जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बल-आतंकियों की मुठभेड़ में 5 आतंकी ढेर
जम्मू-कश्मीर के बड़गाम जिले में गुरुवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में पांच आतंकवादियों के मारे जाने की खबर है। सुरक्षा के लिहाज से मोबाइल सेवा को अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया है। न्युज 18 इंडिया के मुताबिक, फुटलिपोरा गांव में सुरक्षाबलों ने इन आतंकवादियों को घेरा था। ये सभी आतंकवादी जैश-ए-मोहम्मद के बताए जा रहे हैं। सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच यह मुठभेड़ तड़के 4 बजे शुरू हुई। बता दें कि इससे पहले बड़गाम जिले में सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया था। आतंकियों के पास से एक एसएलआर राइफल, एक पिस्तौल और ग्रेनेड भी बरामद हुए थे। इसके अलावा शोपोर में भी सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें एक आतंकवादी मार गिराया गया।
____________
बेनामी संपत्ति पर प्रहार में आधार होगा बड़ा हथियार: पीएम मोदी
नोटबंदी से कालेधन पर लगाम लगाने के बाद पीएम मोदी के निशाने पर अब बेनामी संपत्ति है। गुरुवार को एक कार्यक्रम में पीएम मोदी ने आधार की खूबियों का जिक्र करते हुए कहा कि अब बेनामी संपत्ति के खिलाफ भी ये एक बड़ा हथियार बनने जा रहा है। हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट में आधार की खूबियों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस सरकार के लिए भ्रष्टाचार मुक्त, लोक केंद्रित और विकास अनुकूल पारिस्थितकी तंत्र विकसित करना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। यह नीतियों, तकनीकि और पारदर्शिता पर आधारित एक ऐसा तंत्र हो जिसमें गड़बड़ी, लीकेज की गुंजाइश कम से कम हो।' उन्होंने कहा, हमारी सरकार में समग्र दृष्टिकोण के साथ फैसले लिए जाते हैं। इस तरह के फैसले पहले नहीं लिए जा रहे थे, इसलिए देश का हर व्यक्ति चिंता में था। वो देश को आंतरिक बुराइयों से मुक्त देखने के साथ ही, नई व्यवस्थाओं के निर्माण को भी होते हुए देखना चाहता था।'
____________
उत्तर प्रदेश में बढ़े बिजली के दाम
उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव खत्म होते ही बिजली के दाम बढ़ गए हैं। यूपी के राज्य विद्युत नियामक आयोग ने बिजली की दरों में बढ़ोत्तरी की घोषणा की है। नई कीमतों के मुताबिक पहली 100 यूनिटों के लिए 3 रूपये और इसके बाद 4.50 रुपये प्रति यूनि़ट के हिसाब से बिल चुकाना होगा। वहीं 150 यूनिट 4.90 रूपये की दर से मिलेगी। 150-300 यूनिट बिजली 5.40 रुपये, 300-500 यूनिट 6.20 रुपये और 500 यूनिट से ऊपर 6.50 रुपये की दर से बिजली मिलेगी। इसके अलावा शहरी व्यावसायिक उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक 7 रुपये प्रति यूनिट, 300 से 1000 यूनिट तक 8 रुपये प्रति यूनिट की दर से भुगतान करना होगा। शहरी व्यावसायिक फिक्स चार्ज 200 से बढ़ाकर 300 रुपये कर दिया गया है। वहीं ग्रामीण अनमीटर्ड कॉमर्शियल उपभोक्ताओं को 1000 रुपये प्रतिमाह देना होगा। पहले ये दर 600 रुपये थी। किसानों को सिंचाई के लिए अब 100 के बजाए 150 प्रति बीएचपी की दर से बिजली मिलेगी।
____________
ट्रंप का ब्रिटिश पीएम को ट्वीट, 'आप मुझ पर नहीं, UK पर ध्यान दें'
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ब्रिटिश पीएम टरीसा मे को एक ट्वीट करते हुए उनकी निंदा की। इस ट्वीट में उन्होंने ब्रिटिश पीएम को सुझाव दिया कि वे उनकी आलोचना की बजाय अपने देश को बचाएं और वहां फैल रहे इस्लामिक आंतकवाद पर ध्यान दें। उन्होंने ट्वीट किया, 'मुझे पर ध्यान न दें। आप विनाशकारी कट्टरपंथी इस्लामिक आतंकवाद पर ध्यान दें जो कि यूनाइटेड किंगडम में जगह बना रहा है। हम सब बेहतर कर रहे हैं।' गौरतलब है कि टरीसा मे के प्रवक्ता ने कहा था कि ट्विटर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा अति दक्षिणपंथी समूह से संबंधित विवादित मुस्लिम विरोधी वीडियो को रीट्वीट करना गलत है।
____________
जायसी की रचना पर आधारित है 'पद्मावती': भंसाली
अपनी फिल्म पद्मावती को लेकर संसदीय समिति के सामने पेश हुए फिल्म के निर्देशक संजय लीला भंसाली ने कहा कि फिल्म का इतिहास से कोई लेना-देना नहीं है। फर्स्टपोस्ट हिंदी ने सूत्रों के हवाले से दी गई अपनी एक रिपोर्ट में लिखा कि प्राप्त जानकारी के मुताबिक भंसाली ने बैठक में कहा कि यह फिल्म मलिक मुहम्मद जायसी की रचना पर आधारित है। इसका मतलब ये है कि भंसाली की फिल्म 'पद्मावती' पूरी तरह से काल्पनिक है। भंसाली ने समिति से कहा, 'जो भी उस किताब में लिखा गया है वही फिल्म में भी दिखाया गया है।' भंसाली ये सारी बातें पार्लियामेंट्री समिति के 30 सदस्यीय पैनल के सामने बोल रहे थे। इस बैठक में फिल्म के प्रोड्यूसर्स और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधिकारी भी मौजूद थे।
____________
चंड़ीगढ़ रेप पर किरण खेर ने पीड़िता को ही दी नसीहत, विवाद
लोकसभा सांसद किरण खेर ने चंडीगढ़ रेप मामले पर विवादित बयान दिया है। किरण खेर ने रेप पीड़िता को नसीहत देते हुए कहा कि उसे ऑटोरिक्शा में ही नहीं बैठना चाहिए था। मैं ऐसा लड़की की सुरक्षा के लिए ही कह रही हूं। इस बयान के बाद वह आलोचकों के निशाने पर आ गईं। बयान पर विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने कहा कि उनके बयान पर राजनीति की जा रही है। मैंने को इतना बी कहा था कि जमाना खराब है इसलिए लड़कियों को एहतियात बरतना चाहिए। किरण खेर ने अपने बारे में बताते हुए लिखा, 'जब हम मुंबई में रहते थे और कहीं जाने के लिए टैक्सी लेते थे, तो अपनी सुरक्षा के लिए जो भी साथ में पहुंचाने आता था उसे टैक्सी का नंबर लिखा देते थे। क्योंकि हम अपनी सुरक्षा चाहते थे।' बता दें कि मोहाली में पीजी में रहने वाली 22 वर्षीय एक लड़की से 17 नवंबर की रात ऑटो ड्राइवर और उसके दो साथियों ने गैंगरेप किया था। पुलिस इस मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
______________