जिओ कैप्शूल: 5 मिनट में पढ़ें 6 अक्टूबर की सभी बड़ी खबरें

भारतीय वायुसेना का हेलीकॉप्टर क्रैश, 7 लोगों की मौत


अरुणाचल प्रदेश में शुक्रवार को भारतीय वायु सेना का एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। इंडियन एयरफोर्स के प्रवक्ता के मुताबिक, इस हादसे में कुल 7 लोगों की मौत हो गई। हेलीकॉप्टर में 7 लोग ही सवार थे। हादसा अरुणाचल के तवांग इलाके में हुआ। हादसा तकरीबन सुबह 6:30 के आसपास हुआ। हादसे की वजह हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी को बताया जा रहा है।

अरुणाचल का तवांग इलाका काफी पहाड़ी और बर्फीला है। यहां के मौसम को लेकर ठीक-ठीक अनुमान लगा पाना काफी मुश्किल है। एएनआई के मुताबिक इंडियन एयरफोर्स का MI-17 वी5 एयर मेंटेनेंस मिशन पर था। मामले की जांच की जा रही है।

इस हेलिकॉप्टर को दुनिया के कुछ एडवांस मिलिट्री ट्रांसपोर्ट हेलीकॉप्टरों में से एक माना जाता है। भारत के पास इस वक्त तीन Mi-17V-5 है।
_______________________________________


एमडीआर रेट हटाएगी सरकार, ट्रेन टिकट होगा सस्‍ता!

रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि आने वाले कुछ दिनों में यात्रियों को ऑनलाइन टिकट बुक करने पर कम पैसे देने पड़ेंगे। जिसका सीधा फायदा ऑनलाइन टिकट बुकिंग कराने वाले यात्रियों को मिलेगा।

पिछले दिनों जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में करीब 30 फीसदी रेल टिकट ऑनलाइन बुक किए जाते हैं। दरअसल सरकार मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) चार्ज हटाने पर विचार कर रही है। इस चार्ज को आईआरसीटीसी रेल यात्रियों से ऑनलाइन टिकट बुकिंग पर यात्रियों से लेती है।

ऑनलाइन डेबिट और क्रेडिट कार्ड से टिकट बुक करने वालों को यह चार्ज देना होता है। रेल मंत्री ने कहा कि इस चार्ज को खत्‍म करने के लिए वह बैंकों से भी बात कर रहे हैं और जल्‍द ही यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
_______________________________________


कालाधन: 5800 संदिग्‍ध कंपनियों के लेन-देन का चला पता

फर्जी कंपनियों के जरिए कालेधन को सफेद करने को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। नोटबंदी के बाद संदिग्‍ध ट्रांजेक्‍शन के बारे में 13 बैंकों ने अहम आंकड़े सरकार को दिए हैं। इससे पता चलता है कि कालेधन को सफेद करने के लिए फर्जी कंपनियों का सहारा लिया गया था।

कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय ने जानकारी दी कि उसे उन 2 लाख 9 हजार 32 संदिग्ध कंपनियों में से 5,800 कंपनियों के बैंक ट्रांजेक्शन की जानकारी मिल गई है, जिनका रजिस्ट्रेशन कैंसिल कर दिया गया है। सरकार ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि इस साल शुरुआत में 2,09,032 संदिग्ध कंपनियों का रजिस्ट्रेशन रद्द किया गया है।

पिछले महीने सरकार ने दो लाख से ज्यादा कंपनियों के बैंक अकाउंट के ट्रांजेक्शन पर रोक लगा दी थी। इन कंपनियों में नोटबंदी से पहले सिर्फ 22 करोड़ रुपये जमा थे, जबकि नोटबंदी के बाद इनमें कुल 4573 करोड़ रुपये जमा हो गए।
_______________________________________


मौत की सजा के तरीके पर SC ने सरकार से मांगा जवाब

सुप्रीम कोर्ट ने मौत की सजा पाने वाले मुजरिम को मृत्यु होने तक फांसी पर लटकाने के कानूनी प्रावधान को चुनौती देने वाली याचिका पर केंद्र से जवाब मांगा।

प्रधान न्यायाधीश दीपक मिश्रा, न्यायमूर्ति ए एम खानविलकर और न्यायमूर्ति धनन्जय वाई चंद्रचूड़ की तीन सदस्यीय खंडपीठ ने मौत की सजा पर अमल के लिए मृत्यु होने तक फांसी पर लटकाने के वर्तमान तरीके के खिलाफ दायर जनहित याचिका पर केंद्र को नोटिस जारी किया। केंद्र को तीन सप्ताह के भीतर नोटिस का जवाब देना है।

जनहित याचिका दायर करने वाले वकील ऋषि मल्होत्रा ने दलील दी है कि संविधान के अनुच्छेद 21 में प्रदत्त जीने के अधिकार में मौत की सजा के निर्णय पर कैदी पर सम्मानजनक तरीके से अमल का अधिकार भी शामिल है ताकि मृत्यु कम पीड़ादायक हो।
_______________________________________


बीमार पति से मिलने के लिए शशिकला को मिली 5 दिनों की पैरोल

जेल में बंद शशिकला को शुक्रवार को 5 दिनों की पैरोल मिल गई। शशिकला ने अपने बीमार पति को देखने के लिए 15 दिनों की पैरोल मांगी थी लेकिन उन्हें बस 5 दिन की ही छूट मिल पाई है।

बता दें कि शशिकला के पति एम नटराजन की तबियत खराब है। हाल ही में उन्होंने अपना किडनी ट्रांसप्लांट कराया है। पति की तबीयत का हवाला देते हुए शशिकला ने जेल से छुट्टी की मांग की थी।

आय से अधिक संपत्ति के मामले में दोषी करार दी गईं शशिकला इस वक्त बेंगलुरु के सेंट्रल जेल में बंद हैं। आदेश है कि शशिकला को इन 5 दिनों की छूट में नेताओं से मिलने की छूट नहीं होगी। इसके पहले शशिकला के भतीजे टीटीवी दिनाकरण भी बेंगलुरु सेंट्रल जेल पहुंचे थे।
_______________________________________


करवा चौथ व्रत के खिलाफ हैं अधिकांश भारतीय पुरुष

अधिकांश भारतीय पुरुष अपनी पत्नी द्वारा करवाचौथ का व्रत रखे जाने के खिलाफ हैं, जो रविवार को पड़ रहा है। एक सर्वेक्षण में इस बात का खुलासा हुआ है। यह सर्वे 'शादी डॉट कॉम' ने व्रत रखने की प्रथा पर पुरुषों का दृष्टिकोण जानने के लिए कराया है।

पुरुषों से जब पूछा गया कि अगर उनकी पत्नी उनके लिए व्रत रखती है तो क्या वे भी उनके लिए व्रत रखेंगे तो 61 फीसदी पुरुषों ने 'हां' में जवाब दिया, जबकि 39 फीसदी पुरुषों ने 'नहीं' कहा।

वहीं, 93 फीसदी पुरुषों ने कहा कि वे नहीं चाहते कि उनकी पत्नी उनके लिए व्रत रखें और इसे अलग अंदाज में मनाना चाहेंगे। इस ऑनलाइन सर्वेक्षण में 24 से 40 साल की उम्र के बीच 6,537 भारतीय पुरुषों ने प्रतिक्रिया दी।
________________________________________

U-17 फुटबॉल वर्ल्डकप में 3-0 से हारा भारत

भारत को फीफा अंडर-17 विश्व कप के पहले मैच में अमेरिका के हाथों 3-0 से हार का सामना करना पड़ा। अमेरिका ने पहले हाफ में एक गोल किया, जबकि दूसरे हाफ में दो गोल दागे। भारतीय टीम एक भी गोल नहीं कर पाई।

मैच का पहला गोल अमेरिका के कप्तान जोस सर्जेट ने 30वें मिनट में किया। दूसरे हाफ में 51वें मिनट में क्रिस डर्किन और 84वें मिनट में एंड्रयू कार्लेटोन ने गोल दागे। अमेरिका ने पूरे मैच में भारत पर दबाव बनाए रखा। भारतीय टीम ने भी कुछ करीबी मौके बनाए, लेकिन वह उन्हें गोल में तब्दील नहीं कर सकी।

ये मैच दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मैच हो रहा था। आने वाले दिनों में कोलंबिया और घाना जैसी फुटबॉल की दिग्गज टीमों से भी भारत के मैच होने हैं।