जियो कैप्शूल: 5 मिनट में पढ़ें 10 अक्टूबर की सभी बड़ी खबरें

गुजरात, महाराष्ट्र में पेट्रोल-डीजल हुआ 2 रुपये तक सस्ता

गुजरात सरकार ने मंगलवार को प्रदेश की जनता को राहत देते हुए राज्य में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वैट की कटौती की। इस फैसले के बाद महाराष्ट्र सरकार ने भी तेल की कीमतों पर वैट कम कर दिया। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी वैट में 4% की कटौती का ऐलान करते हुए कहा कि इससे पेट्रोल की कीमतें 2.93 रुपये/लीटर और डीजल 2.73 रुपये/लीटर कम हो जाएंगी। गुजरात ऐसा करने वाल पहला राज्य बन गया। इस कटौती के बाद गुजरात में अब पेट्रोल की नई कीमत 67.03 रुपये होगी। वहीं, डीजल 60.77 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। उधर गुजरात के पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र में कैबिनेट मीटिंग के बाद पेट्रोल दो रुपये और डीजल एक रुपये सस्ता हो गया है। नई कीमत आज आधी रात से लागू हो जाएगी। इससे पहले केंद्र ने राज्यों से तेल पर वैट के रेट में कटौती करने की अपील की थी।
_____________________________________________

एयर इंडिया की हो सकती है 'घर वापसी'

टाटा ग्रुप सार्वजनिक क्षेत्र की एयरलाइंस कंपनी एयर इंडिया को खरीदने की तैयारी कर रहा है। टाटा संस के चेयरमैन बनने के बाद दिए अपने पहले इंटरव्यू में एन चंद्रशेखरन ने कहा है कि वो एयर इंडिया पर सोच समझकर फैसला लेंगे। उन्होंने कहा कि फिलहाल एयर इंडिया के कर्ज और स्ट्रक्चर पर जानकारी कम है जिसे समझने के बाद एयर इंडिया पर फैसला लिया जाएगा। सीएनबीसी-टीवी 18 को दिए इंटरव्यू में एन चंद्रशेखरन ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि टाटा ग्रुप की पहले से दो एयरलाइंस हैं, लेकिन सिर्फ 15-20 एयरक्राफ्ट से काम नहीं हो सकता। एयरइंडिया की स्थापना करने वाले टाटा ग्रुप को 1946 में राष्ट्रीयकरण के बाद विमानन कंपनी का नियंत्रण मजबूरन छोड़ना पड़ा था।
_____________________________________________

हरियाणा पुलिस को मिली राम-रहीम को जेल से भगाने की धमकी

हरियाणा के डीजीपी बीएस संधू के पास एक धमकीभरा फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने रोहतक के सुनारिया जेल में बंद गुरमीत राम रहीम को जेल से भगाने की धमकी दी है। उनसे राम रहीम को रिहा करने की मांग की गई है, फोन पर कहा गया कि रिहा नहीं करने पर 72 घंटों के भीतर उसे जेल से भगा लिया जाएगा। सूत्रों की मानें तो पुलिस महानिदेशक ने राज्य के गृह सचिव एसएस प्रसाद और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को इस धमकी भरे फोन की जानकारी दे दी है। हालांकि संधू ने सीधे तौर पर इस तरह का फोन कॉल आने की बात से इनकार किया है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस महानिदेशक को रविवार देर रात फोन आया। जिस नंबर से फोन किया गया था वह अभी बंद है। वहीं मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस महानिदेशक व गृह सचिव ने सुनारिया जेल की सुरक्षा बढ़ा दी है।
_____________________________________________

अरुणाचल में आर्मी कैंप पर आतंकी हमला, कोई नुकसान नहीं

अरुणाचल प्रदेश के एक आर्मी कैंप पर मंगलवार को (1.15 AM) तड़के हथियारों से लैस आतंकियों ने हमला कर दिया। रिपोर्टों के अनुसार आतंकियों ने लांगडिंग जिले के नियाउसा में स्थित भारतीय सेना के कैंप पर तड़के 1.15 AM बजे गोलीबारी की। सेना ने आतंकियों की गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। अभी तक दोनों तरफ से किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि अज्ञात उग्रवादियों ने देर रात लगभग सवा बजे लांगडिंग जिले में नियाउसा स्थित सैन्य प्रतिष्ठान पर गोलीबारी की और ग्रेनेड फेंका। वहीं पुलिस ने इस हमले के पीछे नगा उग्रवादी संगठन एनएससीएन खपलांग गुट का हाथ होने की आशंका जताई है।_____________________________________________

अयोध्या: भगवान राम की 100 मीटर ऊंची मूर्ति बनेगी

योगी सरकार अयोध्या में भगवान राम की विशाल मूर्ति बनाने की तैयारी कर रही है। यह मूर्ति सरयू नदी के किनारे बनवाई जाएगी। इसकी ऊंचाई 100 मीटर होगी। 'नव्य अयोध्या' प्लान के तहत योगी सरकार इस पर जल्द ही काम शुरू करना चाहती है। राज्य पर्यटन विभाग यूपी में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना चाहता है। ऐसे में पर्यटन विभाग ने सरयू तट पर भगवान राम की मूर्ति बनवाने का एक प्रेजेंटेशन राज्यपाल राम नाईक को भी दिखाया है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) से मंजूरी मिलने के बाद मूर्ति बनवाने का काम शुरू होगा। सरयू तट पर राम की मूर्ति के अलावा एक राम कथा गैलरी भी बनवाने का प्रपोजल है।
_____________________________________________

महिलाओं के कपड़े देखना कांग्रेस के संस्कार: आनंदी बेन

राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ की शाखाओं में महिलाओं के शॉर्ट्स पहनने के कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी हमलावर हो गई है। गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदी बेन ने कहा, 'राहुल गांधी ने जो बोला है कि आरएसएस की सभाओं में महिलाएं शॉर्ट्स पहनकर नहीं जातीं। मुझे इतना ही पूछना है कि क्या आपकी दृष्टी ऐसी ही है, क्या कांग्रेस की दृष्टि ऐसी ही है। क्या आप महिला के सामने ही देखते रहते हो कि उसने क्या पहना है और क्या नहीं पहना है। ये गुजरात की महिलाओं का अपमान किया है आपने। आप वो शब्द अब वापस लो, महिलाओं से माफी मांगो, नहीं तो पूरे गुजरात की महिलाएं इकट्ठी हो जाएंगी और गुजरात में रही सही सीट भी आप खो दोगे।' राहुल ने एक बयान में कहा था कि बीजेपी महिलाओं की बोलने की पक्षधर नहीं है। उन्होंने कहा था, 'आरएसएस में कितनी महिलाएं हैं। कभी शाखा में महिलाओं को शॉर्ट्स में देखा है? मैंने तो नहीं देखा।'
_____________________________________________