ाकर अब 31 मार्च 2018 कर दी गई है। वहीं जो खाते 1 अक्टूबर 2017 के बाद खुले हैं, उन्हें खाता खोलने की तारीख से 6 महीने के अंदर आधार से लिंक करना होगा।
__________